Covid: WHO बोला- पिछले सप्ताह कोविड-19 के नये वैश्विक मामलों में 71 फीसदी की वृद्धि हुई
देशभर में कोविड के बढ़ते केस चिंता बढ़ा रहे हैं। बीते 24 घंटों की ही बात करें तो यहां एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 90 हजार से अधिक केस दर्ज किए गए हैं, जबकि सवा तीन सौ लोगों ने इस घातक संक्रामक रोग से जान गंवाई है। कोविड के प्रसार को रोकने के लिए विभिन्न राज्यों की ओर से लगाई गई पाबंदियां व प्रतिबंध इस पर नियंत्रण पाने में नाकाम साबित हो रहे हैं।
कोरोना वायरस संक्रमण महामारी से जूझ रहे देश में संक्रमण के कारण हालात लगातार बेकाबू होते जा रहे हैं। बीते 24 घंटों के दौरान यहां लगभग 91 हजार कोविड केस सामने आए हैं तो 325 लोगों ने इस घातक संक्रामक रोग से जान गंवाई है। जनवरी 2022 के अब तक के आंकड़ों की ही बात करें तो बीते पांच दिनों में ही देशभर में ढाई लाख से अधिक कोविड केस सामने आ चुके हैं। कोविड के मामलों में उछाल के बीच यहां पॉजिटिविटी रेट और एक्टिव केस में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। संक्रमण दर बढ़कर जहां 6.43 फीसदी हो गई है, वहीं एक्टिव केस 2.85 लाख से अधिक हो गए हैं।
पिछले सप्ताह कोविड-19 के नये वैश्विक मामलों में 71 फीसदी की वृद्धि हुई: डब्ल्यूएचओ
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने बृहस्पतिवार को कहा कि 27 दिसंबर से दो जनवरी के दौरान इससे पिछले सप्ताह के मुकाबले कोरोना वायरस संक्रमण के नये वैश्विक मामलों में 71 फीसदी की वृद्धि देखी गई जबकि इसी अवधि में मौत के मामलों में 10 फीसदी की गिरावट रही।
मध्य प्रदेश में कोविड-19 के 1,033 नए मामले आए
मध्य प्रदेश में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 1033 नए मामले दर्ज हुए। इसके साथ ही प्रदेश में कोविड-19 बीमारी से संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 7,96,396 हो गई है जिनमें से 10,535 लोगों की मौत हो चुकी है। अधिकारी ने यह जानकारी दी। प्रदेश के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार के मुकाबले बृहस्पतिवार को आए नए मामलों की संख्या दोगुनी रही।
चंडीगढ़ में आज 331 नए कोविड मामले
बंगाल 15 हजार से अधिक मामले दर्ज किए
पश्चिम बंगाल में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 15421 नये मामले सामने आये जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 16,93,744 हो गयी । स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन में इसकी जानकारी दी गयी है। इसमें कहा गया है कि प्रदेश में 19 और संक्रमितों की मौत हुयी है जिसके बाद राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 19,846 हो गई है।
महाराष्ट्र में 36 हजार से अधिक नए केस
ओडिशा सरकार ने जारी की नई गाइडलाइंस
कोविड 19 और ओमिक्रॉन मामलों में वृद्धि के साथ, ओडिशा सरकार ने एक नया दिशानिर्देश जारी किया है। कल से रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक रात का कर्फ्यू रहेगा। शादियों में कुल 100 और अंत्येष्टि में 50 मेहमानों की अनुमति: एस.के. प्रियदर्शी, पुलिस आयुक्त, भुवनेश्वर-कटक
बिहार की स्थिति
बिहार में 5 जनवरी को 379 नए कोविड के मामले सामने आए; राज्य में सक्रिय मामलों का आंकड़ा 5,785 हो गया है। उन्होंने कम संख्या में अस्पताल में कोविड-19 मरीजों की भर्ती होने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के टीका लगाये जाने की एक वजह होने की संभावना व्यक्त करते हुए कहा कि टीके पूरी तरह से इस बीमारी से रक्षा नहीं कर सकते हैं लेकिन वे संक्रमण की गंभीरता के खिलाफ एक बचाव के रूप में काम कर सकते हैं।
अशोक गहलोत भी हुए कोविड पॉजिटिव
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी कोविड पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'आज शाम मैंने अपना कोविड टेस्ट करवाया जो पॉजिटिव आया है। मेरे बेहद हल्के लक्षण हैं एवं कोई अन्य परेशानी नहीं है। आज मेरे संपर्क में आए सभी लोगों से निवेदन है कि वे स्वयं को आइसोलेट कर लें एवं अपना कोविड टेस्ट अवश्य करवाएं।'
उत्तराखंड में आए 630 नए केस
क्या कोरोना के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए चुनाव आयोग को चुनावी रैलियों पर प्रतिबंध लगा देना चाहिए?
ओडिशा में कोविड-19 के 1,897 नए मामले, एक मरीज की मौत
ओडिशा में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 1,897 नए मामले सामने आए। जो पिछले पांच महीनों के दौरान एक दिन में सामने आए मामलों की सर्वाधिक संख्या है। स्वास्थ्य विभाग ने एक बुलेटिन में यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि नए मामलों के सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 10.6 लाख से ज्यादा हो गई। दैनिक संक्रमण दर बढ़कर 2.62 फीसदी हो गई, जो कि एक दिन पहले 1.77 फीसदी थी। विभाग ने बुलेटिन में बताया कि नए संक्रमित मरीजों में कम से कम 258 बच्चे हैं। नए मामलों में एक जनवरी (298) के आंकड़े की अपेक्षा छह गुना तक वृद्धि हुई है।
महाराष्ट्र के स्वास्थ्यमंत्री ने कही ये बात
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे बोले- मामलों की संख्या बढ़ रही है लेकिन मरीज अस्पताल में भर्ती नहीं हो रहे हैं। इसके अलावा, मौत के मामलों की संख्या में वृद्धि नहीं हुई है, चिकित्सा ऑक्सीजन की मांग नहीं बढ़ी है। आने वाले दिनों में, हम एक सीरोसर्वे करेंगे।
कल पीएम मोदी से मुलाकात करेंगी ममता
एअर इंडिया ने किया खबर का खंडन
एअर इंडिया ने उन खबरों का खंडन किया है जिसमें कहा जा रहा था कि एअर इंडिया की फ्लाइट में 125 यात्री कोविड पॉजिटिव निकले हैं। एअर इंडिया ने ट्वीट कर कहा, 'कई मीडिया घरानों ने बताया है कि रोम से अमृतसर जाने वाली एअर इंडिया की उड़ान के यात्रियों की रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव आई है। यह गलत और निराधार है। एअर इंडिया वर्तमान में रोम से कोई उड़ान संचालित नहीं कर रही है।
गृह सचिव ने बुलाई बैठक
देश में कोराना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने आज शाम इस पर चर्चा व हालात की समीक्षा के लिए बैठक बुलाई है। समझा जा रहा है इसमें देश में कोविड के मौजूदा हालात और इससे निपटने के इंतजामों की समीक्षा की जाएगी। कोई बड़ा निर्णय भी लिया जा सकता है।
दिल्ली में आज सकते हैं 14,000 से अधिक केस
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को कोविड-19 के 14 हजार से अधिक नए मामले आ सकते हैं। उन्होंने कहा, 'हम बड़ी संख्या में जांच कर रहे हैं। अगर हम ऐसा ना करें, तो दैनिक मामले 500 से 1000 हो जाएं। कई राज्य जांच नहीं करते और कहते हैं कि उनके यहां संक्रमण के मामले नहीं हैं। हम इस मामले में पूरी पारदर्शिता बरत रहे हैं। देश में हम सबसे अधिक जांच कर रहे हैं।' जैन ने पत्रकारों से कहा कि अस्पतालों में बिस्तर (बेड) की उपलब्धता को लेकर अभी दिल्ली की स्थिति ठीक है।
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय कोरोना वायरस से संक्रमित
देश में बढ़ते कोविड संक्रमण के बीच केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी और कहा, 'मेरी कोविड जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैंने खुद को पूरी तरह आइसुलेट कर लिया है। मेरे संपर्क में आये लोगों से निवेदन है कि सतर्कता बरतते हुए जरूरी कदम उठाएं।'
मेरी कोविड जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैंने खुद को पूरी तरह आइसुलेट कर लिया है। मेरे संपर्क में आये लोगों से निवेदन है कि सतर्कता बरतते हुए जरूरी कदम उठाएं।
— Nityanand Rai (@nityanandraibjp) January 6, 2022
दिल्ली में पीड़ित परिवारों को जल्द मिलेगी 50 हजार रुपये की मदद
कोविड-19 के कारण परिजनों को खोने वाले दिल्ली वासियों को दिल्ली आपदा मोचन कोष (DDRF) से 50 हजार रुपये की एकमुश्त अनुग्रह राशि दी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि यह दिल्ली सरकार द्वारा पहले से दी जा रही 50 हजार रुपये की सहायता राशि के अतिरिक्त होगी। पीड़ित परिवारों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने का निर्देश सभी जिला मजिस्ट्रेट को दिया गया है। सप्ताहांत तक इस संबंध में नोटिस जारी किए जाने का अनुमान है।
केंद्रीय मंत्री भारती पवार कोरोना वायरस से संक्रमित
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री भारती पवार ने गुरुवार को कोरोना वायरस से संक्रमित होने की जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट किया, 'आज मेरी रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हो गई और मैं घर पर पृथक-वास में हूं। पिछले कुछ दिनों में मेरे संपर्क में जो भी लोग आए हैं, वे कोविड-19 जांच करा लें और कोरोना वायरस से बचाव के लिए नियमों का पालन करें।' वह नासिक जिले के डिंडोरी से लोकसभा सदस्य हैं।
Covid Cases & Lockdown in India Live : ओमिक्रोन के 495 नए केस, टॉप पर महाराष्ट्र
देशभर में ओमिक्रोन के एक दिन में सर्वाधिक 495 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद यहां इसके मामले बढ़कर 2,630 हो गए हैं। ओमिक्रोन के कुल मामलों में सर्वाधिक 797 महाराष्ट्र में हैं, जबकि 465 केस के साथ दिल्ली दूसरे स्थान पर है।
Covid Cases & Lockdown in India Live : मुंबई में शायन अस्पताल के 30 अन्य डॉक्टर संक्रमण का शिकार
मुंबई में शायन अस्पताल के 30 अन्य डॉक्टर्स को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र में अब तक कुल 260 रेजीडेंट डॉक्टर कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं।
चुनाव आयोग को ब्रीफ करेंगे स्वास्थ्य सचिव
देश में कोविड संक्रमण के मामलों में उछाल ऐसे वक्त में देखा जा रहा है, जब पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तैयारियां भी जारी हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण आज देश में कोविड के हालात को लेकर चुनाव आयोग को जानकारी देंगे। इस मौके पर नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वीके पॉल भी मौजूद रहेंगे।
बीते 5 दिनों में ही कोविड के ढाई लाख से अधिक मामले
देशभर में बीते 5 दिनों में ही कोविड के ढाई लाख से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। नए साल की शुरुआत के साथ से लेकर 5 जनवरी तक देशभर में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 2,69,552 मामले सामने आए हैं।
पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 6.43 फीसदी हुई
देशभर में कोविड के बढ़ते संक्रमण के बीच दैनिक पॉजिटिविटी रेट बढ़कर जहां 6.43 फीसदी हो गई है, वहीं एक्टिव केस की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। देश में फिलहाल कोविड-19 के 2,85,401 एक्टिव केस हैं।
24 घंटों में कोविड-19 के 90,928 नए केस
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, देशभर में बीते 24 घंटों के दौरान कोविड-19 के 90,928 नए केस सामने आए हैं, जबकि इसी अवधि में 325 लोगों ने इस घातक संक्रामक रोग से जान गंवाई है।

