देश

Ambedkar Jayanti: बसपा प्रमुख मायावती ने भीमराव आंबेडकर को उनकी जयंती पर दी श्रद्धांजलि

Ambedkar Jayanti: बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि देश के समस्त दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्गों व अन्य उपेक्षितों को भी वास्तव में आंबेडकरवादी बनना होगा।

Image

मायावती ने भीमराव आंबेडकर को उनकी जयंती पर दी श्रद्धांजलि

Ambedkar Jayanti: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने सोमवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी।बसपा प्रमुख ने ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट में कहा, 'संविधान निर्माता भारत रत्न बोधिसत्व परमपूज्य बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को आज उनकी जयंती पर आंबेडकरवादी पार्टी बसपा के तत्वावधान में पूरे देश भर में उन्हें शत-शत नमन, माल्यार्पण व अपार श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए। इसके लिए सभी लोगों का तहेदिल से आभार व धन्यवाद।'

मायावती ने कहा, 'देश में बहुजनों के सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक हालात, कांग्रेस की तरह भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) के शासनकाल में भी अति-दयनीय हैं। इनके आरक्षण के संवैधानिक अधिकार पर भी सुनियोजित कुठाराघात होने से अब इनकी स्थिति कुछ ‘अच्छे दिन’ के बजाय बुरे दिन वाली ही बन रही है, जो अति दुःखद व चिंतनीय है।'

बाद में जारी एक बयान में बसपा प्रमुख ने कहा, 'समस्त बहुजनों के लाख दुखों की एक दवा है उनकी आपसी एकता व वोट के जरिए सत्ता की ‘मास्टर चाबी’ हासिल करना। इसके लिए विरोधियों के सभी हथकण्डों को भी विफल करना होगा।'

मायावती ने कहा कि सभी सरकारों को जातिवादी व संकीर्ण स्वार्थ की राजनीति को त्यागकर संविधानवादी भारतीय बनना चाहिए। बसपा द्वारा जारी बयान के मुताबिक, अध्यक्ष मायावती के निर्देशानुसार डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पार्टी द्वारा पूरे देश में ज़िला-स्तर पर विचार-संगोष्ठी के रूप में मनाई गई।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article