Coronavirus: बेहद खतरनाक हुआ कोरोना, महाराष्ट्र में 68 हजार से ज्यादा नए केस, 24 घंटे में 503 मौतें
Covid 19 Updates: भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों की रफ्तार प्रतिदन बढ़ती जा रही है। कई जगह रिकॉर्ड तोड़ नए मामले सामने आ रहे हैं। दिल्ली सरकार का कहना है कि अस्पतालों में बेड की कमी हो रही है और साथ ही ऑक्सीजन की भी भारी कमी है।
Coronavirus Updates in Hindi: भारत में कोरोना की वजह से हालात विकट हो गए हैं और हर दिन नया रिकॉर्ड बना रहे हैं। बीते चौबीस घंटे के दौरान ढ़ाई लाख से अधिक नए केस सामने आए हैं जबकि इस दौरान करीब 1500 लोगों की मौत हुई है। दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 24,375 नए मामले सामने आए, जो राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण के मामलों की अब तक की सर्वाधिक दैनिक संख्या है। वहीं महाराष्ट्र में शनिवार को कोरोना वायरस के अब तक के सर्वाधिक 67,123 नए मामले सामने आए है। इसके अलावा कई और राज्यों से भी लगातार रिकॉर्ड मामले सामने आ रहे हैं। यहां पढ़ें कोरोना वायरस से जुड़े ताजा अपडेट्स :
छत्तीसगढ़ में कोरोना के 12 हजार से ज्यादा नए मामले, 170 मौतें
झारखंड में कोरोना वायरस के 3992 नए मामले सामने आए हैं। 24 घंटे में 50 मौतें हुई हैं। यहां सक्रिय मामले 28,010 हुए। अभी तक 1,33,479 मरीज ठीक हो चुके हैं। राज्य में कोविड 19 से 1456 लोगों की मौत हुई है। छत्तीसगढ़ में कोरोना के 12,345 नए मामले सामने आए हैं। 24 घंटे में 14,075 मरीज डिस्चार्ज हुए हैं और 170 मौतें हुई हैं। यहां सक्रिय मामले 1,28,019 हैं। अभी तक 4,10,913 मरीज ठीक हो चुके हैं। मौत का आंकड़ा 5908 हो गया है।
MP में कोरोना के 12 हजार से ज्यादा नए केस
मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस के 12248 नए मामले सामने आए हैं। 24 घंटे में 7495 मरीज ठीक हुए हैं और 66 की मौत हुई है। राज्य में कुल 68,576 सक्रिय मामले हैं। अभी तक 3,34,947 मरीज ठीक हो चुके हैं। इस वायरस से एमपी में 4557 लोगों की जान जा चुकी है।
औद्योगिक कार्यों के लिए ऑक्सीजन की आपूर्ति पर पाबंदी
सरकार ने नौ विशेष मामलों को छोड़कर औद्योगिक कार्यों के लिए ऑक्सीजन की आपूर्ति पर पाबंदी लगाई। सभी राज्यों को भेजे पत्र में केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने कहा कि कोविड-19 के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी और इस कारण मेडिकल ऑक्सीजन की बढ़ती मांग के मद्देनजर केंद्र सरकार की तरफ से गठित उच्चाधिकार प्राप्त एक समिति ने औद्योगिक इस्तेमाल के लिए ऑक्सीजन आपूर्ति की समीक्षा की है ताकि देश में मेडिकल ऑक्सीजन की मांग पूरी की जा सके और लोगों की जान बचाई जा सके।
महाराष्ट्र में 68000 नए केस, 503 मौतें
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोविड 19 के 68,631 नए मामले सामने आए हैं। 45,654 लोग डिस्चार्ज हुए और 503 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई। यहां सक्रिय मामले 6,70,388 हुए। अभी तक 31,06,828 कुल डिस्चार्ज हुए। मौत का आंकड़ा 60,473 पहुंचा।
UP में रिकॉर्ड 30 हजार से ज्यादा नए केस
गुजरात में पिछले 24 घंटों में कोविड 19 के 10,340 नए मामले सामने आए हैं। 3,981 लोग डिस्चार्ज हुए और 110 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई। कुल मामले 4,04,561 हुए। सक्रिय मामले 61,647 हो गए हैं। अभी तक 3,37,545 रोगी ठीक हुए। मरने वालों की संख्या 5377 हुई। वहीं उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से संक्रमित 30,596 नए मामले आए हैं। प्रदेश में 1,91,457 कोरोना के एक्टिव मामले में से 97,558 लोग होम आइसोलेशन में हैं।
दिल्ली में ऑक्सीजन की भारी कमी: केजरीवाल
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली को ऑक्सीजन की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। तेजी से बढ़ते मामलों के मद्देनजर दिल्ली को सामान्य आपूर्ति की तुलना में बहुत अधिक की आवश्यकता है। आपूर्ति बढ़ाने के बजाय हमारी सामान्य आपूर्ति में तेजी से कमी आई है और दिल्ली का कोटा अन्य राज्यों में भेज दिया गया है।
दिल्ली में 25 हजार से ज्यादा नए केस
दिल्ली में कोरोना वायरस के 25462 नए मामले सामने आए हैं (सकारात्मकता दर-29.74%), 20,159 मरीज ठीक हो गए हैं और पिछले 24 घंटों में 161 मौतें हुई हैं। यहां अभी 74,941 एक्टिव केस हैं। 7,66,398 रोगी ठीक हो गए हैं। दिल्ली में अभी तक 12,121 की मौत हो चुकी है।
बिहार में 8600 से ज्यादा नए केस
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, 'बिहार में आज COVID-19 के 8,690 नए मामले सामने आए हैं।'
राजस्थान में 10000 से ज्यादा नए केस
राजस्थान में पिछले 24 घंटों में कोविड 19 के 10514 नए मामले सामने आए हैं। 3084 लोग डिस्चार्ज हुए और 42 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई। कुल मामले 4,14,869 हुए। कुल मृत्यु 3151 हुए।
अभी तक 3,44,331 कुल डिस्चार्ज हुए। राज्य में 67,387 सक्रिय मामले हैं। वहीं मुंबई में 8479 नए मामले सामने आए हैं और 24 घंटे में 53 मौतें हुई हैं। मुंबई में अब तक 12,347 मौतें हो गई हैं। कुल 87,698 एक्टिव केस हैं।
दिल्ली में हो रही ऑक्सीजन की कमी: सिसोदिया
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सरदार पटेल कोविड केंद्र का दौरा किया। उन्होंने कहा, '500 बेड कल शाम या परसो तक शुरू हो जाने चाहिए, उसके बाद पूरे 5,000 बेड अगले कुछ दिन में शुरू हो जाएंगे। जिस तरह से मामले बढ़ रहे हैं ऐसे बेड की जरूरत पड़ रही है जहां ऑक्सीजन सप्लाई हो। दिल्ली के बहुत से अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी है। कई अस्पतालों में 3-4 घंटे की ऑक्सीजन सप्लाई है। कई अस्पतालों में 10-12 घंटे में ऑक्सीजन खत्म हो सकती है। यह बहुत गंभीर स्थिति है। हमने केंद्र सरकार से निवेदन किया है कि दिल्ली को ऑक्सीजन में वरीयता दी जाए।'
हरियाणा के पूर्व सीएम हुडा कोरोना पॉजिटिव
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुडा ने बताया है कि वे और उनकी पत्नी की कोरोना वायरस टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है और वे मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं।
4 एयर लाइंस के खिलाफ FIR दर्ज
दिल्ली सरकार ने महाराष्ट्र से राष्ट्रीय राजधानी आने वाले यात्रियों की नेगेटिव RT-PCR कोविड रिपोर्ट की जांच नहीं करने के लिए चार एयरलाइनों- इंडिगो, विस्तारा, स्पाइसजेट, और एयर एशिया के खिलाफ FIR दर्ज कराई है।
83% नई मौत के आंकड़े 10 राज्यों से
देश में कोरोना वायरस से पिछले 24 घंटों में 1501 मृत्यु दर्ज हुईं हैं। दस राज्यों में नई मृत्यु का प्रतिशत 82.94 है। महाराष्ट्र में अधिकतम मृत्यु (419) दर्ज की गईं जबकि दिल्ली में दैनिक 167 मृत्यु दर्ज की गईं हैं। छत्तीसगढ़ में 158, उत्तर प्रदेश में 120, गुजरात में 97, कर्नाटक में 80, मध्य प्रदेश में 66, पंजाब में 62, तमिलनाडु में 39 और राजस्थान में 37 मौतें हुई हैं।
देश के 65% एक्टिव केस सिर्फ 5 राज्यों में
भारत में कुल सक्रिय मामलो की संख्या 18,01,316 तक पहुंच गई है। यह अब देश के कुल पुष्टि वाले मामलों का 12.18 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में कुल सक्रिय मामलों में 1,21,576 मामले दर्ज किए गए हैं। पांच राज्यों महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और केरल से भारत के कुल सक्रिय मामलों का 65.02 प्रतिशत है। देश के कुल सक्रिय मामलों में अकेले महाराष्ट्र का योगदान 38.09 प्रतिशत है। भारत में कुल स्वस्थ होने वाले मामले आज 1,28,09,643 है। राष्ट्रीय रिकवरी दर 86.62 प्रतिशत है।
कोरोना के 79% नए केस 10 राज्यों से
भारत के नए मामलों में प्रतिदिन वृद्धि दर्ज की जा रही है, पिछले 24 घंटों में 2,61,500 नए मामले दर्ज किए गए हैं। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, केरल, गुजरात, तमिलनाडु और राजस्थान सहित दस राज्यों में नए मामलों का 78.56 प्रतिशत दर्ज किया गया है। महाराष्ट्र में सबसे अधिक दैनिक नए मामले 67,123 दर्ज किए गए हैं। इसके बाद उत्तर प्रदेश में 27,334 और दिल्ली में 24,375 नए मामले सामने आए हैं।
हरियाणा में हालात बिगड़ते देख पलायन करने लगे हैं प्रवासी
मोदी ने वाराणसी में कोविड-19 संबंधी स्थिति की समीक्षा की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी जिले में कोविड-19 संबंधी स्थिति की रविवार को समीक्षा की और लोगों से मास्क लगाने एवं सामाजिक दूरी का पालन सुनिश्चित करने की अपील की। वाराणसी सूचना विभाग ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिए हुई समीक्षा बैठक में कहा कि सभी लोगों को कोरोना वायरस से बचाव के लिए आवश्यक ‘‘दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी‘‘ का पालन करना चाहिए।
दिल्ली में लगाना पड़ेगा लॉकडाउन
सर गंगाराम अस्पताल के चेयरमैन डॉ.डी.एस. राणा बोले- स्थिति बहुत भयंकर है। दिल्ली में अगर इसी तरह से मामले बढ़ते गए तो एक हफ़्ते में सारे बेड भर जाएंगे। 7-10 दिन का लॉकडाउन करना पड़ेगा जिससे रोज आने वाले मामले कम हो जाए। वीकेंड कर्फ्यू का थोड़ा फर्क पड़ेगा।
यूपी में बढ़ सकता है लॉकडाउन का समय
उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन के समय को और बढ़ाए जाने के सवाल पर उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने कहा, 'हमारी प्रतिदिन मुख्यमंत्री से वर्चु्अल बैठक होती है। मामलों की संख्या को देखते हुए और हर जिलों में किस तरह का प्रबंधन हो रहा है इसे ध्यान में रखते हुए हम लोग इस पर निर्णय ले सकते हैं।'
केजरीवाल ने केंद्र सरकार से लगाई गुहार
दिल्ली में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल बोले- कल मेरी डॉ.हर्षवर्धन से बात हुई, मैंने उन्हें बताया कि हमें बेड और ऑक्सीजन की बहुत ज़्यादा जरूरत है। आज अमित शाह से बात हुई, मैंने उन्हें भी बताया कि बेड की बहुत जरूरत है। दिल्ली में केंद्र सरकार के अस्पतालों में 10,000 बेड हैं, उसमें 1800 बेड कोरोना के लिए आरक्षित हैं। हमारा केंद्र सरकार से निवेदन है कि इतनी गंभीर परिस्थिति में कम से कम 7,000 बेड कोरोना के लिए आरक्षित किए जाएं और हमें तुरंत ऑक्सीजन की सप्लाई की जाए। दिल्ली सरकार अगले 2-3 दिन में 6,000 से ज़्यादा ऑक्सीजन बेड तैयार कर लेगी।
शहडोल में 12 मरीजों की मौत
शहडोल मेडिकल कॉलेज में कथित रूप से ऑक्सीजन की कमी से 12 मरीज़ों की मौत पर जिलाधिकारी बोले- ऑक्सीजन नहीं होने से कोई मौत नहीं हुई है। अस्पताल अधीक्षक ने बताया था कि सुबह 8 बजे तक 6 मौतें हुई हैं और ये ऑक्सीजन की कमी के कारण नहीं हुई हैं। ये गंभीर मरीज थे जिनको पहले से कोई बीमारी थी।
केजरीवाल बोले- दिल्ली के हालात चिंताजनक
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राजधानी में कोरोना के बढ़ते मामलों पर चितां जाहिर की है। उन्होंने कहा, दि'ल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के लगभग साढ़े पच्चीस हज़ार केस आए हैं। चिंता की बात है कि पिछले 24 घंटे में पॉजिटिविटी रेट बढ़कर क़रीब 30% हो गया है। मामले बहुत तेज़ी से बढ़ रहे हैं।'
मध्य प्रदेश में रेमडेसिवीर की दवा नहीं मिलने से मरीजों के परिजन परेशान
मध्य प्रदेश: भोपाल में मरीज़ों के लिए बेड, ऑक्सीजन और रेमडेसिवीर इंजेक्शन मिलने में दिक्कत हो रही है। एक व्यक्ति ने बताया, "सरकार जो दावा करती है कि सब जगह बेड, ऑक्सीजन और रेमडेसिवीर है, कहीं कुछ नहीं मिल रहा है। बहुत मुश्किल से मैनेज हो रहा है और जो मिल रहा है वो भी ब्लैक में।"
उत्तराखंड में 10वीं की परीक्षा निरस्त, 12वीं की स्थगित
उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने बताया है कि प्रदेश में कोरोना महामारी के मद्देनज़र उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाओं को निरस्त और कक्षा 12 की परीक्षाओं को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। इससे पहले सीबीएसई की 10वीं की परीक्षा निरस्त कर दी गई थी और 12वीं की परीक्षा स्थगित कर दी गई थी।
जेईई की परीक्षा हुई स्थगित
कोरोना का कहर अब तमाम परीक्षाओं पर पड़ रहा है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने कहा है कि कोरोना वायरस की वर्तमान स्थिति को देखते हुए JEE(मेन) की परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है। नई तारीख की घोषणा परीक्षा से कम से कम 15 दिन पहले की जाएगी।
बिहार के बड़े मेडिकल कालेज NMCH के अधीक्षक ने पद मुक्त करने का किया आग्रह
पटना के एनएमसीएच अस्पताल के अधीक्षक ने स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत को पत्र लिखकर ऑक्सीजन की कमी को लेकर गुहार लगाते हुए अपने कार्य से मुक्त करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा, 'अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी है और ऐसी सूरत में मरीजों की जान जा सकती है और बाद में सरकार उन्हें इसके लिए जिम्मेदार ठहरा देगी। इसीलिए उन्हें पद छोड़ने दें।'
मुरादाबाद में लॉकडाउन का कोई असर नहीं, सब्जी मंडी में उमड़ी भीड़
पिछले 24 घंटे में 26,84,956 लोगों को टीका
देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 26,84,956 वैक्सीन लगाई गईं जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 12,26,22,590 हुआ। भारत में पिछले 24 घंटे में #COVID19 के 2,61,500 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,47,88,109 हुई। 1,501 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,77,150 हो गई है।
मिजोरम में पिछले चौबीस घंटे में सामने आए 50 नए केस
देश के अधिकांश हिस्सों में कोरोना वायरस का कहर बरपा हुआ है। वहीं पूर्वोत्तर के मिज़ोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 50 नए मामले सामने आए। मिज़ोरम सरकार के सूचना और जनसंपर्क विभाग के मुताबिक, राज्य में अब पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 4,859 है जिसमें 364 सक्रिय मामले, 4,483 डिस्चार्ज हो चुके मामले और 12 मौतें शामिल हैं।
यूपी में वीकेंड कर्फ्यू पर सन्नाटा
हरियाणा में कोविड-19 से 32 लोगों की मौत
हरियाणा में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। राज्य में शनिवार को एक दिन में संक्रमण के अब तक के सर्वाधिक 7,717 नए मामले सामने आए और महामारी से 32 लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक पिछले साल शुरू हुई महामारी से राज्य में अब तक 3,386 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि कुल 3,49,794 लोग संक्रमित हुए हैं।

