Bihar SIR Exercise: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को बिहार में जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) मुद्दे को लेकर चुनाव आयोग (Election Commission) के बयान को बकवास करार दिया। मानसून सत्र के चौथे दिन भी इंडी गठबंधन के कई घटक दलों ने एसआईआर मुद्दे को लेकर संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही दोनों सदन की कार्यवाही में गतिरोध जारी रहा।
क्या कुछ बोले राहुल गांधी?
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में चुनाव आयोग के बयान को बकवास बताते हुए कहा कि अगर आपको लग रहा है कि आप बच निकलेंगे तो आप गलत हैं। उन्होंने कहा, ''मैं चुनाव आयोग को संदेश देना चाहता हूं कि अगर आपको लगता है कि आप बच निकलेंगे तो आप गलत हैं। हम आपके पीछे पड़ जाएंगे। यह एक गंभीर मामला है। चुनाव आयोग उस तरह से काम नहीं कर रहा है जैसा उसे करना चाहिए। आज उन्होंने एक ऐसा बयान दिया जो पूरी तरह से बकवास है।''
उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर मामला है। चुनाव आयोग उस तरह से काम नहीं कर रहा है जैसा उसे करना चाहिए। आज उन्होंने एक ऐसा बयान दिया जो पूरी तरह से बकवास है। सच तो यह है कि चुनाव आयोग अपना काम नहीं कर रहा है। अब हमारे पास कर्नाटक की एक सीट पर चुनाव आयोग द्वारा धोखाधड़ी की अनुमति देने के ठोस 100 फीसदी सबूत हैं।
चुनाव आयोग ने क्या कुछ कहा?
इससे पहले सूत्रों के हवाले से चुनाव आयोग का एक बयान सामने आया जिसमें उन्होंने फर्जी वोटर्स सहित कई लोगों को वोट नहीं डालने देने की बात कही। चुनाव आयोग ने कहा था कि भारत का संविधान ही भारत के लोकतंत्र की जननी है। किसी भी डर या बहकावे में आकर चुनाव आयोग मृतक, स्थाई तौर पर प्रवास कर गए मतदाताओं, दो जगह वोट बनवा चुके मतदाताओं, फर्जी मतदाताओं या विदेशी मतदाताओं को वोट डालने की अनुमति कभी नहीं देगा। चुनाव आयोग संविधान में दिए गए अधिकारों की सीमा के अनुरूप ही त्रुटि रहित मतदाता सूची बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
