पश्चिम बंगाल में मतगणना के बाद से हिंसा जारी है। इसकी हद तो तब हो गई जब बंगाल भाजपा में भाजपा के शीर्ष नेताओं में शुमार और बंगाल सीएम पद के दावेदारों में पहले नंबर पर चल रहे सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ धर की हत्या कर दी गई। इस हत्या के बाद बंगाल में राजनीतिक घमासान चरम पर है। भाजपा ने इस हत्या को कोल्ड ब्लड मर्डर करार दिया है और आरोप सीधा टीएमसी पर लगाया है। बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे हुई इस हत्या के बाद बंगाल में अब तक क्या-क्या हुआ है? हत्याकांड की जांच कहां तक पहुंची है? मामले में कोई गिरफ्तारी हुई है या नहीं? राजनीतिक बयान क्या क्या आए हैं? सिलसिलेवार ढंग से हर अपडेट समझें....
बुधवार रात को हुई हत्या
बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना मध्यमग्राम क्षेत्र के दोहरिया में हुई। उन पर चार राउंड गोलियां चलाईं गई। एक गोली उसके सिर में दूसरी उनके सीने में और एक पैर में लगी। गोलियां लगने के बाद उनको अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि हत्यारे कौन थे, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। मामले में जांच जारी है। यह घटना विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 48 घंटे के भीतर हुई।
पुलिस ने इस हत्याकांड में क्या-क्या पता लगाया?
पश्चिम बंगाल पुलिस भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले की जांच के तहत सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। हमलावरों का पता लगाने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस घटना को सुपारी लेकर हत्या करने वालों ने अंजाम दिया।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सिद्धनाथ गुप्ता के मुताबिक,एक फोरेंसिक टीम ने बृहस्पतिवार सुबह घटनास्थल के नमूने एकत्र किए हैं। इस दौरान सीआईडी के अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने बताया कि मौका ए वारदात को देखते हुए ऐसा लगता है कि हत्या पूर्व नियोजित थी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने रथ की कार को रात करीब साढ़े 10 बजे डोलतला और मध्यमग्राम चौमाथा के बीच दोहरिया के पास रोका और वे गोलीबारी करने के बाद फरार हो गए। जांच से पता चला है कि हमलावरों ने रथ के वाहन को समन्वित तरीके से रोका और फिर नजदीक से कई गोलियां चलाईं। शंका है कि रथ की गाड़ी को पहले दोहरिया चौराहे के पास एक छोटे चारपहिया वाहन से रोका गया जिसके बाद मोटरसाइकिल सवार हमलावरों में से एक ने रथ की कार पर गोली चलाई।
कम से कम छह से 10 गोलियां चलाई गई
हत्या के बाद रथ की कार को कथित तौर पर रोकने वाली एक संदिग्ध कार को जब्त किया गया है। उस पर लगी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई। छोटी कार का चेसिस नंबर और इंजन नंबर मिटा दिया गया है। इससे संकेत मिलता है कि उन्होंने हत्या की योजना पहले ही बनाई थी। छोटी गाड़ी का नंबर सिलीगुड़ी के एक व्यक्ति का है, जो एक चाय बागान का कर्मी है।ऐसा लगता है कि हत्यारों ने पंजीकरण संख्या की नकल की और उसका इस्तेमाल किया, ताकि उनका पता न लगाया जा सके। हमले के दौरान कम से कम छह से 10 गोलियां चलाई गई होंगी।
हमलावरों ने पहन रखे थे हेलमेट, हत्या में इस्तेमाल किया 'ग्लॉक 47 एक्स' पिस्तौल
अधिकारी ने बताया कि हमलावरों ने पहचान छिपाने के लिए कथित तौर पर हेलमेट पहन रखे थे और वे बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिलों पर सवार थे। हमने घटनास्थल से खोखे और कारतूस बरामद किए हैं। इस स्तर पर हमले के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं है। पुलिस को हमले में उन्नत हथियारों के इस्तेमाल का संदेह है। प्रारंभिक फोरेंसिक जानकारी के अनुसार,हमलावरों ने संभवत: 'ग्लॉक 47 एक्स' पिस्तौल का इस्तेमाल किया।
पश्चिम बंगाल पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि इस तरह का हथियार आम अपराधी सामान्यत: इस्तेमाल नहीं करते। हम जांच कर रहे हैं कि क्या इसमें पेशेवर शूटर शामिल थे।’’
हमले में घायल ड्राइवर का क्या हुआ?
इस हमले के दौरान कार में उनके साथ ड्राइवर भी था। जो हमले में बुरी तरह घायल हुआ था। अब उनके कार चालक की हालत को लेकर नया अपडेट सामने आया है। अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रथ की कार चला रहे बुद्धदेव बेरा को गोलियां लगी हैं। अस्पताल लाए जाने के बाद उनकी कई सर्जरी की गई हैं, लेकिन बेरा की हालत नाजुक बनी हुई है। फिलहाल बेरा आईसीयू में भर्ती हैं,जहां उनकी लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर बेरा की हालत स्थिर करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
अस्पताल के बाहर भाजपाइयों का प्रदर्शन
वहीं, इस घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है। अस्पताल के बाहर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने हालात को काबू में रखने के लिए भारी सुरक्षा बल तैनात किया है।
सुवेंदु के सहयोगी की हत्या में हमलावरों द्वारा इस्तेमाल की गई बाइक बरामद
पश्चिम बंगाल पुलिस ने गुरुवार को सुवेंदु अधिकारी के सहयोगी पर हमले के दौरान हमलावरों द्वारा इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की। एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, बाइक को उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम पुलिस स्टेशन लाया गया है।
बसीरहाट और बाकानगर में भी भाजपा कार्यकर्काओं पर हमला
चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद बीती रात ही बसीरहाट में एक भाजपा कार्यकर्ता को गोली मार दी गई। वहीं बारानगर में भी ऐसा ही कुछ देखने को मिला। यहां भाजपा कार्यकर्ता पर चाकू से हमला किया गया।
भाजपा ने कहा यह टारगेटेड असैसिनेशन
इस घटना के बाद बीजेपी ने इसे “टारगेटेड असैसिनेशन” करार देते हुए ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर निशाना साधा। वहीं टीएमसी ने भी आरोपों को खारिज करते हुए बीजेपी समर्थकों पर अपने कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया है।
सुवेंदु अधिकारी ने बताया क्यों की गई हत्या, फांसी की मांग की
अपने पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या पर बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने बयान देते हुए हत्यारों को फांसी देने की मांग की है। सुवेंदु ने कहा कि एक निर्दोष की हत्या कर दी गई। हत्यारों ने रेकी करके हत्या की, दोषियों को जल्द से जल्द फांसी दी जाए। सुवेंदु ने कहा कि अगर मैं भवानीपुर में हारता तो ऐसा नहीं होता। ममता बनर्जी की हार के चलते हत्या की गई। मेरा करीबी होने के चलते चंद्रनाथ की हत्या हुई।
भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने गुरुवार को दावा किया कि अगर उनके निजी सहायक चंद्रनाथ रथ उनके लिए काम न करते तो शायद उनकी हत्या न होती, और उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस हमलावरों को गिरफ्तार कर लेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि रथ की हत्या में सुपारी किलर शामिल थे, और दावा किया कि उनके करीबी सहयोगी की किसी से कोई राजनीतिक दुश्मनी नहीं थी।
बारासात स्टेट जनरल अस्पताल में हुआ पोस्टमार्टम
रथ के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक स्थान पूर्वी मेदिनीपुर जिले के चांदीपुर ले जाने से पहले बोलते हुए सुवेंदु अधिकारी ने जोर देकर कहा कि भारतीय वायु सेना के पूर्व जवान की हत्या उनके साथ संबंध होने के कारण हुई। अधिकारी बारासात स्टेट जनरल अस्पताल में पत्रकारों से बात कर रहे थे, जहां रथ के शव का पोस्टमार्टम किया गया था।
हावड़ा में बम धमाका
वहीं, आज सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या हुई थी,आज हावड़ा में बम धमाका हुआ है। खबर है कि यहां देसी बम फेंका गया जिसके बाद भारी अफरातफरी मच गई है। घटना के तुरंत बाद सुरक्षाकर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए। हावड़ा में बम विस्फोट के बाद खिदिरपुर, टॉपसिया और रिप्पन स्ट्रीट में धारा 144 लागू कर दी गई है। धमाके में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
धमाके वाले इलाके में क्या है वर्तमान स्थिति?
हावड़ा में धमाके के बाद भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और सघन चेकिंग अभियान चला रही है। सोशल मीडिया पर एक पुलिस विभाग का आदेश भी वायरल हो रहा है। जिसमें कहा गया है कि सार्वजनिक शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 144 के तहत खिदिरपुर, टोपसिया, रिपन स्ट्रीट में प्रतिबंध लगाए गए हैं।
- चार या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी।
- हथियार, डंडे या नुकसान पहुंचाने वाली वस्तुएं ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।
- रैलियां, सभाएं, जुलूस और सार्वजनिक बैठकें अनुमति नहीं होंगी।
- उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पनिहाटी में बम हमले में भाजपा के पांच कार्यकर्ता घायल
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के पनिहाटी में हुए कथित बम विस्फोट में भारतीय जनता पार्टी के पांच समर्थक घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार देर रात भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की मोटरसाइकिल सवार हमलावरों द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने के कुछ घंटों बाद हुई। इस घटना के बाद भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस पर हिंसा फैलाने का आरोप लगाया। पनिहाटी के सेंट जेवियर्स इंस्टीट्यूशन के पास बम विस्फोट हुआ।
पुलिस ने बताया कि अज्ञात हमलावरों ने भाजपा कार्यकर्ताओं के एक समूह पर देसी बम फेंके, जिससे कम से कम पांच लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, घायलों को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पनिहाटी के वार्ड नंबर दो में दत्ता रोड पर भाजपा कार्यकर्ता निवासियों से बातचीत कर रहे थे कि तभी मोटरसाइकिल पर सवार कुछ लोगों ने उन पर बम फेंके और फरार हो गए।
चंद्रनाथ रथ का उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया
चंद्रनाथ रथ का गुरुवार को पूर्वी मेदिनीपुर जिले में उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया, जहां हजारों ग्रामीणों ने उनकी मौत पर शोक व्यक्त किया। भारतीय वायु सेना के पूर्व कर्मचारी 42 वर्षीय रथ के पार्थिव शरीर को राष्ट्रीय ध्वज में लपेटकर उनके गांव कुलुप में रखा गया ताकि लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे सकें। सुवेंदु के भाई दिव्येंदु अधिकारी समेत कई भाजपा नेता वहां मौजूद थे। इससे पहले, उत्तर 24 परगना जिले के बारासात अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया था। सुवेंदु अधिकारी पोस्टमार्टम के दौरान तीन घंटे से अधिक समय तक बारासात अस्पताल में रहे।
