Congress Workers Protest In Patna: बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी शिकस्त के बाद राज्य नेताओं के बीच कलह की स्थिति पैदा हो गई है। बिहार कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य कांग्रेस प्रमुख राजेश राम और कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं ने पटना कांग्रेस कार्यालय में 'टिकट चोर, गद्दी छोड़' का नारा लगाया। पटना में कांग्रेस के सदाकत आश्रम में स्थित दफ्तर में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
राज्य में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पार्टी के लीडरशिप पर कई गंभीर सवाल भी खड़े किए हैं। कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, तीनों सचिव देवेंद्र यादव, शाहनवाज आलम, सुशील पासी को पद से हटाने की मांग की जा रही है।
पार्टी ने 43 नेताओं को भेजा नोटिस
कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व ने पार्टी के 43 नेताओं को नोटिस दिए हैं। इन नेताओं में पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक और कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं। इन सभी को कारण बताओ नोटिस दिए गए हैं। पार्टी नेतृत्व के इस कदम पर पार्टी में जमकर असंतोष उभर आया है। नोटिस से नाराज होकर नेता गण ने बुधवार को पटना में कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में धरना दिया था।
कांग्रेस ने पार्टी की हार के बाद पार्टी के कुछ नेताओं को नोटिस दे दिए हैं। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने इस्तीफे देना शुरू कर दिया है।
पप्पू यादव की बातों को नहीं माने कार्यकर्ता
इसी बीच पप्पू यादव नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मनाने के लिए पहुंचे। वे जमीन पर बैठ गए और मनाने की कोशिश करने लगे। लेकिन कार्यकर्ताओं ने उनकी बात सुनने के बजाय 'पप्पू यादव वापस जाओ' के नारे लगाए।
