देश

Cough Syrup Deaths: 'तमिलनाडु सरकार नहीं कर रही सहयोग...' , मध्य प्रदेश सीएम मोहन यादव का आरोप

Cough syrup Child Deaths: कफ सिरप पीने के बाद अब तक 22 बच्चों की किडनी फेल होने के संदेह में मौत हो चुकी है, जिनमें से ज़्यादातर मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के हैं।

Image

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव (फाइल फोटो: canva)

Cough syrup Child Deaths Update: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को आरोप लगाया कि दक्षिणी राज्य में निर्मित कफ सिरप के सेवन से उनके राज्य के 22 बच्चों की मौत से जुड़ी जाँच में तमिलनाडु सरकार सहयोग नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बच्चों के जीवन से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शेगी और उन्होंने तमिलनाडु सरकार से इस प्रकरण में 'ठोस कदम' और 'उचित कार्रवाई' करने का आग्रह किया। यादव ने गुरुवार को नागपुर के अस्पतालों का दौरा किया और तमिलनाडु में निर्मित कोल्ड्रिफ कफ सिरप के सेवन के बाद वहाँ इलाज करा रहे बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली।

कफ सिरप पीने के बाद अब तक 22 बच्चों की किडनी फेल होने के संदेह में मौत हो चुकी है, जिनमें से ज़्यादातर मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के हैं। मध्य प्रदेश पुलिस ने गुरुवार तड़के तमिलनाडु स्थित श्रीसन फार्मा ( Sresan Pharma) के मालिक रंगनाथन को गिरफ्तार कर लिया और कांचीपुरम स्थित उसकी फैक्ट्री से कुछ दस्तावेज भी ज़ब्त कर लिए।

'दवा की पूरी प्रक्रिया की जिम्मेदारी दवा कंपनी की थी'

नागपुर स्थित एम्स और सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के दौरे के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री यादव ने कहा, 'मध्य प्रदेश पुलिस ने तमिलनाडु के लोगों को गिरफ्तार किया है। हालाँकि, तमिलनाडु सरकार उस तरह से सहयोग नहीं कर रही है जैसा उसे करना चाहिए। वहाँ के औषधि नियंत्रक से संबंधित दवा की उचित रिपोर्ट अपेक्षित है।' उन्होंने कहा कि दवा की पूरी प्रक्रिया की जिम्मेदारी दवा कंपनी की थी।

तमिलनाडु स्थित दवा कंपनी का मालिक गिरफ्तार

यादव ने आगे कहा, 'मध्य प्रदेश सरकार ने दवा के रैंडम नमूनों की जाँच में लापरवाही बरतने के आरोप में औषधि नियंत्रक और सहायक औषधि नियंत्रक को निलंबित कर दिया है। हमने तुरंत एक एसआईटी गठित की और पुलिस ने तमिलनाडु स्थित दवा कंपनी के मालिक को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन जहाँ ये दवाएँ बनती हैं, वहाँ की सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए और उचित कार्रवाई करनी चाहिए।' मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि इलाज के दौरान (बच्चों को) दी जाने वाली दवा ही इसके लिए ज़िम्मेदार है, जो कि एक निर्माण संबंधी गलती है। इस मामले में कांग्रेस की आलोचना के बारे में पूछे जाने पर यादव ने कहा, 'अगर राहुल गांधी चाहें, तो उन्हें तमिलनाडु जाकर खुद देखना चाहिए और वहाँ की सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करना चाहिए।'

'सरकार (मौतों के लिए) जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शेगी'

उन्होंने कहा, 'हमारी सरकार (मौतों के लिए) जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शेगी और दोषियों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।' नागपुर रवाना होने से पहले भोपाल में पत्रकारों से बात करते हुए, जहाँ मध्य प्रदेश के कुछ बच्चों का इलाज चल रहा है, मुख्यमंत्री यादव ने कहा, 'हमारी सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। मासूम बच्चों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। छिंदवाड़ा में मासूम बच्चों से जुड़ी इस दुखद घटना ने हमें बहुत दुखी किया है।'

एक विशेष जाँच दल (SIT) के गठन का आदेश

उन्होंने कहा, 'जैसे ही यह मामला सामने आया, हमने एक विशेष जाँच दल (SIT) के गठन का आदेश दिया। मध्य प्रदेश पुलिस की एसआईटी ने जहरीली दवा बनाने वाली दवा कंपनी के मालिक रंगनाथन को चेन्नई से गिरफ्तार कर लिया।' उन्होंने आगे कहा, 'राज्य सरकार बच्चों की ज़िंदगी से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शेगी। यह कार्रवाई हमारी सरकार की संवेदनशीलता, तत्परता और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।'

राज्य में कोल्ड्रिफ कफ सिरप पर प्रतिबंध

तमिलनाडु सरकार ने फैक्ट्री को सील कर दिया था, क्योंकि कथित तौर पर इस फैक्ट्री में बने 'दूषित' कफ सिरप के सेवन से मध्य प्रदेश के बच्चों की मौत हो गई थी। सरकार ने 1 अक्टूबर से राज्य में कोल्ड्रिफ कफ सिरप पर प्रतिबंध लगा दिया था और बाजार से दवा का स्टॉक हटाने का आदेश दिया था।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!