देश

Kishtwar Cloudburst: किश्तवाड़ आपदा में 'हेल्पलाइन नंबर' जारी, बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य जारी

Kishtwar cloudburst Helpline Number: किश्तवाड़ में बादल फटने से आपदा के बाद जम्मू संभागीय आयुक्त कार्यालय ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। वहीं राहत और बचाव कार्य तेज हो गए हैं।

Image

किश्तवाड़ आपदा में 'हेल्पलाइन नंबर' जारी (फोटो:PTI)

Kishtwar cloudburst Helpline Number: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटने से आई तबाही के बाद राहत और बचाव कार्य तेजी के साथ किया जा रहा है। इस बीच, जम्मू संभागीय आयुक्त कार्यालय ने प्रभावित लोगों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इस आपदा में अब तक 38 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

जम्मू संभागीय आयुक्त कार्यालय ने गुरुवार को किश्तवाड़ में बादल फटने की घटना के बाद प्रभावित लोगों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया। उन्होंने कहा कि जम्मू और कश्मीर के चशोती इलाके में बादल फटने की घटना के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। बचाव और राहत कार्यों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। संभागीय आयुक्त कार्यालय, जम्मू (0191-2478993), जिला कंट्रोल रूम, किश्तवाड़ (01995-259555), (9482217492) और पीसीआर, किश्तवाड़ (99061-54100) पर मदद के लिए संपर्क किया जा सकता है।

एसडीआरएफ के एडीजीपी के अनुसार, किश्तवाड़ आपदा में कम से कम 36 लोगों की मौत हो गई है और 50 से ज्यादा घायल हैं। कुछ घायलों को किश्तवाड़ के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

जम्मू जोन के आईजीपी भीमसेन टूटी ने बताया कि किश्तवाड़ में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। 75 लोगों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं के होने की उम्मीद है। मैं सभी से अपील करूंगा कि वे सभी सावधानी बरतें।

बादल फटने और बाढ़ से जानमाल का काफी नुकसान

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ के चशोती इलाके में बादल फटने और बाढ़ से जानमाल का काफी नुकसान हुआ है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना को लेकर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने आपदा में जान गंवाने वालों के प्रति दुख जाहिर किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया दुख

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटने की घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद है। मैं शोकाकुल परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं और राहत तथा बचाव कार्य में सफलता की कामना करती हूं।'

'जरूरतमंदों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी'

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पोस्ट में लिखा, 'मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटने और बाढ़ से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। बचाव और राहत अभियान जारी है। जरूरतमंदों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article