LIVE

Punjab New CM: मुख्यमंत्री बनते ही चन्नी का ऐलान- किसानों के बिजली बिल होंगे माफ, कृषि कानून हों वापस

Punjab New CM Charanjit Singh Channi Oath Ceremony : चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं।उन्होंने कुछ देर पहले ही पद और गोपनीयता की शपथ ली। चमकौर साहिब विधानसभा सीट से विधायक चन्नी कैप्टन अमरिंदर सिंह की कैबिनेट में मंत्री थे। उनके साथ दो उपमुख्यमंत्रियों ने भी शपथ ली।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Sep 20, 2021, 13:43 IST
Follow on Google News
Punjab New CM: मुख्यमंत्री बनते ही चन्नी का ऐलान- किसानों के बिजली बिल होंगे माफ, कृषि कानून हों वापस

Punjab New CM Charanjit Singh Channi Oath Ceremony : चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण के दौरान पद और गोपनीयता की शपथ ली। उनके अलावा सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओपी सोनी ने मंत्री पद की शपथ ली। शपथग्रहण से पहले चरणजीत सिंह चमकौर के कतलगढ़ साहिब गुरुद्वारा पहुंचे थे जहां उन्होंने परिवार के साथ गुरद्वारे में मत्था टेका।  रविवार को काफी उठापटक के बाद चरणजीत सिंह चन्नी को विधायक दल का नेता चुना गया था।

SEPT 20, 2021 13:32 IST

चन्नी ने किया ऐलान

चन्नी ने सीएम बनने के बाद ऐलान करते हुए कहा, 'किसानों के लिए बिजली मुफ्त होनी चाहिए, इसलिए हमारी सरकार किसानों के बड़े बिजली बिल माफ करेगी। अगर किसी की बिजली कटी है तो हम उसके घर बिजली कनेक्शन बहाल करेंगे। हमारी सरकार किसानों की सरकार है। किसानों पर कोई आंच आएगी, तो मैं अपना गला काट कर दे दूंगा। अगर किसान डूबा, तो देश डूब जाएगा, अर्थव्यवस्था डूब जाएगी। किसान खुशहाल होंगे तो ही पंजाब खुशहाल होगा। पंजाब के किसान को कमजोर नहीं होने दिया जाएगा। तीनों कृषि कानूनों को वापस लिया जाना चाहिए।'
 

SEPT 20, 2021 12:12 IST

पीएम मोदी ने दी चन्नी को बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब का नया मुख्यमंत्री बनाने पर बधाई दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'श्री चरणजीत सिंह चन्नी जी को पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई। पंजाब के लोगों की बेहतरी के लिए पंजाब सरकार के साथ काम करना जारी रखेंगे।'
SEPT 20, 2021 11:54 IST

कौन हैं चरणजीत सिंह चन्नी?


चन्नी दलित सिख (रामदसिया सिख) समुदाय से आते हैं और अमरिंदर सरकार में तकनीकी शिक्षा मंत्री थे। वह रूपनगर जिले के चमकौर साहिब विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वह इस क्षेत्र से साल 2007 में पहली बार विधायक बने और इसके बाद लगातार जीत दर्ज की। वह शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन के शासनकाल के दौरान साल 2015-16 में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी थे।

SEPT 20, 2021 11:30 IST

पंजाब के नए मुख्यमंत्री बने चन्नी

चरणजीत सिंह ने पंजाब के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। उनके अलावा मंत्री के रूप में सुखजिंदर सिंह रंधावा तथा ओम प्रकाश सोनी ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली। अमृतसर सेंट्रल से विधायक सोनी कैप्टन सरकार में शिक्षा मंत्री थे। वहीं रंधावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और पहले उनका नाम भी सीएम पद की दौड़ में शामिल था।
SEPT 20, 2021 11:11 IST

अकाली दल का कांग्रेस पर निशाना

शिरोमणि अकाली दल के नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- 'चुनाव में चेहरा बदलने की बात सभी दलितों का अपमान'
SEPT 20, 2021 11:01 IST

कैप्टन ने किया चन्नी को लंच पर आमंत्रित


कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नए सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को दोपहर में अपने फार्म हाउस पर लंच के लिए आमंत्रित किया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि चन्नी इस लंच समारोह में शामिल होते हैं या नहीं।  इसके अलावा इस लंच में कुछ विधायक तथा कुछ सांसद भी इस लंच में शामिल हो सकते हैं। यह लंच दोपहर एक बजे आयोजित किया गया है।

SEPT 20, 2021 10:57 IST

दो उपमुख्यमंत्री भी लेंगे शपथ

चन्नी पंजाब में मुख्यमंत्री बनने वाले दलित समुदाय के पहले व्यक्ति होंगे। उप मुख्यमंत्री बनने जा रहे रंधावा जट सिख और मोजिंद्रा हिंदू समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि चन्नी मुख्यमंत्री पद के लिए राहुल गांधी की पसंद हैं। चन्नी के साथ सुखजिंदर सिंह रंधावा और ब्रह्म मोहिंद्रा भी शपथ लेंगे जो पंजाब सरकार में उप मुख्यमंत्री होंगे।
 

SEPT 20, 2021 10:50 IST

रावत के बयान से मचा घमासान

कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ के ट्वीट 'चरणजीत चन्नी के शपथ ग्रहण के दिन हरीश रावत का कहना कि अगला चुनाव सिद्धू के नेतृत्व में लड़े जाएंगे' पर कांग्रेस नेता हरमिंदर सिंह गिल ने कहा उन्होंने जो बयान दिया है उस पर सिर्फ वही टिप्पणी कर सकते हैं। चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब के मुख्यमंत्री बनाने का फै़सला पार्टी आलाकमान का है न कि हरीश रावत जी का फै़सला है। 
 

SEPT 20, 2021 10:10 IST

अमित मालवीय का निशाना

भाजपा नेता अमित मालवीय ने सुनील जाखड़ के बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा- यदि केवल गांधी परिवार के चुने हुए नवजोत सिंह सिद्धू के लिए सीट पर कब्जा करने के लिए चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया गया है, तो यह पूरे दलित समुदाय का बहुत बड़ा अपमान है। यह पूरी तरह से कांग्रेस द्वारा दलित सशक्तिकरण के नैरेटिव को कमजोर करता है। शर्म की बात है।

SEPT 20, 2021 09:53 IST

हरीश रावत के बयान से जाखड़ हैरान

कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ ने हरीश रावत के बयान पर हैरानी जताई है। जाखड़ ने कहा, 'मुख्यमंत्री के रूप में चरणजीत चन्नी के शपथ ग्रहण के दिन, श्री रावत का यह कथन कि "चुनाव सिद्धू के नेतृत्व में लड़े जाएंगे", चौंकाने वाला है। यह एक सीएम के अधिकार को कमजोर करने जैसा है, साथ ही उनके इस पद पर चयन के पार्टी के मकसद को भी विफल करने वाला है।'
SEPT 20, 2021 09:41 IST

दिग्गज नेताओं ने दी चन्नी को बधाई

विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद चन्नी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और प्रदेश प्रभारी हरीश रावत ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, वरिष्ठ नेता अमरिंदर सिंह, मनीष तिवारी तथा कई अन्य पार्टी नेताओं ने चन्नी को बधाई दी। अमरिंदर सिंह ने उम्मीद जताई कि वह सीमान्त राज्य पंजाब और लोगों की सुरक्षा कर सकेंगे ।

SEPT 20, 2021 09:39 IST

शपथग्रहण से पहले गुरुद्वारा पहुंचे चरणजीत सिंह

शपथग्रहण से पहले चरणजीत सिंह अब कुछ देर पहले चमकौर के कतलगढ़ साहिब गुरुद्वारा पहुंचे जहां उन्होंने परिवार के साथ गुरद्वारे में मत्था टेका। वह पंजाब के पहले दलित नेता हैं, जो राज्य का मुख्यमंत्री बनेंगे। अट्ठावन वर्षीय चन्नी सोमवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।