देश

बांग्लादेश पर बयान के लिए सलमान खुर्शीद को BJP ने घेरा, बोली-भड़काने वाली बात बोल रहे कांग्रेस नेता

Salman Khursheed News: बांग्लादेश में हिंसक प्रदर्शन के बाद राजनीतिक संकट बरकरार है। सेना ने मोहम्मद यूनुस को अंतरिम सरकार का प्रमुख बनाकर चीजें ठीक करने की कोशिश की है। बावजूद इसके बांग्लादेश में हिंसा और आगजनी की घटनाएं नहीं रुक रही हैं। अब तक की हिंसा में करीब 440 लोगों की मौत हो चुकी है।

Image

कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद।

KEY HIGHLIGHTS
  • बांग्लादेश में हुए तख्तापलट पर कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद की प्रतिक्रिया
  • एक कार्यक्रम मे ंखुर्शीद ने कहा कि बांग्लादेश जैसी घटना यहां भी हो सकती है
  • भाजपा ने किया पलटवार, पूछा- बांग्लादेश जैसा आइडिया किसे दिया जा रहा है

Salman Khursheed News: बांग्लादेश में चल रहे उथल-पुथल और हिंसा पर भारत में भी बयानबाजी होने लगी है। बांग्लादेश में हुए तख्तापलट पर कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद के बयान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पलटवार किया है। दरअसल, खुर्शीद ने कहा है कि बांग्लादेश जैसा भारत में भी हो सकता है। कांग्रेस नेता ने कहा कि 'बांग्लादेश में जो हो रहा है, वो हमारे देश में भी हो सकता है। भले ही ऊपर से सबकुछ सामान्य दिख रहा हो। खुर्शीद पूर्व केंद्रीय मंत्री मुजीबुर रहमान की किताब ‘शिकवा-ए-हिंद: द पॉलिटिकल फ्यूचर ऑफ इंडियन मुस्लिम’ के विमोचन के मौके पर बोल रहे थे। कांग्रेस नेता के इस बयान की निंदा करते हुए भाजपा ने पूछा कि बांग्लादेश जैसा आइडिया किसे दिया जा रहा है। कांग्रेस कहती कुछ है और करती कुछ और है।

'इससे और भी ज्यादा करने की जरूरत है'

खुर्शीद ने कहा, 'कश्मीर में सब कुछ सामान्य दिख सकता है। यहां भी सब कुछ सामान्य दिख सकता है। हम जीत का जश्न मना सकते हैं फिर भी कुछ लोग मानते हैं कि यह जीत अथवा 2024 की सफलता थोड़ी है, शायद इससे और भी ज्यादा करने की जरूरत है। यह तथ्य है कि ऊपर जो कुछ दिख रहा है, उसके नीचे कुछ और भी है। आज बांग्लादेश में जो कुछ हो रहा है, वह यहां भी हो सकता है। लेकिन अपने देश के मिजाज कुछ ऐसा है कि बांग्लादेश जैसी चीजें अपने यहां होने से रोकता है।'

मनोज झा ने शाहीन बाग का जिक्र किया

इस मौके पर राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि शाहीन बाग आंदोलन का जिक्र किया और कहा कि इसे वो तवज्जो नहीं मिली जिसका हक बनता था. मनोज झा ने कहा, ‘शाहीन बाग की सफलता को उसकी भव्यता के पैमाने पर नहीं मापा जाना चाहिए.’ उन्होंने कहा, ‘याद रखें कि शाहीन बाग विरोध प्रदर्शन क्या था… जब संसद हार गई, तो सड़कें जीवंत हो गईं.’

खुर्शीद भारत से भी नफरत करने लगे हैं-पूनावाला

भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने खुर्शीद पर निशाना साधते हुए कहा कि 'मोदी से नफरत करते करते वह भारत से भी नफरत करने लगे हैं। क्या वह बांग्लादेश जैसी हिंसा भारत में चाहते हैं? क्या वे चाहते हैं कि भारत में हिंदुओं पर हमले हों? उनका परिवार पहले ही वोट जिहाद के बारे में बोल चुका है अब वह हिंसा की बात कर रहे हैं। मैं पूछना चाहता हूं कि इस बयान के लिए क्या कांग्रेस उन पर कार्रवाई करेगी?'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article