Coronavirus News Update: देश में बढ़ रहे कोरोना के मरीज, पर घट रही मृत्यु दर, रिकवरी रेट रिकॉर्ड 68 फीसदी
देश में कोरना वायरस से संक्रमण की संख्या 20 लाख को पार कर गई है। इस महामारी से अब तक 40 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। वहीं, कोविड-19 वैक्सीन की दिशा में एक बड़ी उम्मीद जगी है। अमेरिका की जैव प्रौद्योगिकी कंपनी मॉडर्ना की ओर से विकसित किया जा रहा टीका चूहों को कोविड-19 के संक्रमण से सुरक्षा करने में कामयाब रहा है।
Coronavirus News Updates: इस बीच, तेलंगाना सरकार ने कोरोना वायरस के लिए वैक्सीन बनाए जाने पर केंद्र से दिशानिर्देश जारी करने की मांग की है। भारत सरकार ने बताया है कि उसके 'वंदे भारत' मिशन के तहत अब तक 9.30 लाख भारतीयों की स्वदेश वापसी हुई है। जबकि इस दौरान 1.20 लाख से ज्यादा विदेशी नागरिकों को उनके देश भेजा गया है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार पांच अगस्त तक 2,21,49,351 नमूनों की जांच हुई जिनमें से 6,64,949 नमूनों की जांच पांच अगस्त को की गई। गुरुवार को बताया गया कि पिछले 24 घंटे में देश में कुल 904 लोगों की मौत हुई।
देश में बढ़ रहे कोरोना के मरीज, पर घट रही मृत्यु दर
देश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच सरकार का कहना है कि यहां मृत्यु दर लगातार कम हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि कोविड-19 के प्रबंधन को लेकर भारत ने 'दो उल्लेखनीय उपलब्धियां' हासिल की हैं। पहली उपलब्धि यह है कि कोरोना वायरस के संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर लगातार बढ़ रही है और दूसरी उपलब्धि, संक्रमण से लोगों के मरने की दर वैश्विक औसत से बहुत नीचे बने रहना है। मरीजों की स्वस्थ होने की दर 67.98 फीसदी के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गई है, जबकि संक्रमण के कारण मरने की दर घटकर 2.05 फीसदी रह गई है।
दिल्ली में फिर सामने आए 1100 से अधिक कोरोना केस
दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में कमी दर्ज की गई है, लेकिन यहां संक्रमण के रोजाना अब भी 1000 से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को एक बार फिर यहां 1,192 नए केस सामने आए हैं, जिसके बाद यहां कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,42,723 हो गए हैं। संक्रमण के कुल मामलों में 10,409 एक्टिव केस हैं, जबकि 1,28,232 लोग ठीक हो चुके हैं। बीते 24 घंटों के दौरान यहां 1,108 लोग संक्रमण से उबरे। बीते एक दिन में यहां 23 लोगों की जान इस घातक संक्रमण से गई है, जिसके बाद यहां कोरोना वायरस से मरने वालों का आंकड़ा 4,082 हो गया है।
कोरोना संक्रमित थाना प्रभारी की मौत
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में कोरोना संक्रमित एक थाना प्रभारी की मौत हो गई है। यहां अब तक कुल 48 पुलिसकर्मी संक्रमित हो चुके हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, थाना अल्लाहगंज में तैनात थानाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह भदौरिया इंस्पेक्टर की ट्रेनिंग के लिए मेरठ गए थे और वहां से वापस आने पर उनकी कोरोना संक्रमण के लिए जांच कराई थी, जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई। हालांकि उका जुकाम ठीक नहीं हुआ, जिसके बाद उन्हें लखनऊ में दिखाने की सलाह दी गई। यहां जांच में उन्हें कोरोना संक्रमण होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
बिहार में कोरोना संक्रमण के 3646 नए केस
बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के 3646 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में संक्रमण का आंकड़ा 72 हजार के करीब पहुंच गया है। बिहार के स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को दी गई जानकारी के मुताबिक यहां अब कोरोना संक्रमण के कुल केस 71,794 हैं।
तेलंगाना में संक्रमण के नए 2,207 नए केस मिले
तेलंगाना में कोरोना वायरस संक्रमण के 2,207 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 75,257 हो गई। शुक्रवार को सरकारी बुलेटिन में बताया गया कि 12 लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 601 हो गई। इस बुलेटिन में छह अगस्त रात आठ बजे जारी आंकड़ों को समाहित किया गया है। कुल 2,207 नए मामलों में से 532 ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) से, 196 रंगारेड्डी से, 142 वारंगल अर्बन से, 136 मामले मेडक्ल-मल्काजगिरि से सामने आए हैं। निर्मल जिले को छोड़कर बाकी 32 जिलों से दहाई में नए मामले सामने आए हैं।
10 करोड़ कोविड-19 टीका तैयार करेगी एसआईआई
पृथक-वास में हिमाचाल प्रदेश के पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और उनके सभी कर्मचारी एहतियाती तौर पृथक-वास में रहेंगे। राज्य के ऊर्जा मंत्री के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद उन्होंने यह कदम उठाया है। धूमल ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि वह अब पृथक-वास में हैं। भाजपा के राज्य प्रमुख सुरेश कश्यप के साथ हाल ही में उन्होंने एक बैठक की थी, जो ऊर्जा मंत्री सुख राम चौधरी के सम्पर्क में आए थे। चौधरी के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्ट बृहस्पतिवार को हुई थी।
दिल्ली में गुरुवार को 1299 केस मिले
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि दिल्ली में गुरुवार को कोविड-19 के 1299 नए केस मिले। इसके साथ ही राजधानी में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 1.41,531 हो गई। गुरुवा को इस महामारी से 1008 लोग ठीक हुए। दिल्ली में अभी 10,348 केस एक्टिव हैं।
एक दिन में सबसे बड़ी उछाल, 24 घंटे में मिले 62,538 नए केस
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के 1151 नए मामले, 12 की मौत
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से बृहस्पतिवार को 12 और लोगों की मौत हुई जिससे राज्य में संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 757 हो गई है। इसके साथ ही राज्य में 1151 नये मामले सामने आने से राज्य में संक्रमितों की अब तक की कुल संख्या 48,996 हो गयी। एक अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात साढे आठ बजे तक राज्य में 12 और संक्रमितों की मौत हुई जिनमें बीकानेर में पांच, धौलपुर में दो, बूंदी, जयपुर ,झुंझुनूं ,जोधपुर, नागौर में एक एक संक्रमित व्यक्ति की मौत हुई।
कोविड-19 पर जयशंकर, पोम्पिओ के बीच बातचीत
दुनिया में कोविड-19 के मामले 1.9 करोड़ से अधिक
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के अनुसार, वैश्विक स्तर पर कोरोनावायरस मामलों की कुल संख्या 1.9 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है, वहीं मौतों की संख्या बढ़कर 713,000 से अधिक हो गई है। विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर सिस्टम साइंस एंड इंजीनियरिंग (सीएसएसई) ने अपने ताजा अपडेट में खुलासा किया है कि शुक्रवार की सुबह तक कुल मामलों की संख्या 19,007,938 हो गई थी। वहीं अब तक इस घातक वायरस के कारण दुनिया में 7,13,406 लोगों की मौत हो चुकी थी। सीएसएसई के अनुसार, अमेरिका अब भी दुनिया में सबसे अधिक कोरोना प्रभावित देश बना हुआ है। यहां 48,81,974 मामले और 1,60,090 मौतें दर्ज हो चुकी हैं। इसके बाद ब्राजील 29,12,212 मामलों और 98,493 मौतों के साथ दूसरे स्थान पर है। संक्रमण के मामलों की बात करें तो भारत 19,64,536 संख्या के साथ तीसरे नंबर पर है। उसके बाद रूस (8,70,187), दक्षिण अफ्रीका (5,38,184), मैक्सिको (4,62,690), पेरू (4,47,624), चिली (3,66,671), कोलंबिया (3,45,714), ईरान (3,20,117), स्पेन (3,09,855), ब्रिटेन (3,09,784), सऊदी अरब (2,84,226), पाकिस्तान (2,81,863), बांग्लादेश (2,49,651), इटली (2,49,204), तुर्की (2,37,265), फ्रांस (2,31,310), अर्जेंटीना (2,28,195), जर्मनी (2,15,039), इराक (1,40,603), कनाडा (1,20,387), फिलीपींस (1,19,460), इंडोनेशिया (1,18,753) और कतर (1,12,092) हैं। वहीं ऐसे देश जिनमें 10 हजार से अधिक मौतें हुई हैं, उनमें मेक्सिको (50,517), ब्रिटेन (46,498), भारत (40,699), इटली (35,187), फ्रांस (30,308), स्पेन (28,500), पेरू (20,228), ईरान (17,976), रूस (14,579) और कोलम्बिया (11,624) शामिल हैं।
_1596804143__rend_4_3.jpeg)
