LIVE

India 75th Independence Day 2022: आजादी का जश्न, महिला कलाकारों के साथ ममता ने किया नृत्य

India Independence Day 2022 Parade, Flag Hoisting, PM Modi Speech: देश आजादी के 75 साल के जश्न में डूबा है। कश्मीर से लेकर कन्याकुमार और अरुणाचल प्रदेश से लेकर गुजरात के कच्छ तक 'हर घर तिरंगा' अभियान एवं तिरंगे की धूम है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने आवास पर तिरंगा फहराया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों को आजादी की शुभकामनाएं दी हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Aug 15, 2022, 14:00 IST
Follow on Google News
India 75th Independence Day 2022: आजादी का जश्न, महिला कलाकारों के साथ ममता ने किया नृत्य

India Independence Day 2022 Parade, Flag Hoisting, PM Modi Speech: देश और दुनिया से आजादी के जश्न की शुभकामनाएं मिल रही हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने भारत को आजादी की शुभकामनाएं दी हैं। सिक्किम से लेकर लद्दाख तक हजारों फीट की ऊंचाई पर जवानों का उत्साह चरम पर है। इन जगहों पर जवानों ने तिरंगा लहराते हुए आजादी के नारे लगाए और राष्ट्रध्वज के साथ मार्च किया। जम्मू कश्मीर में तिरंग के लेकर विशेष उत्साह नजर आया है। यहां मस्जिदों में तिरंगा फहराया गया है। मौलवियों का कहना है कि वह हिंदुस्तानी हैं और उनके दिल में तिरंग बसता है। हरियाणा के झज्जर में रविवार को 6,600 फीट लंबा तिरंगा रैली निकाली गई।

PM Modi Independence Day Speech 2022 LIVE Updates: आज 9वीं बार लालकिले की प्राचीर से देश को संबोधित करेंगे पीएम मोदी

आजादी के इस जश्न को खास बनाने के लिए लोगों ने विशेष आयोजन किया है। इंदौर में लोगों ने भारत के नक्शे की मानव श्रृंखला बनाकर एक रिकॉर्ड बनाया। 15 अगस्त को प्रधानमंत्री मोदी लाल किले की प्रचारी से अपना ऐतिहासिक भाषण देंगे। इसे देखते हुए लाल किले के आस-पास सुरक्षा काफी कड़ी कर दी गई है। 

AUG 15, 2022 11:30 IST

महिला कलाकारों के साथ ममता ने किया नृ्त्य

राज्यों की राजधानियों में मुख्यमंत्रियों द्वारा राष्ट्रध्वज फहराया गया है। तिरंगा फहराने के बाद शहरों में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए हैं। दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में सीएम अरविंद केजरीवाल गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया और तिरंगा फहराया। तो पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में महिला कलाकारों के साथ नृत्य किया। तिरूवनंतपुरम में सीएम पिनरई विजयन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। 

AUG 15, 2022 11:13 IST

युवाओं के सपनों एवं उम्मीदों को पूरा कर रहा राज्य-मनोज सिन्हा

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जम्मू कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा ने कहा कि युवाओं के सपनों एवं उम्मीदों के हिसाब से राज्य में चीजें की जा रही हैं। तीन साल पहले पीएम मोदी ने राज्य में आर्थिक एवं सामाजिक विकास की नींव रखी। तब से चुनौतियों के बावजूद राज्य में उल्लेखनीय विकास हुआ है। पिछले वित्तीय वर्ष में हमने 50,726 योजनाओं को पूरा किया।  

AUG 15, 2022 10:55 IST

सोनिया गांधी ने देशवासियों को बधाई दी

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है। उन्होंने कहा कि 'पिछले 75 वर्षों में भारत ने प्रतिभाशाली भारतीयों की कड़ी मेहनत के माध्यम से विज्ञान, शिक्षा, स्वास्थ्य, सूचना प्रौद्योगिकी और अन्य क्षेत्रों में वैश्विक पहचान बनाई है।' कांग्रेस ने पीएम मोदी के भाषण पर प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस ने कहा कि पीएम ने अपने भाषण से देश और अपने समर्थकों को निराश किया। 
 

AUG 15, 2022 09:53 IST

नीतीश, मान और बघेल ने तिरंगे को दी सलामी

राजधानियों में मुख्यमंत्रियों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया है। रायपुर में पुलिस परेड ग्राउंड में छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने झंडारोहण किया तो पंजाप के सीएम भगवंत मान ने लुधियाना के गुरुनानक स्टेडियम में तिरंगा फहराया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। 

AUG 15, 2022 09:50 IST

सीएम योगी ने स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया

सीएम योगी ने कहा कि आजादी के बाद जिन वीर सैनिकों ने देश की बाहरी एवं आतंरिक सुरक्षा को रखा, उन सभी अज्ञात-ज्ञात वीर सैनिकों का स्मरण करते हुए वह उन्हें श्रद्धांजलि देते हैं। सीएम ने कहा कि यह आजादी का यह विशेष अवसर आगे बढ़ने की प्रेरणा देने वाला है। इससे पहले सीएम योगी ने विधानसभा में तिरंगा फहराया। 

AUG 15, 2022 09:46 IST

नेपाल ने दी शुभकामनाएं

नेपाल के विदेश मंत्रालय ने आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर भारत को बधाई दी है। नेपाल के विदेश मंत्री डॉ नारायण खड़का ने भारत के 76वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विदेश मंत्री डॉ एस. जयशंकर को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। 

AUG 15, 2022 09:16 IST

लखनऊ में सीएम योगी ने तिरंगा फहराया 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लखनऊ में विधान सभा में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर राष्ट्रगान गाया गया। राजधानी लखनऊ में कई तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। सीएम योगी ने लखनऊ में रविवार को तिरंगा रैली को रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने सभी जवानों को प्रोत्साहित किया और इसके साथ ही कहा कि सभी को अपने मन में राष्ट्र के प्रति प्रथम भाव रखना चाहिए, तभी अपना देश विश्वशक्ति बन सकता है। 

AUG 15, 2022 09:06 IST

महाकाल मंदिर में खास पूजन

आजादी के इस विशेष अवसर पर उज्जैन के महाकाल मंदिर में खास पूजन किया गया। मंदिर भगवान शंकर के शिवलिंग के ऊपर तिरंगा रखा गया। महाकाल मंदिर को खास तरीके से सजाया गया है। 
 

AUG 15, 2022 08:30 IST

हमें पानी और बिजली बचाना होगा-पीएम

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया के जिन देशों ने प्रगति की है वहां नागरिकों ने अपने कर्तव्यों को निभाया है। हमें पानी और बिजली बचाना होगा। प्राकृतिक खेती करना हमारा कर्तव्य है। हम इच्छित लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। कोई भी नागरिक कर्तव्य से अछूता नहीं है। 

AUG 15, 2022 08:05 IST

मुंबई में भी सुरक्षा कड़ी

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी सुरक्षा चाक चौबंद कर दी गई है। पुलिस ने सड़कों पर गश्ती बढ़ा दी है और ड्रोन रोधी प्रणाली भी तैनात की गई है। एक अधिकारी के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर कोई खतरे की विशिष्ट सूचना नहीं है, लेकिन महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा, 'हम अप्रिय घटना को रोकने के लिए जांच कर रहे हैं। बुधवार से 'ऑपरेशन ऑल आउट' चल रहा है, जिसमें होटलों, वाहनों की जांच करना और सड़क पर नाकेबंदी करना शामिल है। हिस्ट्रीशीटर व अपराधी छवि वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।'
 

AUG 15, 2022 07:52 IST

दिल्ली में धारा 144 लागू

विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) दीपेंद्र पाठक ने बताया था कि दिल्ली में दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 पहले ही लगा दी गई है। पंद्रह अगस्त को लाल किले पर कार्यक्रम समाप्त होने तक कोई भी पतंग, गुब्बारा या चीनी कंदील उड़ाता हुआ पाया गया तो उसे दंडित किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की ड्रोन-रोधी प्रणाली भी स्थापित की गई है।

AUG 15, 2022 07:38 IST

लाल किले से पीएम ने देशवासियों को दी बधाई

राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के बाद पीएम मोदी लाल किले पहुंचे। यहां पहुंचने पर उन्होंने गॉर्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण करने के बाद तिरंगा फहराया। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत आजादी के शुभकामना संदेश के साथ की। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर मैं देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। हिंदुस्तान और दुनिया के हर कोने में किसी न किसी रूप में भारतीयों के द्वारा या भारत के प्रति अपार प्रेम रखने वाले के द्वारा हमारा तिरंगा आन-बान-शान से लहरा रहा है। मैं विश्व भर में फैले भारतीयों को आजादी के अमृत महोत्सव की बहुत-बहुत बधाई देता हूं। आज का यह दिवस ऐतिहासिक दिवस है। यह पुण्य पड़ाव एक नई राह, एक नए संकल्प और नए सामर्थ्य के साथ कदम बढ़ाने का शुभ अवसर है। 

AUG 15, 2022 07:20 IST

सिक्किम से लेकर लद्दाख तक लहराया तिरंगा

सिक्किम से लेकर लद्दाख तक तिरंगे की धूम है। सरहद की सुरक्षा में तैनात जवानों ने 18,000 फीट से ज्यादा ऊंचाई पर राष्ट्रीय ध्वज को लेकर मार्च किया है। उत्तराखंड में 17,500 फीट की ऊंचाई पर आईटीबीपी के जवानों ने आजादी का जश्न मनाया और आजादी के नारे लगाए। लद्दाख में पेगोंग झील के किनारे भी आईटीबीपी ने तिरंगे के साथ मार्च किया। 

AUG 15, 2022 07:13 IST

लाल किले के आस-पास पतंग उड़ाने पर रोक

लाल किले पर प्रवेश द्वारों पर चेहरे से पहचान करने वाली प्रणाली युक्त कैमरों से लेकर बहु स्तरीय सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। साथ में किले के आसपास के इलाकों में इमारतों की छतों पर और संवेदनशील स्थानों पर 400 से ज्यादा पतंगबाज़ों और पतंग पकड़ने वालों को तैनात किया गया है। इसके अलावा लाल किले के पांच किलोमीटर के इलाके को समारोह समाप्त होने तक ‘नो काइट ज़ोन‘ (पतंग उड़ाने पर रोक) क्षेत्र घोषित किया गया है।

AUG 15, 2022 07:01 IST

पीएम मोदी ने देशवासियों को बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है -जय हिंद! पीएम मोदी आज लगातार नौवी बार लाल किले से तिरंगा फहराएंगे। वह ऐसा करने वाले दूसरे गैर-कांग्रेसी पीएम है। लाल किले से सबसे ज्यादा झंडा फहराने का रिकॉर्ड पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू के नाम पर है। पीएम राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद अपना भाषण देंगे।

AUG 15, 2022 06:56 IST

गृह मंत्री अमित शाह ने शुभकामनाएं दीं

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा है कि 76वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। आज भारत की संस्कृति,जीवंत लोकतांत्रिक परंपरा व 75 साल की उपलब्धियों पर गर्व करने का दिन है। खुद को तिल-तिल जलाकर देश में आजादी का सूर्योदय करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों व देश की रक्षा हेतु सर्वस्व अर्पण करने वाले वीर जवानों को नमन करता हूँ। मोदी जी राष्ट्रहित को सर्वोपरि रख हमारे वीर सेनानियों के एक सशक्त व आत्मनिर्भर भारत के सपने को चरितार्थ कर रहे हैं। आजादी के अमृत महोत्सव पर सभी से अपील करता हूँ कि शताब्दी वर्ष तक भारत को पुन: विश्वगुरु बनाने की इस अविरल विकास यात्रा में परिश्रम की पराकाष्ठा कर अपना योगदान दें।

AUG 15, 2022 06:54 IST

राजनाथ सिंह ने झंडा फहराया

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली स्थित अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया है। उन्होंने तिरंगा फहराने के उसे सैल्यूट किया। यहां से रक्षा मंत्री लाल किले के लिए रवाना हुए। लाल किले पर प्रधानमंत्री लगातार नौवी बार तिरंगा फहराएंगे। आज उनका भाषण ऐतिहासिक होगा। पीएम के भाषण पर सभी की नजरें टिकी हैं। 

AUG 15, 2022 06:46 IST

कश्मीर में मुख्य समारोह शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में

कश्मीर में मुख्य समारोह शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में होगा और इसकी अध्यक्षता उपराज्यपाल मनोज सिन्हा करेंगे। इसके मद्देनजर ड्रोन, स्नाइपर और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को निगरानी के लिए तैनात किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, वाहनों की जांच बढ़ा दी गई है, जबकि शहर और घाटी में कई जगहों पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों को भारी संख्या में तैनात किया गया है ताकि समारोह को बाधित करने के आतंकवादियों के किसी भी प्रयास को विफल किया जा सके। उन्होंने बताया कि घाटी में कई स्थानों पर वाहनों और लोगों की औचक तलाशी ली जा रही है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए स्टेडियम के आसपास की सभी ऊंची इमारतों पर शार्प शूटर तैनात किए गए हैं।

AUG 15, 2022 06:33 IST

अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने दी बधाई

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने स्वतंत्रता दिवस पर भारत को बधाई एवं शुभकामना दी है। उन्होंने कहा है कि भारतीय-अमेरिकियों सहित दुनिया भर के लोग भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। अमेरिका अपनी लोकतांत्रिक यात्रा का सम्मान करने के लिए भारत के लोगों के साथ शामिल होता है, जो महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के स्थायी संदेश द्वारा निर्देशित है। 

AUG 15, 2022 06:29 IST

लोकसभा स्पीकर ने दी शुभकामनाएं

लोकसभा के स्पीकर ओम बिड़ला ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। स्पीकर ने कहा कि यह अवसर स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने और भारत की उन्नति एवं समृद्धि के प्रति अपना समर्पण दिखाने का है। हमें मजबूत एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देना है। 

AUG 15, 2022 06:16 IST

दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

दिल्ली: 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुरक्षा कड़ी की गई। आने जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। लाल किले के आस-पास सुरक्षा काफी कड़ी की गई है। यहां डीआरडीओ की ओर से विकसित एंटी-ड्रोन सिस्टम की तैनाती की गई है। लाल किले के आस-पास करीब 10 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती हुई है। 

AUG 15, 2022 06:14 IST

मिठाई पर जवानों को 50 फीसदी का डिस्काउंट 

प्रधानमंत्री मोदी के 'हर घर तिरंगा' अभियान से प्रभावित होकर गुजरात के एक दुकानदार ने कुछ ऐसा किया है, जिसे जानकर आप उसे सैल्यूट किए बिना नहीं रह पाएंगे। इस दुकानदार ने भारतीय सेना के जवानों के लिए अपनी मिठाई की दुकान से गजब का ऑफर दिया है। इस ऑफर के बारे में जानकर आप दुकानदार की जमकर तारीफ करेंगे। दरअसल, इस दुकानदार ने ऐलान किया है कि वह अपनी दुकान पर भारतीय सेना के जवानों को 50 फीसदी का डिस्काउंट देगा।
 

AUG 14, 2022 16:58 IST

लाल किले के आसपास सीसीटीवी से निगरानी

15 अगस्त की तैयारी को देखते हुए दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर है। राजधानी के सभी इलाकों में सुरक्षा कड़ी की गई है। खासकर लाल किले और इसके आस-पास के इलाकों में सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा रही है। लाल किले की आस-पास के इलाकों में दुकानें बंद कर दी गईं। इस क्षेत्र की निगरानी के लिए करीब 4000 सीसीटीवी लगाए गए हैं। 

AUG 14, 2022 16:57 IST

1 करोड़ से अधिक राष्ट्रीय ध्वज की बिक्री 

बीते 10 दिनों की छोटी अवधि के भीतर ही डाकघरों के साथ-साथ ऑनलाइन के माध्यम से देशभर में नागरिकों को 1 करोड़ से अधिक राष्ट्रीय ध्वज की बिक्री की गई है। संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के मुताबिक डाक विभाग अपने 1.5 लाख डाकघरों के सर्वव्यापी नेटवर्क के साथ देश के हर एक नागरिक के लिए 'हर घर तिरंगा' कार्यक्रम को कार्यान्वित कर रहा है। संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने बताया कि पूरे देश के 4.2 लाख डाक कर्मचारियों ने शहरों, कस्बों व गांवों में, सीमावर्ती क्षेत्रों में, वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित जिलों (एलडब्ल्यूई) और पहाड़ी व जनजातीय क्षेत्रों में 'हर घर तिरंगा' के संदेश का उत्साहपूर्वक प्रचार किया है।