Congress Crowdfunding Campaign: कांग्रेस ने सोमवार को देशभर में क्राउडफंडिग अभियान शुरू किया और इसमें पहला योगदान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने किया खरगे ने अभियान लॉन्च करते हुए 1,38,000 रुपये का दान दिया। जैसे ही खरगे ये पैसे दिए, मजाक में कहा- 'एक महीने की तनख्वाह गई'। भाजपा ने इसे लेकर तुरंत कांग्रेस पर कटाक्ष किया। बीजेपी ने एक क्लिप ट्वीट किया, जिसके बैकग्राउंड में वायरल 'मोये मोये' ट्रैक बज रहा है। बीजेपी ने वीडियो शेयर करते हुए कहा, देश को लूटने के बाद अब जनता से चंदा की अपील कर रहे हैं, लेकिन इनका रवैया आप खुद देख लीजिए।
क्राउडफंडिंग अभियान 'डोनेट फॉर देश'
कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी के लिए संसाधन जुटाने के लिए देशव्यापी क्राउडफंडिंग अभियान 'डोनेट फॉर देश' शुरू किया है। कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा कि 18 वर्ष से अधिक आयु के भारतीय अभियान के लिए न्यूनतम 138 रुपये या 1,380 रुपये, 13,800 रुपये और इसी तरह के पैसों में दान कर सकते हैं। कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने कहा कि क्राउडफंडिंग पहल महात्मा गांधी के ऐतिहासिक 'तिलक स्वराज फंड' से प्रेरित थी, जिसे सौ साल से भी अधिक पहले 1920-21 में लॉन्च किया गया था।
खरगे ने की दान करने की अपील
उन्होंने लॉन्च के बाद संवाददाताओं से कहा, यह बहुत खुशी का दिन है कि हमारी पार्टी के नेताओं ने एक ऐप तैयार किया है। मुझे लगता है कि यह पहली बार है कि कांग्रेस देश के निर्माण के लिए आम लोगों की मदद मांग रही है। उन्होंने कहा कि दान की गई राशि उनके एक महीने के वेतन के बराबर थी। खरगे ने ट्विटर पर कहा- कृपया http://donateinc.in पर लॉग ऑन करें और अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। यह पहल 1920-21 में महात्मा गांधी के ऐतिहासिक 'तिलक स्वराज कोष' से प्रेरित है। यह भारतीय मूल्यों की रक्षा के लिए एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 138 साल पुराने गौरवशाली इतिहास को संरक्षित करें।
भाजपा ने साधा निशाना
वहीं, भाजपा ने निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अपने अभियान 'डोनेट फॉर देश' के लिए डोमेन नाम नहीं बचा पाई है। बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, मेरे राजनीतिक मतभेदों के बावजूद मैं अपील करना चाहता हूं कि सभी को #DonateForDesh अवश्य करना चाहिए। मेरे सभी कांग्रेस मित्र, सहयोगी, अंदरूनी लोग जो जल्द ही छोड़ना चाहते हैं - यहां सही लिंक है- http: //donatefordesh.com लेकिन पूनावाला द्वारा साझा किया गया लिंक पार्टी की एक समाचार वेबसाइट पर रीडायरेक्ट करता है।
