LIVE

कोरोना वायरस: भारत में JN.1 के कुल कितने मामले? कई देशों में कहर

कोरोना वायरस: भारत में JN.1 के कुल कितने मामले? कई देशों में कहर

कोरोना वायरस: भारत में JN.1 के कुल कितने मामले? कई देशों में कहर

कोरोना अपडेट्स, Covid19 News Today (कोरोना वायरस न्यूज़): त्यौहारों और सर्दियों के मौसम से ऐन पहले कोरोना वायरस चिंता के सबब के रूप में बनकर सामने आया है। दुनिया भर के करीब 40 से अधिक मुल्कों के साथ इंडिया में भी इसके नए स्ट्रेन जेएन.1 के मामलों में तेजी के बीच सरकारें अलर्ट हो चुकी हैं। शुक्रवार (22 दिसंबर, 2023) को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारत में कोविड-19 मामलों की एक्टिव केस की संख्या 2997 तक पहुंच चुकी है, जबकि देश में यह आंकड़ा गुरुवार तक 2669 था। देश के 90 फीसदी मामले दक्षिण भारतीय सूबे केरल से हैं। इस बीच, क्रेडिट रेटिंग एजेंसी केयरएज रेटिंग की हालिया रिपोर्ट में बताया गया कि कोविड-19 के बाद वैश्विक कर्ज में वृद्धि एक बड़ी चिंता का विषय है। यह 2022 में 92 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया, जो वैश्विक जीडीपी का लगभग 92 प्रतिशत है। नीचे, कार्ड सेक्शन में जानिए कोरोना से जुड़े ताजा अपडेट्स और स्थिति:

DEC 22, 2023 22:47 IST

तेलंगाना में कोविड​​-19 के नौ नए मामले सामने आए

तेलंगाना में शुक्रवार को कोविड-19 के नौ नए मामले सामने आए, जिनमें से आठ मामले हैदराबाद और एक मामला रंगारेड्डी में सामने आया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक, उपचाराधीन मरीजों की कुल संख्या 27 है।
DEC 22, 2023 22:26 IST

नीतीश कुमार ने कोरोना स्थिति की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने देश के कई हिस्सों में हाल में कोरोना मामलों में बढ़ोतरी के मद्देनजर शुक्रवार को यहां एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव सहित एवं शीर्ष सरकारी अधिकारी भी शामिल हुए। यादव के पास स्वास्थ्य विभाग का प्रभार भी है। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि हाल में ओमिक्रॉन परिवार के जेएन 1 वेरिएंट के कई मामले देश में मिले हैं। उनका कहना था कि बिहार में भी कोरोना के दो ऐसे मामले आये हैं, जो राज्य में बाहर से आए लोगों में मिला है। उन्होंने बताया कि कोरोना के ये दोनों मरीज घरों में पृथकवास में हैं और स्वस्थ हैं।
DEC 22, 2023 21:55 IST

COVID-19 LIVE Updates: छत्तीसगढ़ सरकार कोरोना को लेकर सतर्क

देश में कोेरोना के बढ़ते मामलों को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार सतर्क हो गई है। स्वास्थ्य अमले को निर्देश दिए गए हैं कि संभावित लक्षण वाले लोगों के ज्यादा से ज्यादा नमूने लिए जाएं और उनकी जांच की जाए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी कलेक्टरों से पहली बार मुखातिब होते हुए स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और सभी कलेक्टरों के साथ प्रदेश में कोरोना की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने देश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए इससे बचाव और रोकथाम के लिए भारत सरकार की गाइडलाइंस का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कोरोना के संभावित लक्षण वाले लोगों के सैंपल की जांच प्रतिदिन ज्यादा-ज्यादा संख्या में करने को कहा।
DEC 22, 2023 20:58 IST

उत्तर प्रदेश ने कोविड के इलाज और वैक्सीनेशन में पेश‌ की नजीर : ब्रजेश पाठक

यूपी के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में केजीएमयू के 119वां स्थापना दिवस समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कोविड की रोकथाम से लेकर वैक्सीनेशन तक में यूपी में शानदार काम किया है। कई देशों में पर्चियों पर कोविड मरीजों को इलाज मुहैया कराया गया। यूपी में कोविड के इलाज से लेकर वैक्सीनेशन तक के आंकड़े ऑनलाइन हैं।
DEC 22, 2023 19:57 IST

COVID-19 Tracker: कर्नाटक सतर्क

कर्नाटक सरकार ने कोविड-19 प्रबंधन के लिए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव की अध्यक्षता में कैबिनेट की चार सदस्यीय उप-समिति का बृहस्पतिवार को गठन किया। इस उप समिति में राव के अलावा समाज कल्याण मंत्री डॉ. एच सी महादेवप्पा, चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. शरण प्रकाश पाटिल और उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. एम सी सुधाकर हैं। समिति कोविड-19 को फैलने से रोकने संबंधी कदमों की निगरानी करेगी, जो एक बार फिर लोगों के बीच डर पैदा कर रहा है।
DEC 22, 2023 18:40 IST

COVID-19 LIVE Updates: जेएन.1 के कितने मामले

ANI को मिली आधिकारिक स्त्रोत के अनुसार 21 दिसंबर तक भारत में कुल 22 जेएन.1 कोविड सबवैरिएंट के मामले सामने आए। अब तक कोविड ​​​​-19 का कोई क्लस्टरिंग रिपोर्ट नहीं किया गया है, सभी मामलों में हल्के लक्षण हैं।
DEC 22, 2023 17:35 IST

मुंबई कोविड केंद्र घोटाला मामला

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को कहा कि उसने धन शोधन की जांच के सिलसिले में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) सांसद संजय राउत के कथित सहयोगी सुजीत पाटकर समेत कई लोगों की 12 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की है। संघीय एजेंसी की जांच मुंबई में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) द्वारा संचालित कोविड देखभाल केंद्रों के गठन में कथित धोखाधड़ी से संबद्ध है।
DEC 22, 2023 17:01 IST

बिहार में कोरोना के 2 मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क

बिहार में कोरोना ने फिर से दस्तक दे दी है। पटना में दो मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने शहर के बड़े अस्पतालों को आरटीपीसीआर जांच बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। पटना में गुरुवार को कोरोना से पीड़ित दो लोगों की पहचान हुई है। एक मरीज केरल की यात्रा कर लौटा है जबकि दूसरा संक्रमित असम से वापस पटना पहुंचा है। दोनों मरीजों को फिलहाल हम आइसोलेशन में रहने का परामर्श दिए गए हैं।
DEC 22, 2023 15:33 IST

COVID-19 Tracker: राजस्थान में पांच लोग कोरोना पॉजिटिव

राजस्थान के दौसा के एक मरीज, जो कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, की मौत हो गई है, चिकित्सा अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की, साथ ही बताया कि पांच अन्य को पॉजिटिव पाया गया है। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, दौसा के मरीज बाबूलाल मीना (48) को 4 दिसंबर को जयपुर के टीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें 14 दिसंबर को छुट्टी दे दी गई। हालांकि, उन्हें 19 दिसंबर को फिर से भर्ती कराया गया जब उनका कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया और उसी दिन उनकी मृत्यु हो गई।
DEC 22, 2023 14:20 IST

West Bengal Coronavirus Update: पश्चिम बंगाल में कोविड-19 के तीन मामले आए

पश्चिम बंगाल में छह महीने के एक बच्चे समेत तीन लोग कोरोना वायरस से संक्रमित मिले हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अभी पता नहीं चला है कि तीनों कोविड-19 के नये जेएन.1 स्वरूप से ही संक्रमित हुए हैं या नहीं। अधिकारियों के अनुसार, बिहार राज्य के रहने वाले बच्चे का उपचार मेडिकल कॉलेज और अस्पताल कोलकाता में चल रहा है, वहीं दो अन्य रोगी दो अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। इनमें से एक निजी अस्पताल के अधिकारी ने कहा, ‘‘उन्हें तेज बुखार, खांसी और जुखाम की शिकायत है। उन्होंने आरटी-पीसीआर जांच कराई और संक्रमित होने का पता चला।’’ इस बारे में पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि इस मामले पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने कभी नहीं कहा कि कोविड-19 समाप्त हो चुका है। हमें मानना होगा कि यह अभी रहने वाला है। फिलहाल हमारे सामने ऐसा कोई मामला नहीं आया है। हालांकि, हमारा विभाग बहुत चौकन्ना है।’’
DEC 22, 2023 12:07 IST

COVID-19 Tracker: कोरोना पर क्या है ताजा अपडेट?

कोरोना वायरस के शुक्रवार को 640 नए मामले सामने आए, जबकि देश में कुल एक्टिव केसों की संख्या 2669 से बढ़कर 2997 हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा डेटा के मुताबिक, कोविड की फ्रेश टैली की मानें तो यह आंकड़ा फिलहाल 4.50 करोड़ (4,50,07,212) है। वहीं, मरने वालों की संख्या 5,33,328 पर पहुंच गई है।
DEC 22, 2023 11:23 IST

COVID-19 LIVE Updates: कोविड के बाद दुनिया भर में कर्ज में बढ़ोतरी एक बड़ी चिंता- रिपोर्ट

क्रेडिट रेटिंग एजेंसी केयरएज रेटिंग की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, कोविड-19 के बाद वैश्विक कर्ज में वृद्धि एक बड़ी चिंता का विषय है। यह 2022 में 92 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया, जो वैश्विक जीडीपी का लगभग 92 प्रतिशत है। 2020 की शुरुआत से अब तक लगभग 19 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर या वैश्विक सार्वजनिक ऋण का लगभग 20 प्रतिशत ऋण जमा हो चुका है। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के आंकड़ों के अनुसार, वैश्विक ऋण साल 2028 तक 132 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। केयरएज रेटिंग्स की एक रिपोर्ट से पता चलता है कि कोविड महामारी के बाद वैश्विक ऋण में वृद्धि एक बड़ी चिंता के रूप में उभर कर सामने आई है।
DEC 22, 2023 11:18 IST

Odisha COVID-19 LIVE Updates: कोरोना के नए स्ट्रेन को लेकर ओडिशा कितना रेडी?

DEC 22, 2023 11:15 IST

Noida COVID-19 LIVE Updates: नोएडा में नेपाल से आया व्यक्ति कोरोना संक्रमित, गुरुग्राम की कंपनी में करता है काम

यूपी के नोएडा में कोरोना का एक मामला सामने आया है, जिसको लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरीके से सतर्कता बरत रहा है। सेक्टर-36 में रहने वाला ये व्यक्ति जांच के दौरान कोरोना पॉजिटिव मिला है। नेपाल से लौटे इस व्यक्ति ने प्राइवेट लैब में कोरोना संक्रमण के लक्षण दिखने पर जांच के लिए नमूने दिए थे। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से व्यक्ति से संपर्क कर होम आइसोलेशन की गाइडलाइन के साथ कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक गुरुग्राम स्थित एमएनसी में काम करने वाला एक व्यक्ति कंपनी के निर्देश पर नेपाल गया था। करीब एक सप्ताह पूर्व नेपाल से लौटने पर कोविड जांच कराई थी। पहली रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। दूसरी बार 18 दिसंबर को नमूना लिया गया और यह रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। व्यक्ति होम आइसोलेशन में है।
DEC 22, 2023 11:14 IST

Noida Coronavirus LIVE Updates: कोरोना के नए वेरिएंट को लेकर अलर्ट मोड में स्वास्थ्य महकमा, CMO को मिले कई निर्देश

कोरोना को लेकर स्वास्थ्य विभाग काफी सतर्क हो चुका है। सरकार से आदेश मिले हैं कि कोरोना को लेकर टेस्टिंग शुरू की जाए और साथ-साथ तैयारियां मुकम्मल रखी जाए। कोरोना के नए वेरिएंट जेएन.1 के संक्रमण का खतरा बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य महकमा सतर्क है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल की फ्लू, वायरल ओपीडी में श्वसन तंत्र में संक्रमण (एसएआरआइ) और इन्फ्लूएंजा लाइक इलनेस (आइएलआइ) के मरीज की कोविड जांच प्राथमिकता पर करने के निर्देश जारी किए हैं। इसको लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। पॉजिटिव नमूनों को जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए लखनऊ स्थित किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में भेजने का निर्देश मिला है। मार्च 2020 को जिले में कोरोना का पहला मरीज मिला था। तब से मई 2022 तक शहर ने कोरोना की तीन लहरों को झेला। एक लाख से अधिक लोग संक्रमित हुए थे और 490 लोग काल के गाल में समा गए थे। अब तक 35 लाख लोगों की एंटीजन और आरटीपीसीआर जांच की जा चुकी है। अभी तक की जांच में पता चला है कि कोरोना का जेएन-1 स्वरूप ओमिक्रान से निकला है। इसके चपेट में आने पर तेज बुखार, नजला, गले में खराश, सिर और पेट में दर्द, दस्त के लक्षण उभरते हैं। हालांकि, यह कितनी तेजी से फैलता है और यह कितना घातक है, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
DEC 22, 2023 11:11 IST

COVID-19 Tracker: सिंगापुर में पिछले सप्ताह कोविड-19 के 965 मामले सामने आए

सिंगापुर में पिछले सप्ताह कोरोना वायरस संक्रमण के 965 नए मामले सामने आए वहीं उससे पहले के सप्ताह में संक्रमण के मामले 763 थे। इस अवधि में गहन देखभाल इकाईयों (आईसीयू) में भर्ती मरीजों की संख्या 23 से बढ़कर 32 हो गई है। समाचारपत्र 'टुडे' ने अपनी एक खबर में बृहस्पतिवार को बताया कि यह इस साल अस्पताल में भर्ती होने तथा आईसीयू में भर्ती होने वाले कोविड-19 मरीजों की सबसे अधिक संख्या है। अखबार ने विशेषज्ञों के हवाले से बताया कि कोविड-19 के अधिकतर मरीज नए उपस्वरूप जेएन.1 से संक्रमित हैं। उन्होंने बताया कि उत्तरी गोलार्ध में सर्दी बढ़ने और लोगों के मास्क नहीं पहनने के कारण कोविड-19 के मामलों में वृद्धि हुई है। सिंगापुर के स्वास्थ्य मंत्रालय (एमओएच) ने कहा कि उपलब्ध अंतरराष्ट्रीय और घरेलू आंकड़ों से अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि बीए.2.86 या जेएन.1 से संक्रमण तेजी से फैलता है या इससे लोग अधिक गंभीर रूप से बीमार पड़ते हैं।
DEC 22, 2023 11:09 IST

Kerala COVID-19 LIVE Update: केरल में कोविड-19 के 265 नए मामले, एक मरीज की मौत

केरल में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 265 नए मामले सामने आये। वहीं, एक मरीज की संक्रमण से मौत हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, शुक्रवार सुबह आठ बजे तक देश भर में कोविड-19 के कुल 328 मामले सामने आए जिनमें से 265 मामले केरल से हैं। मंत्रालय के मुताबिक राज्य में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 2,606 हो गई है। केरल में गत 24 घंटे के दौरान कोविड-19 से एक मरीज की मौत हुई। इसी के साथ बीते तीन वर्षों में कोरोना वायरस संक्रमण से राज्य में मरने वालों की संख्या बढ़कर 72,060 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक गत 24 घंटे के दौरान 275 मरीज संक्रमण मुक्त हुए या राज्य से बाहर चले गए। अब तक कुल 68,37,689 मरीज संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने मंगलवार को कहा कि केरल में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के बावजूद चिंता की कोई बात नहीं है क्योंकि राज्य संक्रमण के मामलों से निपटने के लिए अच्छी तरह से तैयार है।
DEC 22, 2023 10:50 IST

Kerala COVID-19 LIVE Update: कहां से आ रहे सबसे अधिक केस?

केरल में सबसे ज्यादा कोरोना के मामले मिल रहे हैं। सूबे में टोटल कोरोना के एक्टिव केस 2606 हैं। पिछले 24 घंटों में 265 मामले कोरोना के दर्ज किए गए, जबकि भारत में कोविड के 90% मामले केरल से हैं। केरल में पिछले 24 घंटों में इससे एक मौत हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, भारत में कोविड-19 मामलों की एक्टिव केस की संख्या 2997 तक पहुंच गई है, जबकि गुरुवार तक कोविड के ऐक्टिव केसों की संख्या 2669 थी। पिछले 24 घंटों में यूपी में एक केस आया, जिसके बाद वहां कुल चार मामले हो गए। जम्मू कश्मीर में एक मामला सामने आने के बाद कुल तीन मामले हो गए। छत्तीसगढ़ में तीन मामले पाए गए और बिहार में भी दो केस रिपोर्ट किए गए।
DEC 22, 2023 08:52 IST

Dehradun Corona Live: देहरादून में कोरोना के लिए अस्पतालों ने कसी कमर! कुछ ऐसी है तैयारी

DEC 22, 2023 08:51 IST

Bilaspur Corona Live: बिसालपुर में कोरोना की स्थिति पर हेल्थ ऑफिसर ने दी यह जानकारी