देश

Punjab News:पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ यौन उत्पीड़न मामले में अदालत ने जारी किया नोटिस

पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ यौन उत्पीड़न मामले में अदालत ने नोटिस जारी किया है, इस मामले को लेकर 23 अक्टूबर को अगली सुनवाई होगी।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

पंजाब सरकार में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के मामले में अदालत ने नोटिस जारी किया। यह मामला आम आदमी पार्टी की पटियाला महिला विंग की पूर्व प्रधान श्वेता जिंदल की शिकायत से जुड़ा हुआ है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 23 अक्टूबर को होगी।

पूर्व प्रधान श्वेता जिंदल ने अदालत में दायर अपनी शिकायत में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के साथ उनके पुत्र और उनके कार्यालय इंचार्ज पर भी अनुचित व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं।

जिंदल का दावा है कि उन्हें पार्टी में काउंसलर का टिकट देने का लालच देकर उनके साथ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया गया। उन्होंने कहा कि मुझे इन लोगों ने मिलकर परेशान किया था, जिसके बाद मुझे अदालत में शिकायत करनी पड़ी है।

यह शिकायत भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं, जिनमें 114, 115(2), 56, 61, 74, 75(1)(i)(ii), 76, 78, 79, 351(1), 351(2), 351(3), 351(4), 356(1), 356(2), और 3(5) शामिल हैं, इसी के तहत दर्ज की गई है। अदालत ने शिकायत को लिखने और सुनवाई की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है।

अदालत द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यह 'समन' नहीं है। भारतीय न्याय संहिता प्रक्रिया संहिता 2023 की धारा 223(1) के प्रावधानों के तहत आरोपी पक्ष को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा। आरोपी की व्यक्तिगत उपस्थिति और जमानत का प्रश्न समन आदेश पारित होने के बाद ही उठेगा। अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई 23 अक्टूबर को निर्धारित की है और सभी आरोपी पक्षों को नोटिस जारी करने का आदेश दिया है।

यह हाई-प्रोफाइल मामला न केवल राज्य की राजनीति में बड़ी हलचल पैदा कर रहा है, बल्कि स्वास्थ्य मंत्री और सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी की छवि पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

एजेंसी इनपुट

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article