देश

अगले 36 घंटे में और विकराल होगा Cyclone Biparjoy, गुजरात के तटीय इलाकों में अलर्ट

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Jun 9, 2023, 07:35 AM IST

Cyclone Biparjoy Update : मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि देश में होने वाली सामान्य बारिश पर चक्रवात का असर नहीं देखने को मिलेगा। आईएमडी ने अपने बुधवार के बुलेटिन में कहा कि जहां चक्रवात के मद्देनजर तेज हवाएं चलेंगी, वहीं केरल, कर्नाटक और गोवा के कोंकण तट पर 12 जून तक तूफानी मौसम रहेगा।

Image

चक्रवात को देखते हुए सरकारी एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।

Photo : PTI

Cyclone Biparjoy Update : अत्यंत भीषण रूप ले चुका चक्रवात बिपरजॉय गोवा और मुंबई की तरफ बढ़ रहा है। अरब सागर से उठे इस चक्रवात पर मौसम विभाग (IMD) ने ताजा अपडेट दिया है। आईएमडी का कहना है कि अभी यह चक्रवात अरब सागर के पूर्वमध्य क्षेत्र के ऊपर है। यह गोवा के पश्चिम एवं दक्षिणपश्चिम तट से करीब 840 किलोमीटर और मुंबई के पश्चिम-दक्षिणपश्चिम तट से 870 किलोमीटर दूर है। विभाग ने अगले 36 घंटे में इसके और विकराल होने का अनुमान जताया है। चक्रवाती तूफान अगले दो दिनों में उत्तर-उत्तरपश्चिम के और करीब आएगा।

NDRF-सरकारी एजेंसियां अलर्ट

इस चक्रवात के रूप और रफ्तार को देखने के बाद भारत में एनडीआरएफ एवं सरकारी एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। गुजरात में समुद्र से लगे क्षेत्रों में मछुआरों तट पर लौटने के लिए कहा गया है। बंदरगाहों को चेतावनी संकेत जारी किया गया है। आईएमडी के मुताबिक पूर्व-मध्य अरब सागर के ऊपर बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान ‘बिपरजॉय’ वर्तमान में पोरबंदर से 930 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में केंद्रित है और उत्तर-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ रहा है।

cyclone

cyclone

केरल के मानसून पर चक्रवात का असर नहीं

मौसम विभाग ने अनुमान जताया था कि चक्रवात बिपरजॉय केरल के मानसून को प्रभावित और उसके आगे बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा कर सकता है लेकिन मानसून ने गुरुवार को केरल में दस्तक दे दी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि देश में होने वाली सामान्य बारिश पर चक्रवात का असर नहीं देखने को मिलेगा। आईएमडी ने अपने बुधवार के बुलेटिन में कहा कि जहां चक्रवात के मद्देनजर तेज हवाएं चलेंगी, वहीं केरल, कर्नाटक और गोवा के कोंकण तट पर 12 जून तक तूफानी मौसम रहेगा। चक्रवात को देखते हुए कर्नाटक में भी एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को अलर्ट कर दिया गया है।

गुजरात में मछुआरों को वापस लौटने को कहा

अहमदाबाद में आईएमडी के मौसम विज्ञान केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा, ‘चक्रवात के कारण 10,11 और 12 जून को हवा की गति 45 से 55 समुद्री मील प्रति घंटे तक जा सकती है। इस दौरान हवा की गति 65 समुद्री मील के निशान को भी छू सकती है। चक्रवात के कारण दक्षिणी गुजरात और सौराष्ट्र सहित तटीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। सभी बंदरगाहों को दूरस्थ चेतावनी संकेत जारी करने के लिए कहा गया है।’ एक वरिष्ठ नौकरशाह ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 15 और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की 11 टीमों को गुजरात में राहत कार्यों के लिए तैयार रखा गया है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article