B Praak News: पंजाबी और बॉलीवुड सिंगर बी प्राक से 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है। ऐसा ना करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है। बताया गया कि सिंगर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक सदस्य ने यह धमकी दी है, जिसके बाद मोहाली में पुलिस जांच शुरू हो गई है।
दरअसल, पंजाबी सिंगर दिलनूर को कॉल किया गया था, जो बी प्राक से जुड़े हुए हैं। दिलनूर को 5 जनवरी को दो कॉल आए, लेकिन उन्होंने उनका जवाब नहीं दिया। 6 जनवरी को उन्हें एक विदेशी नंबर से एक और कॉल आया। जब उन्होंने कॉल उठाया, तो बातचीत संदिग्ध लगी, उन्होंने कॉल काट दिया। इसके तुरंत बाद, उन्हें एक वॉइस मैसेज भेजा गया।
कॉलर ने खुद का नाम बताया आरजू बिश्नोई
जहां दिलनूर ने मोहाली में शिकायत दी। उन्होंने बताया कि दस करोड़ रुपये की मांग की गई। ऐसा ना करने पर कहा कि मिट्टी में मिला देंगे। ऑडियो मैसेज में, कॉल करने वाले ने खुद को अर्जू बिश्नोई बताया और बी प्राक के लिए 10 करोड़ रुपये की प्रोटेक्शन मनी की मांग की। कॉलर ने कहा, 'यह मैसेज बी प्राक तक पहुंचा दो कि हमें 10 करोड़ रुपये चाहिए। तुम्हारे पास एक हफ्ते का समय है। तुम जिस भी देश में जाना चाहो, चले जाओ, लेकिन अगर उससे जुड़ा कोई भी व्यक्ति आस-पास मिला, तो हम नुकसान पहुंचाएंगे।' उसने आगे कहा कि अगर मांग पूरी नहीं हुई, तो वे उन्हें 'मिट्टी में मिला देंगे।'
ऑडियो में क्या?
आरजू बिश्नोई, लॉरेन्स बिश्नोई के लिए काम करता है और विदेश में छिप कर बैठा है। ऑडियो में था, 'हेलो आरजू बिश्नोई बोल रहा हुं, उसको बी प्राक को मैसेज कर देना 10 करोड़ रुपये चाहिए। तेरे पास एक हफ्ते का टाइम है। जिस मर्जी कंट्री में चला जा आसपास इसके साथ वाला कोई भी मिल गया न तो नुकसान कर देंगे। और इसको फेक कॉल मत समझना। मिल के चलेगा तो ठीक नहीं तो उसको बोल मिट्टी में मिला देंगे।'
इस मैसेज के मिलने के बाद दिलनूर ने 6 जनवरी को ही एसएसपी मोहाली को लिखित शिकायत दी थी, जिस पर फिलहाल जांच जारी है। बता दें कि बी प्राक बॉलीवुड का एक बड़ा नाम है। बी प्राक के कई गाने सुपरहिट हुए हैं।
