Covid
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने दी सरकार के कदमों की जानकारी
पुराने अनुभवों से सीख लेते हुए केंद्र एवं राज्य सरकारें किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहतीं। राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अपने यहां कोरोना की स्थिति एवं किसी भी हालत से निपटने की अपनी तैयारियों की समीक्षा की है। कोविड से जुड़ी टीमों एवं विभागों को तैयार रहने के लिए कहा गया है। इस बीच केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कोविड की रोकथाम के लिए सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी है।

Corona crisis
सुदूर इलाकों में ड्रोन से पहुंचाई जा रही दवाएं-वैक्सीन
शुक्रवार को मीडिया के साथ बातचीत में सिंधिया ने बताया कि देश में कोरोना की 220 करोड़ डोज लगाई जा चुकी है। देश में कोविड के चार अन्य वैक्सीन का निर्माण किया जा रहा है। कोरोना के खिलाफ लड़ाई जारी रखने के लिए सरकार ने 38 हजार करोड़ रुपए के बजट की भी व्यवस्था की है। देश के सुदूर इलाकों में रक्त, दवाएं एवं वैक्सीन पहुंचाने के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि चीन में कोरोना संक्रमण में आए उछाल पर सरकार की करीबी नजर है।

Corona Crisis
संक्रमण से चीन के हालात बदतर
बता दें कि चीन सहित जापान, दक्षिण कोरिया, अमेरिका और ब्राजील में कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी से उछाल आया है। चीन में कोरोना सबसे भयावह रूप ले चुका है और तांडव मचा रहा है। मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि संक्रमण की वजह से वहां हर रोज 5000 लोगों की मौतें हो रही हैं और संक्रमण के रोजाना 10 लाख मामले आ रहे हैं। अस्पतालों में मरीजों को बिस्तर नहीं मिल पा रहा है। वहां लाशों के ढेर लगे हुए हैं। दुकानों में बुखार एवं कोरोना के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की किल्लत हो गई है। चीन के लोग सोशल मीडिया पर अपना दुख एवं परेशानी शेयर कर रहे हैं।

Corona Crisis
कोरोना अब भारत के लिए बड़ा खतरा नहीं-एक्सपर्ट
चीन में कोरोना के प्रकोप सरकार सतर्क एवं सजग है लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञ इसे भारत के लिए बड़ा खतरा नहीं मान रहे हैं। बीएफ.7 स्वरूप को लेकर जारी आशंकाओं को दूर करते हुए एक प्रमुख वैज्ञानिक ने शुक्रवार को कहा कि बीएफ.7 ओमिक्रोन स्वरूप का एक उपस्वरूप है और भारत को अपनी आबादी पर इसके संभावित प्रकोप को लेकर ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है।

Corona Crisis
बेंगलुरु स्थित टाटा इंस्टीट्यूट फॉर जेनेटिक्स एंड सोसाइटी (टीआईजीएस) के निदेशक राकेश मिश्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में हालांकि, आगाह किया कि मास्क पहनने और भीड़ में अनावश्यक जाने से बचने की सलाह को हमेशा मानना चाहिए।
