देश

पीएम मोदी से BJP शासित राज्यों की शिकायत लेकर मिलने पहुंचे कांग्रेस नेता अधीर, बांग्ला भाषी लोगों का उठाया मुद्दा

कांग्रेस नेता ने पीएम मोदी से मुलाकात कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्यों में बांग्ला भाषी लोगों पर हो रहे हमलों का मुद्दा उठाया। पश्चिम बंगाल प्रवासी कल्याण बोर्ड ने कहा है कि उसे 10 महीनों में खासकर भाजपा शासित राज्यों में उत्पीड़न से संबंधित 1,143 शिकायतें मिली हैं।

Image

पीएम मोदी से BJP शासित राज्यों की शिकायत लेकर मिलने पहुंचे कांग्रेस नेता अधीर

Adhir Ranjan Chowdhury Meets PM Modi: कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मंगलवार को मुलाकात की और खासकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्यों में बांग्ला भाषी लोगों पर हो रहे हमलों का मुद्दा उठाया। पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी ने ऐसे हमलों को रोकने में मदद के लिए प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे राज्य में सांप्रदायिक तनाव और हिंसा होने की आशंका है।

'बांग्लादेशी समझ लेते हैं...'

चौधरी ने मोदी को लिखे पत्र में कहा, 'उनका एकमात्र अपराध यह है कि वे बांग्ला भाषा में बात करते हैं जिसके कारण संबंधित प्रशासन अक्सर उन्हें पड़ोसी बांग्लादेश के लोग समझ लेता है और उन्हें घुसपैठिया मानकर उनसे उसी प्रकार व्यवहार करता है।'

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में मुस्लिम आबादी बहुसंख्यक है और इस राज्य की सीमा बांग्लादेश से लगती है तथा देश के अन्य हिस्सों में ऐसे हमलों के कारण इन इलाकों में समुदायों के बीच सांप्रदायिक तनाव बढ़ रहा है।

कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि वे भेदभाव, हिंसा और देश के अन्य हिस्सों से आए प्रवासी मजदूरों के उत्पीड़न के खिलाफ 'सभी राज्य सरकारों को संवेदनशील बनाएं।'

भाजपा शासित राज्यों में उत्पीड़न

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के 30 वर्षीय प्रवासी मजदूर ज्वेल राणा की ओडिशा के संबलपुर में 'बीड़ी' को लेकर हुए विवाद के बाद बुधवार को हत्या कर दी गई। मुंबई में भी दो प्रवासी मजदूरों को बांग्लादेश से आए अवैध प्रवासी होने के संदेह में गिरफ्तार किया गया। पश्चिम बंगाल प्रवासी कल्याण बोर्ड ने कहा है कि उसे 10 महीनों में, खासकर भाजपा शासित राज्यों में उत्पीड़न से संबंधित 1,143 शिकायतें मिली हैं।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article