देश

Hindu Rashtra: कांग्रेस विधायक ने किया 'हिंदू राष्ट्र' का समर्थन, बोलीं- एकजुट होकर करें प्रयास, इस पर BJP ने कही ये बात

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 18, 2023, 05:46 PM IST

Hindu Rashtra: छत्तीसगढ़ में सत्ताधारी कांग्रेस की एक विधायक अनीता योगेंद्र शर्मा ने हिन्दुओं से 'हिन्दू राष्ट्र' के निर्माण के लिए एकजुट होने और इस दिशा में प्रयास करने के लिए लोगों से अपील की है।

Hindu Rashtra: अबतक आपने हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोगों को हिंदू राष्ट्र की मांग करते सुना और देखा होगा लेकिन अब तो खुद को सेक्यूलर बताने वाली कांग्रेस के नेता भी हिंदू राष्ट्र की मांग करने लगे हैं जी हां आप बिल्कुल सही सुन रहे हैं। छत्तीसगढ़ की धरसींवा विधानसभा सीट से कांग्रेस की विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा ने हिंदू राष्ट्र का समर्थन किया है। दरअसल छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के रावांभाटा में धर्मसभा आयोजित की गई थी। इसी कार्यक्रम में पहुंची कांग्रेस विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा ने हिन्दू राष्ट्र को लेकर बड़ा बयान दे डाला। मंच से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी हिंदू एक हो जाएंगे तभी हिंदू राष्ट्र बना पाएंगे। अनीता शर्मा ने शुक्रवार को पुरी शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती के जन्मदिवस के अवसर पर रायपुर में आयोजित एक सभा के दौरान यह अपील की। उनके बयान का एक वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया वायरल हो गया। हालांकि कांग्रेस ने उनके बयान से खुद को अलग कर लिया है और कहा है कि यह महिला विधायक के निजी विचार हैं।

हम जहां भी हों करें संकल्प

अनिता योगेंद्र शर्मा ने एक कार्यक्रम में कहा था कि हम जहां भी हों, चाहे गांव में हों या किसी भी स्थान पर, वहां हम हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए संकल्पित होकर करें, हम हिन्दू एक हों तभी हिंदू राष्ट्र बन सकता है। वह छत्तीसगढ़ी भाषा में बोल रही थीं। इस टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर शर्मा ने शनिवार को मीडिया से कहा कि उनके बयान का गलत अर्थ निकाला गया क्योंकि वह केवल देश में रहने वाले लोगों की एकता के बारे में बात कर रही थीं।

कांग्रेस करे समान नागरिक संहिता का समर्थन-बीजेपी

उनके बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता ने कहा कि यदि कांग्रेस समान नागरिक संहिता का समर्थन करती है, तब राम राज्य कायम होगा क्योंकि समान नागरिक संहिता तुष्टीकरण की राजनीति को समाप्त कर देगा।

अनिता शर्मा का यह निजी विचार है- कांग्रेस

इस बीच प्रदेश कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि अनिता शर्मा का बयान उनका निजी वक्तव्य हो सकता है। कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से संविधान के साथ खड़ी है। डॉक्टर भीम राव अंबेडकर, पंडित नेहरू और डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद जैसे मनीषियों ने भारत का जो संविधान बनाया था उस संविधान में धर्मनिरपेक्षता का उल्लेख है कांग्रेस पार्टी उस धर्मनिरपेक्षता के साथ पूरी तरह से खड़ी है।

कांग्रेस पार्टी मत भिन्नता का स्वागत करती है

शुक्ला ने कहा कि हर व्यक्ति की अपनी विचारधारा हो सकती है। कांग्रेस पार्टी मत भिन्नता का स्वागत करती है। पार्टी में विभिन्न धर्मावलंबी लोग हैं। हम हर धर्म का स्वागत करते हैं यह कांग्रेस पार्टी की खूबसूरती है। अनिता शर्मा जी ने जो कहा है वह उनका निजी विचार हो सकता है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article