LIVE

Coronavirus News Update: शिवराज सिंह चौहान सरकार में मंत्री गोपाल भार्गव को कोरोना

देश में कोरोना वायरस का संकट गहराता जा रहा है। संक्रमण का आंकड़ा 29 लाख को पार कर चुका है, जबकि 54 हजार से अधिक लोगों की अब तक इस घातक संक्रमण से जान चली गई है। हालांकि इस बीच जांच की रफ्तार में तेजी आई है और रोजाना अब आठ-नौ लाख नमूनों की जांच की जा रही है। यहां रिकवरी रेट में भी सुधार बताया जा रहा है।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Aug 21, 2020, 22:23 IST
Follow on Google News
Coronavirus News Update: शिवराज सिंह चौहान सरकार में मंत्री गोपाल भार्गव को कोरोना
Photo Credit: PTI

Coronavirus News Updates: देश में कोरोना वायरस संक्रमण के अब रोजाना 60 हजार से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को एक बार फिर यहां 68 हजार से अधिक मामले सामने आए हैं, जबकि 900 से अधिक लोगों की जान गई है। देश में अब तक 3.34 करोड़ से अधिक नमूनों की जांच की जा चुकी है और रोजाना संक्रमण के मामलों की जांच में बढ़ोतरी हो रही है। यहां रिकवरी रेट अब 74 प्रतिशत के करीब पहुंच चुका है, जबकि इस घातक बीमारी से होने वाली मौतों की दर में लगातार गिरावट आ रही है। यहां पढ़ें कोरोना वायरस से जुड़े अपडेट्स : 

AUG 21, 2020 22:20 IST

शिवराज सरकार में मंत्री गोपाल भार्गव को कोरोना

मध्य प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।मंत्री ने शुक्रवार को इसकी जानकारी खुद ट्वीट के जरिए दी है।भार्गव ने ट्वीट किया, ‘‘मैंने अपना तथा अपने परिवार और नजदीकी स्टाफ की कोविड-19 जांच एंटीजन टेस्ट किट के माध्यम से कराई है, जिसमें मेरी शुरुआती रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डॉक्टरों की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूँ।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आप सभी से विनम्र निवेदन है कि विगत एक सप्ताह में मेरे संपर्क में आए सभी साथी गृह-पृथक-वास रहें और अपनी जाँच कराएँ। जल्द ही स्वस्थ होकर आप सभी की सेवा में आपके बीच पुन: उपस्थित हो जाऊंगा।इससे पहले, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा उनके मंत्रिपरिषद के पांच अन्य मंत्री-सहकारिता मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक, कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रामखेलावन पटेल, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव और चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जा चुके हैं।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री चौहान सहित उनके मंत्रिपरिषद के सात सदस्य अब तक कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं।

AUG 21, 2020 22:18 IST

बिहार में पिछले 24 घंटे में 14 लोगों की मौत

बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण पिछले 24 घंटों के दौरान 14 और लोगों की मौत हो गयी। इसके साथ ही इस बीमारी से मरने वालों की कुल संख्या शुक्रवार को 588 हो गयी वहीं अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या बढकर 1,17,671 हो गयी।स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण से सारण में छह, बेगूसराय में चार, गया में दो तथा खगडिया एवं मधुबनी जिले में एक—एक व्यक्ति की मौत हो गयी।बिहार में अब तक पटना में 116, गया में 42, भागलपुर में 41, मुंगेर एवं रोहतास में 28—28, नालंदा में 25, पूर्वी चंपारण में 23, मुजफ्फरपुर, सारण एवं वैशाली में 22—22, भोजपुर में 21, बेगूसराय में 17, दरभंगा में 15, पश्चिम चंपारण एवं समस्तीपुर में 15—15, सिवान में 13 मरीजों की मौत हो चुकी है।बिहार में बृहस्पतिवार शाम चार बजे से शुक्रवार शाम चार बजे तक कोरोना वायरस संक्रमण के 2,461 नए मामले सामने आए।

AUG 21, 2020 20:35 IST

24-30 अगस्त तक दिल्ली में साप्ताहिक बाजार खोलने की अनुमति

दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने शुक्रवार को 24-30 अगस्त के लिए परीक्षण के आधार पर साप्ताहिक बाजार खोले जाने की अनुमति दी।साथ ही विभागों को सामाजिक दूरी के नियमों समेत कोविड-19 रोकथाम संबंधी उपायों को सख्ती से लागू किए जाने के भी निर्देश दिए।मुख्य सचिव विजय देव की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, निषिद्ध क्षेत्रों में साप्ताहिक बाजारों को अनुमति नहीं दी जाएगी।डीडीएमए की राज्य कार्यकारी समिति के अध्यक्ष देव ने आदेश में कहा, '' दिल्ली के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में परीक्षण के आधार पर एक सप्ताह के लिए 24 अगस्त से 30 अगस्त तक सभी तीन नगर निगम/ नयी दिल्ली नगर निगम/दिल्ली छावनी बोर्ड में प्रत्येक जोन में प्रतिदिन एक साप्ताहिक बाजार लगाने की अनुमति रहेगी।''डीडीएमए ने इन बाजारों के संचालन के दौरान कोविड-19 रोकथाम उपाय सुनिश्चित करने के मद्देनजर मानक संचालन प्रक्रिया भी जारी की है।शहर में 25 मार्च से साप्ताहिक बाजारों पर रोक लागू है।

AUG 21, 2020 19:10 IST

दिल्ली में कोरोना के 1250 नए केस मिले

दिल्ली में कोविड-19 के 1250 नए केस मिले हैं जबकि 1082 मरीज ठीक हुए हैं। पिछले 24 घंटे में 13 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही दिल्ली में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 1,58,604 हो गई है। दिल्ली में इस महामारी से 4270 लोगों की जान गई है।
AUG 21, 2020 18:48 IST

हरियाणा में भी वीकेंड पर लॉकडाउन

पंजाब के बाद हरियाणा सरकार ने भी वीकेंड पर लॉकडाउन का निर्णय लिया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि शनिवार और रविवार को लॉकडाउन की वजह से आवश्यक सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी। इससे पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार ने भी 167 शहरों में वीकेंड पर लॉकडाउन की घोषणा की थी।

AUG 21, 2020 17:59 IST

सस्ता नैदानिक किट हो रहे तैयार

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) की मदद से अनुसंधानकर्ता एप्टामर-आधारित सस्ता नैदानिक किट तैयार कर रहे हैं जो विभिन्न प्रकार के कोरोना वायरस संक्रमणों में विभेद कर पाएगा। एक बयान में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई। रांची के मेसरा स्थित बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी ने डीएसटी के तहत आने वाली संस्था ‘विज्ञान एवं इंजीनियरी अनुसंधान बोर्ड’ (एसईआरबी) की मदद से बायोइंफॉर्मेटिक्स उपकरणों के जरिये लक्षित एक प्रोटीन की पहचान के साथ एक अनुसंधान की शुरुआत की है, जिसके लिये नैदानिक किट विकसित किया जाना है। इस निदान किट के विकास के लिये अध्ययन में एक विशेष प्रोटीन को लिया गया है।
बयान में कहा गया, “अनुसंधानकर्ता सार्स-सीओवी-2 संक्रमण का पता लगाने के लिये एप्टामर (विशिष्ट लक्षित अणु को बांधने वाले पेप्टाइट) आधारित निदान किट विकसित कर रहे हैं। उनका अध्ययन पहले कोरोना वायरस संक्रमण को सुनिश्चित करेगा और फिर उसके बाद किट कोविड-19 समेत विभिन्न प्रकार के कोरोना वायरस संक्रमणों (सार्स सीओवी-1, एमईआरएस) में विभेद करेगा।”

AUG 21, 2020 17:58 IST

महाराष्ट्र की 27 जेलों में कुल 1,478 लोग संक्रमित

महाराष्ट्र की 27 जेलों में कुल 1,478 लोग संक्रमित पाए गए हैं जिनमें से अब तक कुल छह लोगों की मौत हो चुकी है। जेल विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि अब तक कुल 1,166 कैदियों और 312 जेल कर्मियों में संक्रमण की पुष्टि हुई है जिनमें से छह कैदियों की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जहां तक कैदियों की बात है तो नागपुर जेल संक्रमण के 219 मामलों के साथ सर्वाधिक प्रभावित है। उसके बाद पुणे के यरवदा जेल में अब तक कुल 190 कैदी संक्रमित पाए गए हैं। मुंबई की आर्थर रोड जेल में 182 और सांगली जेल में 145 मामले सामने आए हैं। नागपुर में अब तक 62 जेलकर्मी, मुंबई में 46, ठाणे में 35,औरंगाबाद में 34,कल्याण में 31 और यरवदा जेल में 26 जेलकर्मी संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि कुल 1,166 कैदियों में से 848 कैदी और 312 जेलकर्मियों में से 272 कर्मी ठीक हो चुके हैं।
अधिकारी ने कहा कि राज्य में संक्रमण के प्रसार को रेकने के लिए अब तक कुल 10,536 कैदियों को जेल से रिहा कर दिया गया। फिलहाल राज्य की विभिन्न जेलों में कुल 26,408 कैदी बंद हैं।

AUG 21, 2020 16:43 IST

कोरोना से मरने वाले डॉक्टरों को 50 लाख रु. का बीमा देगी उद्धव सरकार

महाराष्ट्र सरकार ने कोविड-19 से मरने वाले निजी डॉक्टरों को भी 50 लाख रुपये के बीमा कवर में शामिल करने का फैसला किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बृहस्पतिवार को जारी परिपत्र में कहा गया है कि राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं की निदेशक साधना तायड़े ने कहा कि सरकारी या अर्ध-सरकारी डॉक्टरों को दिया जा रहा बीमा कवर अब संक्रमण के चलते जान गंवाने वाले निजी चिकित्सकों को भी दिया जाएगा।तायड़े ने नौ अप्रैल को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना से संबंधित पत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि निजी डॉक्टरों के लिये भी यही प्रावधान लागू होंगे। उस पत्र में कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में शामिल स्वास्थ्य कर्मियों के लिये बीमा योजना की बात कही गई थी।

AUG 21, 2020 15:41 IST

24 घंटों में उबरे 62 हजार से अधिक लोग

कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच एक अच्‍छी खबर यह है कि यहां रिकवरी रेट में लगातार सुधार हो रहा है। केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय शुक्रवार के आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान यहां कोरोना वायरस संक्रमण से 62,282 लोग उबरे, जो एक दिन में इस घातक संक्रमण से उबने वालों की अब तक की सबसे बड़ी संख्‍या है। देश में अब तक 21.58 लाख से अधिक लोग कोरोना वायरस संक्रमण से ठीक हो चुके हैं और रिकवरी रेट अब यहां 74.28 प्रतिशत पहुंच गया है।
 

AUG 21, 2020 14:42 IST

क्‍या कारगर होगा बीसीजी का टीका?

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) यह जानने के लिए मुंबई में एक अध्ययन करवाएगा कि क्या टीबी के टीके (बीसीजी) से बुजुर्गों में कोविड-19 होने से रोका जा सकता है। इसमें बीमारी की तीव्रता और रोग प्रतिरोधक क्षमता के विकास पर अनुसंधान किया जाएगा। ऐसे साक्ष्य मिले हैं जिनसे पता चलता है कि बच्चों को टीबी की बीमारी से बचाने के लिए दिया जाने वाला बीसीजी का टीका, श्वास नली के अन्य संक्रमण और वायरस जनित बिमारियों से बचाव में भी कारगर है। बीएमसी के मुताबिक, अध्ययन में 60 से 75 वर्षीय ऐसे बुजुर्गों को शामिल किया जाएगा जो कभी कोविड-19 से ग्रस्त नहीं हुए और जिन्हें कैंसर नहीं हैं तथा उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर नहीं है।

AUG 21, 2020 14:34 IST

कोलकाता में पुलिस अफसर की कोरोना संक्रमण से मौत

पश्चिम बंगाल में कोलकाता के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की शुक्रवार को कोविड-19 संक्रमण के कारण मौत हो गई। राज्‍य में अब तक कोविड-19 संक्रमण के कारण नौ पुलिसकर्मी जान गंवा चुके हैं।

AUG 21, 2020 14:28 IST

ओडिशा में आंकड़ा 72 हजार के पार

ओडिशा में कोविड-19 के 2,698 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमण के मामले बढ़ कर 72,718 हो गए हैं। वहीं 10 और लोगों की मौत के बाद यहां कोरोना वायरस संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्‍या बढ़कर 380 हो गई है। कोरोना वायरस संक्रमण के मामले राज्‍य के सभी 30 जिलों से सामने आए हैं। राज्य में 23,698 मरीजों का कोरोना वायरस का इलाज जारी है, जबकि 48,577 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। राज्य में अभी तक 11,72,426 नमूनों की कोविड-19 की जांच की गई, जिनमें से 56,479 नमूनों की जांच गुरुवार को की गई।

AUG 21, 2020 14:05 IST

लालू की सुरक्षा में लगे 9 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव

आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद की सुरक्षा में लगे 9 कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। उन्‍हें फिलहाल ड्यूटी से हटाकर इलाज के लिए भेजा गया है। चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता लालू प्रसाद की सुरक्षा को ध्‍यान में रखते हुए RIMS में 9 नए सुरक्षाकर्मियों की मांग गई है। बिहार के पूर्व मुख्‍यमंत्री लालू प्रसाद के स्‍वास्‍थ्‍य की जांच कर रहे डॉ. उमेश प्रसाद ने बताया आरजेडी प्रमुख की सुरक्षा में लगे 9 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।

AUG 21, 2020 09:39 IST

24 घंटों में 68,898 नए मामले

देश में बीते 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 68,898 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 983 लोगों की जान गई है। इसके साथ ही देश में संक्रमण का कुल आंकड़ा बढ़कर 29,05,824 हो गया है, जिनमें से 6,92,028 एक्टिव केस हैं, जबकि 21,58,947 लोग इस घातक बीमारी से उबर चुके हैं। केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, महामारी से मरने वालों की संख्‍या 54,849 हो गई है।

AUG 21, 2020 09:39 IST

एक दिन में 8 लाख से अधिक नमूनों की जांच

देश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच जांच की रफ्तार में भी तेजी आई है। अब रोजाना 8-9 लाख नमूनों की जांच की जा रही है। देश में 20 अगस्‍त तक जहां 3,34,67,237 नमूनों की जांच की जा चुकी है, वहीं गुरुवार को यहां 8,05,985 नमूनों की जांच की गई। इससे पहले बुधवार को यहां 9,18,470 नमूनों की जांच की गई थी, जो एक दिन में जांच की सर्वाधिक संख्‍या थी।

AUG 21, 2020 09:39 IST

बिहार में बिगड़ रहे हालात, चुनाव टालने की मांग

बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले 1.15 लाख से अधिक हो चुके हैं, जबकि अब तक 574 लोग इस घातक बीमारी के कारण दम तोड़ चुके हैं। ऐसे में मांग उठ रही है कि अक्टूबर-नवंबर में संभावित राज्‍य विधानसभा चुनाव को टाल दिया जाए। पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक अलायंस (यूडीए) के संयोजक यशवंत सिन्हा के मुताबिक, कोविड-19 महामारी के मद्देनजर बिहार में विधानसभा चुनाव का समय बढाने की आवश्‍यकता है।