LIVE

Farmers protest : किसान संघों के नुमाइंदों के साथ सरकार की सार्थक बातचीत का दावा

केंद्र सरकार के कृषि कानून के विरोध में किसान संगठनों का गुस्सा चरम पर है। दिल्ली की सीमा पर पिछले चार दिन से डेरा जमाए बैठे हुए हैं। किसानों ने साफ कर दिया है कि जब तक कानून वापस नहीं विरोध जारी रहेगा। इस बीच किसानों से बातचीत के लिए सरकारी तंत्र में भी बैठकों का दौर जारी है। मंगलवार को किसानों के प्रतिनिधिमंडलों के साथ सरकार की बातचीत हुई।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Dec 1, 2020, 22:27 IST
Follow on Google News
 Farmers protest : किसान संघों के नुमाइंदों के साथ सरकार की सार्थक बातचीत का दावा
Photo Credit: PTI

कृषि कानूनों पर किसानों के बीच संशय को खत्म करने के लिए केंद्र सरकार और किसान प्रतिनिधिमंडलों के बीच विज्ञान भवन में करीब साढ़े तीन घंटे तक बातचीत हुई लेकिन इस वार्ता में समस्या का कोई समाधान नहीं निकल पाया। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बैठक के बाद कहा कि किसानों के प्रतिनिधिमंडल के साथ अगली बातचीत तीन दिसंबर को होगी।

DEC 01, 2020 21:33 IST

किसान संघों के नुमाइंदों के साथ बातचीत अच्छी रही : तोमर

किसान संघों के नुमाइंदों के साथ बैठक के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि बातचीत सार्थक रही। हमने नेताओं से एक छोटा समूह बनाने और कानून के एक-एक प्रावधानों पर चर्चा करने की बात कही। सरकार को बातचीत से कोई परहेज नहीं है। किसानों संघों के प्रतिनिधियों के साथ चौथे दौर की वार्ता अब दिसंबर को होगी। तोमर ने कहा कि हमारी बातचीत टिकैत किसान यूनियन के नेताओं के साथ भी हुई। हमने उनसे लिखित में अपने मुद्दों को देने के लिए कहा है। टिकैत यूनियन के साथ हमारी अच्छी बातचीत हुई है।
DEC 01, 2020 20:52 IST

आंदोलन से दिल्लीवालों को नहीं हो रही है परेशानी :  जैन

दिल्ली सरकार का मानना है कि दिल्ली की सीमाओं पर हो रहे किसान आंदोलन से दिल्ली में किसी तरह की परेशानी नहीं है। दिल्ली सरकार के मुताबिक किसान आंदोलन से दिल्ली के लोग किसी प्रकार की दिक्कत महसूस नहीं कर रहे हैं। साथ ही किसान आंदोलन से दिल्ली वालों की रोजमर्रा कि जिंदगी में कोई व्यवधान नहीं पड़ा है। दिल्ली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन ने किसान आंदोलन के कारण दिल्ली और दिल्ली वालों को हो रही किसी भी परेशानी से इनकार किया है। इस विषय पर उन्होंने कहा, "हमें पहले उन किसानों का सोचना चाहिए जो 500 किलोमीटर दूर अपने घरों से चलकर अपनी बात और परेशानी बताने यहां आए हैं। केंद्र सरकार को जल्द से जल्द किसानों की परेशानियों पर ध्यान देना चाहिए और उनसे बात कर के कृषि कानूनों में बदलाव या उनकी जो भी परेशानी है, उसे दूर करना चाहिए।"

DEC 01, 2020 20:20 IST

अब कृषि भवन में किसान नेताओं के साथ बैठक

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और पीयूष गोयल कृषि भवन में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश एवं हरियाणआ के किसान नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। इससे पहले दोनों मंत्रियों की बैठक विज्ञान भवन में किसानों के 35 प्रतिनिधिमंडलों के साथ हुई। इस वार्ता में समस्या का कोई समाधान नहीं निकला। अब किसानों के प्रतिनिधियों के साथ सरकार की अगली वार्ता तीन दिसंबर को होगी। 

DEC 01, 2020 19:44 IST

अच्छी रही आज की बैठक, आंदोलन जारी रहेगा: भंगू

बैठक के बाद ऑल इंडिया किसान फेडरेशन के अध्यक्ष प्रेम सिंह भंगू ने कहा कि आज की बैठक अच्छी रही। मामले में कुछ प्रगति हुई है। हमारी सरकार के साथ अगली बातचीत तीन दिसंबर को होगी। इस बैठक में हम सरकार को बताएंगे कि कृषि कानून को कोई भी प्रावधान किसानों के हित में नहीं है। हमारा आंदोलन जारी रहेगा।

DEC 01, 2020 19:01 IST

नहीं बनी बात, अब 3 को वार्ता

विज्ञान भवन में किसानों के 35 प्रतिनिधिमंडलों के साथ सरकार की आज की बातचीत बिना किसी नतीजे पर पहुंचे समाप्त हो गई है। बैठक के बाद कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि किसानों के साथ बैठक अच्छी रही। हमारी अगली बातचीत तीन दिसंबर को होगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'हम चाहते थे कि बातचीत के लिए एक छोटी समिति बने लेकिन किसान इसके लिए तैयार नहीं हुए। किसानों के प्रतिनिधिमंडलों का कहना है कि बातचीत सभी के साथ होनी चाहिए। हमें इससे कोई परेशानी नहीं है।' जबकि किसान प्रतिनिधिमंडल के सदस्य चंदा सिंह ने कहा कि नए कृषि कानूनों के खिलाफ हमारा आंदोलन जारी रहेगा। हम सरकार से बुलेट अथवा एक शांतिपूर्ण समाधान जरूर लेंगे। हम बातचीत के लिए फिर आएंगे।
DEC 01, 2020 18:18 IST

चिल्ला बॉर्डर हुआ बंद

प्रदर्शनकारी किसान दिल्ली यूपी लिंक रोड को बंद कर रहे हैं। इसे देखते हुए चिल्ला बॉर्डर (दिल्ली-नोएडा लिंक रोड) को सील कर दिया गया है। सड़क बंद किए जाने के बाद दिल्ली यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। यातायात पुलिस ने कहा है कि नोएडा की तरफ जाने वाले लोग गाजीपुर/अक्षरधाम फ्लाईओवर से यूटर्न लेकर सराय काले खां मार्ग का इस्तेमाल करें।
DEC 01, 2020 17:40 IST

सरकार ने दिया समिति बनाने का प्रस्ताव

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बैठक में किसान कृषि कानूनों को वापस लिए जाने की अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। इस मसले को सुलझाने के लिए सरकार ने किसानों के सामने किसान संगठन समिति बनाने का प्रस्ताव दिया है। इस समिति के लिए सरकार ने किसानों से चार-पांच नाम देने के लिए कहा है। इस समिति में सरकार के सदस्य एवं कृषि विशेषज्ञ भी शामिल होंगे। यह समिति नए कृषि कानूनों पर बातचीत करेगी। 

DEC 01, 2020 17:28 IST

 किसानों के खिलाफ मामले वापस ले सरकार : कांग्रेस

कांग्रेस ने मंगलवार को मांग की कि तीनों कृषि कानूनों को तत्काल निलंबित किया जाए और किसानों के खिलाफ सभी मामले वापस लिए जाएं। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, "सरकार को खुले दिल से किसानों से बात करनी चाहिए और प्रधानमंत्री को तीनों केंद्रीय कृषि कानूनों को निलंबित करने और किसानों के खिलाफ सभी मामलों को वापस लेने की घोषणा करनी चाहिए।"

DEC 01, 2020 17:06 IST

एमएसपी पर प्रेजेंटेशन दे रही सरकार

नए कृषि कानूनों पर किसानों की आशंकाओं दूर करने के लिए सरकार की तरफ से उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) एवं एपीएमसी पर विस्तृत प्रेजेंटेशन दे रही है। किसानों के 35 प्रतिनिधिमंडलों के साथ सरकार की विज्ञान भवन में बैठक चल रही है। इस बैठक में सरकार की तरफ से केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और पीयूष गोयल हिस्सा ले रहे हैं।
DEC 01, 2020 16:42 IST

किसानों के साथ गतिरोध दूर करने के लिए आगे आएं पीएम: गहलोत

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आंदोलनरत किसानों को बातचीत के लिए बुलाने के केंद्र सरकार के फैसले को सही दिशा में उठाया गया कदम बताते हुए मंगलवार को कहा कि गतिरोध को समाप्त करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आगे आना चाहिए। गहलोत ने ट्वीट किया, ‘किसान यूनियनों को बातचीत के लिए केंद्र का आमंत्रण सही दिशा में उठाया गया कदम है लेकिन यह बहुत देरी से उठाया गया। इस आंदोलन को लेकर न केवल देश, बल्कि उन अन्य देशों में भी चिंता बढ़ रही है जहां बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोग रहते हैं।’ उन्होंने कहा कि गतिरोध को समाप्त करने के लिए प्रधानमंत्री को अगुवाई करनी चाहिए। किसानों की उचित मांगें माननी होंगी।

DEC 01, 2020 16:26 IST

विचार-विमर्श के बाद सरकार समाधान निकालेगी: कृषि मंत्री तोमर

केंद्रीय मंत्रियों और 30 से अधिक किसान संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच चल रही चल रही वार्ता के बीच सरकार ने मंगलवार को विश्वास जताया कि वह आंदोलनकारी किसानों द्वारा उठाये गये मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के बाद किसी समाधान पर पहुंचेगी। यहां विज्ञान भवन में बैठक के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के साथ रेल तथा वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और वाणिज्य राज्यमंत्री सोम प्रकाश, जो पंजाब के एक सांसद भी हैं, भी मौजूद थे। बैठक के लिए पहुंचे तोमर ने पत्रकारों से कहा, ‘हम उनके मुद्दों को हल करने के लिए चर्चा के लिए तैयार हैं। देखते हैं क्या निकलता है।’ उन्होंने आगे कहा कि किसान संगठनों के प्रतिनिधियों की बात सुनने के बाद सरकार किसी समाधान पर पहुंचेगी।

DEC 01, 2020 16:07 IST

हम मसले का हल चाहते हैं -टिकैत

भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा है कि हम इस मसले पर सरकार की ओर से अंतिम समाधान चाहते हैं। हालांकि सरकार किसानों के प्रतिनिधिमंडलों के साथ बातचीत कर रही है।  

DEC 01, 2020 15:45 IST

विज्ञान भवन में बैठक शुरू

नए कृषि कानूनों पर बने गतिरोध का हल निकालने के लिए किसान संगठनों के 35 प्रतिनिधियों की सरकार के साथ विज्ञान भवन में बैठक शुरू हो गई है। सरकार की तरफ से इस बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल हिस्सा ले रहे हैं। सरकार की तरफ से बैठक की अगुवाई राजनाथ सिंह कर रहे हैं। बैठक शुरू होने से पहले केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि बातचीत के जरिए समस्या का हल निकालने की कोशिश की जाएगी। तोमर ने कहा कि सरकार किसानों के प्रस्तावों को सुनेगी।

DEC 01, 2020 15:19 IST

सरकार के साथ बातचीत के लिए विज्ञान भवन पहुंचे किसानों के प्रतिनिधि

नए कृषि कानूनों पर सरकार के साथ बातचीत के लिए विज्ञान भवन पहुंच गए हैं। इस बैठक में किसानों के 35 प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। बैठक में कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह भाग ले रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में सरकार कृषि कानूनों को लेकर जो किसानों के मन में आशंकाएं हैं उन्हें दूर कर सकती है। सरकार की तरफ से बैठक की अगुवाई राजनाथ सिंह करेंगे।
DEC 01, 2020 14:52 IST

किसानों की ये हैं प्रमुख मांगे

केंद्र सरकार से किसान इन प्रमुख मांगों पर चर्चा करने वाले हैं।सबसे पहले तीनों कृषि कानूनों को तत्काल हटाया जाए।एमएसपी और खरीद को संशोधन के दायरे में लाया जाए।इलेक्ट्रिसिटी अध्यादेश न लाया जाए अगर ऐसा होता होगा तो सब्सिडी कंपोनेंट में 20 फीसद की कमी आ जाएगी।पराली जलाने पर किसानों को दंड न दिया जाएतत्काल प्रभाव से किसानों पर दर्ज आपराधिक मुकदमों को हटाया जाए। 

DEC 01, 2020 14:41 IST

किसानों के प्रदर्शन में भीम आर्मी शामिल

दिल्ली यूपी बॉर्डर पर भीम आर्मी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ऊर्फ रावण किसानों के प्रदर्शन में शांंमिल हुए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की मांगों को मानने की बजाए दमन का रास्ता अपना रही है। जब तक केंद्र सरकार अन्नदाताओं की मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार नहीं करती है तब तक वो इस आंदोलन को समर्थन देते रहेंगे। 

DEC 01, 2020 13:36 IST

किसान आंदोलन की आंच खट्टर सरकार पर

निर्दलीय विधायक सोमवीर सांगवान ने खट्टर सरकार से समर्थन वापस ले लिया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से सरकार की तरफ से बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की गई है उससे वो आहत हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी सूरत में किसान विरोधी सरकार को समर्थन देना लोगों के साथ धोखा होगा। उन्हें ऐसा लगा कि खट्टर सरकार को अब समर्थन देने की आवश्यकता नहीं है। 

DEC 01, 2020 13:21 IST

3 बजे सरकार के साथ बैठक में शामिल होंगे किसान संगठन

ऐसा लग रहा है कि किसान संगठनों ने भी अपने सुर में नरमी लाई है। किसान संगठनों ने सरकार के साथ बैठक में शामिल होने का फैसला किया है। पहले देश भर के सभी संगठनों को बुलाए जाने की मांग थी। पंजाब किसान यूनियम के स्टेट प्रेसिडेंट आर एस मंशा ने कहा कि वो बैठक में शामिल होने के लिए जा रहे हैं। 

DEC 01, 2020 12:35 IST

भारत के अंदरूनी मामले में कनाडा का दखल

दिल्ली की सीमा पर किसान डटे हुए हैं। उन्हें केंद्र सरकार के कानून पर ऐतराज है। इन सबके बीच कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो ने इस मुद्दे पर बयान देकर भारत के आंतरिक मामलों में दखल देने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से भारत में किसान अपने विरोध का दर्ज करा रहे हैं वो हमारे लिए भी माएने रखता है। लेकिन विरोध के तमाम शांतिपूर्ण तरीके हैं जिसका इस्तेमाल करना चाहिए। 

DEC 01, 2020 12:23 IST

किसानों के समर्थन में कमल हासन

कृषि कानून को किसान एक तरफ काला कानून बताकर केंद्र सरकार के फैसले का  विरोध कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ राजनीतिक दलों को इस मुद्दे पर सियासत करने का मौका मिल गया है। तमिलनाडु कीधरती से कमल हासन ने कहा के केंद्र की मोदी सरकार को जिद छोड़कर किसानों से इस मुद्दे पर बातचीत करनी चाहिए।  

DEC 01, 2020 11:28 IST

बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा के घर पहुंचे शीर्ष मंत्री

किसानों के प्रदर्शन के बीच केंद्र सरकार के मंत्रियों के बीच मंथन जारी है। इस सिलसिले में गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के घर पर पहुंचे।इससे पहले कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों से बातचीत के लिए तैयार है लेकिन उन्हें अपने प्रदर्शन को रोक देना चाहिए। 

DEC 01, 2020 11:13 IST

सरकारी स्तर पर मंथन जारी

कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों के सख्त तेवर के बाद सरकारी कोशिश भी तेज हो गई है। आज होने वाली बैठक से पहले केंद्र सरकार में वरिष्ठ मंत्री विचार मंथन में जुटे हुए हैं कि किस तरह से किसान संगठनों के भ्रम को दूर किया जा सकता है। इससे पहले कई आला मंत्री कह चुके हैं कि एमएसपी के मुद्दे पर किसी को डरने की जरूरत नहीं है। 

DEC 01, 2020 10:49 IST

सिंघु और टिकरी बॉर्डर पूरी तरह बंद

कृषि कानून के विरोध में किसान सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर पूरी तरह टिके हुए हैं। दिल्ली पुलिस ने इन दोनों जगहों को सील कर दिया है। इसके साथ ही दैनिक यात्रियों को सलाह दी गई है कि वो वैकल्पिक रास्तों का चुनाव करें ताकि किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

DEC 01, 2020 10:02 IST

टिकरी बॉर्डर ट्रैफिक मूवमेंट के लिए बंद

दिल्ली यातायात पुलिस का कहना है कि टिकरी बॉर्डर किसी भी ट्रैफिक मूवमेंट के लिए बंद है हालांकि हरियाण के लिए उपलब्ध खुली सीमाएँ हैं झारोदा, धांसा, दौराला झटीकरा, बडूसरी, कपसेरा, राजोखरी NH8, बिजवासन / बजघेरा, पालम विहार और डूंडाहेड़ा सीमाओं से लोग हरियाणा जा सकते हैं। पुलिस ने आम लोगों के शांति बनाए रखने की अपील की है। 

DEC 01, 2020 09:56 IST

पीएम मोदी का आरोप, राहुल गांधी का जवाब

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि अन्नदाता सड़कों-मैदानों में धरना दे रहे हैं, और ‘झूठ’ टीवी पर भाषण! किसान की मेहनत का हम सब पर क़र्ज़ है। ये क़र्ज़ उन्हें न्याय और हक़ देकर ही उतरेगा, न कि उन्हें दुत्कार कर, लाठियाँ मारकर और आंसू गैस चलाकर। जागिए, अहंकार की कुर्सी से उतरकर सोचिए और किसान का अधिकार दीजिए।

DEC 01, 2020 09:51 IST

केंद्र के खत से किसान संगठन नाराज

केंद्र सरकार ने पंजाब के 32 किसान संगठनों को बातचीत का न्योता दिया है।इस विषय पर किसान मजदूर संघर्ष कमिटी पंजाब के महासचिव का कहना है कि  देश के सभी संगठनों को बुलावा नहीं भेजा गया,यह किसानोंमें फूट डालने की कवायद है । बातचीत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फैसला सुना दिया है​ कि हमने कृषि कानून बहुत बढ़िया हैं इस तरह के माहौल में बातचीत का अंदाजा लग चुका है।

DEC 01, 2020 09:35 IST

रास्ता निकालने की कवायद

किसानों के साथ गतिरोध समाप्त करने के लिए केंद्र सरकार ने किसानों के संगठनों को बातचीत के लिए न्यौता भेजा है। हालांकि किसान संगठन की तरफ से किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं आई है। इस बीच पीएम मोदी कह चुके हैं कि एमएसपी और मंडियों को समाप्त नहीं किया जाएगा।

DEC 01, 2020 09:33 IST

यूपी और बिहार से कई संगठन आने के लिए तैयार

भारतीय किसान यूनियन के राकेश टिकैत ने कहा कि केंद्र के खिलाफ किसानों का गुस्सा चरम पर है। यूपी और बिहार के कई संगठन दिल्ली आने के लिए तैयार हैं। केंद्र सरकार जिस तरह से किसानों को बेवकूफ बना रही है उसके खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी। 

DEC 01, 2020 09:30 IST

हरियाणा के गृहमंत्री को दिखाए गए काले झंडे

केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ हरियाणा के अंबाला में किसानों ने जमकर प्रदर्शन किया। किसानों मे हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज को काले झंडे दिखाए और नारेबाजी की। किसानों ने कहा कि अंतिम सांस तक केंद्र सरकार के काले कानून के खिलाफ विरोध जारी रहेगा।