Ramvichar Netam Accident News: छत्तीसगढ़ से बड़ी खबर सामने आ रही है। कृषि मंत्री रामविचार नेताम हादसे का शिकार हो गए हैं। कार दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि यह घटना तब हुई जब कृषि मंत्री नेताम कवर्धा-बेमेतरा के रास्ते रायपुर लौट रहे थे। इसी दौरान जेवरा गांव के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
जानकारी के मुताबिक, हादसे के वक्त मुख्यमंत्री के काफिले में एक गाड़ी घुस गई, जिसकी वजह से कृषि मंत्री नेताम को गंभीर चोटें आई हैं। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें एंबुलेंस से रायपुर लाया गया है, जहां रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहार जायसवाल व कई मंत्री व भाजपा नेता अस्पताल पहुंच गए हैं। वहीं, डॉक्टरों ने नेताम को खतरे से बाहर बताया है।
सीएम विष्णु देव साय ने किया ट्वीट
कृषि मंत्री रामविचार नेताम के एक्सीडेंट की खबर पर सीएम विष्णु देव साय ने ट्वीट कर जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि कैबिनेट के हमारे वरिष्ठ साथी श्री रामविचार नेताम जी के कार दुर्घटना में चोटिल होने की सूचना प्राप्त हुई है। प्रभु श्रीराम से उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।
