Corona: दिल्ली में कोरोना के 24 हजार से ज्यादा नए केस, 24 घंटे में 249 मौतें
Coronavirus: देश में कोरोना वायरस से स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। मंगलवार रात को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड-19 के हालात पर राष्ट्र को संबोधित किया। महामारी में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज की परिस्थितियों में, हमें देश को लॉकडाउन से बचाना होगा।
Coronavirus in India: देश में कोरोना वायरस बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। लोगों को अस्पतालों में बेड लेने के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दूसरी तरफ ऑक्सीजन की कमी को लेकर भी कई राज्य शिकायत कर रहे हैं। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के करीब तीन लाख नए मामले आने से कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,56,16,130 हो गई, जबकि 2,023 और मरीजों की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या 1,82,553 हो गई है। इसके अलावा भारत कोविड टीके की 13 करोड़ खुराकें तेजी से देने वाला देश बन गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि भारत को कोविड-19 टीकों की 13 करोड़ खुराक देने में महज 95 दिन का समय लगा और वह सबसे तेजी से ऐसा करने वाला देश बन गया है। कोरोना वायरस से जुड़े अपटेड्स के लिए यहां बने रहें:
पश्चिम बंगाल में 10 हजार से ज्यादा नए केस
पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस संक्रमण के सर्वाधिक 10,784 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 6,88,956 हो गई। 58 और रोगियों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 10,710 हो गई है। राज्य में बीते 24 घंटे में 5,616 लोगों को छुट्टी दी गई है। पश्चिम बंगाल में उपचाराधीन रोगियों की कुल संख्या 63,496 है।
राठी अस्पताल में ऑक्सीजन खत्म
दिल्ली के राठी अस्पताल के हेड मार्केटिंग कौस्तुभ तिवारी ने कहा, 'राठी अस्पताल में ऑक्सीजन सपोर्ट समाप्त हो गया है। मैं यहां मुंडका प्लांट में हूं, लेकिन वे ऑक्सीजन सिलेंडर नहीं दे रहे हैं। हम असहाय हैं।'
No oxygen supply in our Hospital. We have 78 patients. No helpline number taking call instead they are ignoring and cutting our calls. We have been calling since morning.
— RATHI HOSPITAL (@HospitalRathi) April 21, 2021
Please share this post as much possible.@ArvindKejriwal @drharshvardhan @narendramodi @MoHFW_INDIA @PMOIndia
दिल्ली में 24 हजार से ज्यादा नए केस
दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 24,638 नए कोविड 19 मामले सामने आए हैं। 24,600 रिकवरी हुई हैं और 249 मौतें दर्ज की गई हैं। कुल मामले 9,30,179 हुए। कुल रिकवरी 8,31,928 हैं। मौत के आंकड़े 12,887 हुए। दिल्ली में 85,364 सक्रिय मामले हैं।
केंद्र ने बढ़ाया ऑक्सीजन का कोटा
UP में 33 हजार से ज्यादा नए केस
उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में 33,214 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 188 मौतें हुई हैं। लखनऊ में 5902 (मृत्यु-21), वाराणसी में 2564 (मृत्यु-12), प्रयागराज में 1828 (मृत्यु-6), कानपुर में 1811 (मृत्यु-15) और गोरखपुर में 987 (मृत्यु -10) मामले सामने आए हैं।
महाराष्ट्र में 67 हजार से ज्यादा नए केस
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में 67,468 नए कोविड 19 मामले सामने आए हैं। इस दौरान 568 मौतें हुई हैं और 54,985 डिस्चार्ज दर्ज किए गए हैं। सक्रिय मामलों की संख्या 6,95,747 है।
गुजरात में 12 हजार से ज्यादा नए केस
गुजरात में पिछले 24 घंटों में 12,553 नए कोविड 19 मामले सामने आए हैं। इस दौरान 4802 मरीज डिस्चार्ज हुए हैं और 125 मौतें हुई हैं। यहां कुल मामले 4,40,731 हुए। मरने वालों की संख्या 5740 हुई। 3,50,865 रोगी ठीक हो गए हैं। गुजरात में 84,126 सक्रिय मामले हैं।
केरल में 22000 से ज्यादा नए केस
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने बताया, 'आज राज्य में कोरोना के 22,414 नए मामले सामने आए हैं और 22 मौतें दर्ज की गई हैं। 5431 लोग रिकवर हो चुके हैं। मरने वालों का आंकड़ा 5,000 पर है।'
मुंबई में 7600 से ज्यादा नए केस
मुंबई में पिछले 24 घंटों में 7684 नए कोविड 19 मामले सामने आए हैं। इस दौरान 6790 रिकवरी हुई हैं और 62 मौतें दर्ज की गई हैं। कुल मामले 6,01,590 हुए। कुल 5,03,053 रिकवरी हो चुकी हैं। मौत का आंकड़ा 12,501 हुआ। मुंबई में अभी 84,743 सक्रिय मामले हैं।
केंद्र सरकार ने दिल्ली का ऑक्सीजन कोटा बढ़ा दिया है: केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, 'केंद्र सरकार ने दिल्ली में ऑक्सीजन का कोटा बढ़ाया है। हम इसके लिए केंद्र के प्रति बहुत आभारी हैं।'
दिल्ली में ऑक्सीजन की आपूर्ति का कोटा बढ़ाया जाए: मनीष सिसोदिया
दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा, 'हम फिर से भारत सरकार से अनुरोध करते हैं कि वह दिल्ली में ऑक्सीजन की आपूर्ति का कोटा बढ़ाए क्योंकि वर्तमान में लगभग 18,000 मरीज शहर के अस्पतालों में भर्ती हैं। मैंने कई अस्पतालों का दौरा किया है, यूपी, हरियाणा आदि के लोग भी यहां इलाज करवा रहे हैं। एक और दिक्कत ऑक्सीजन के परिवहन की है, मुझे एक रिपोर्ट मिली है कि हरियाणा के फरीदाबाद में एक स्थानीय प्रशासन अधिकारी ने ऑक्सीजन परिवहन करने वाले एक ट्रक को रोक दिया, जिससे आपूर्ति में देरी हुई। कल भी हमें इसी तरह की परिवहन की समस्या का सामना करना पड़ा, हमें एक वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री को फोन करना पड़ा, उसके बाद ही उन्होंने दिल्ली में ऑक्सीजन परिवहन शुरू करने में मदद की।'
दिल्ली: गंगाराम अस्पताल में 5 घंटे की ऑक्सीजन
दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में 5 घंटे की ऑक्सीजन बची है, यहां 58 कोविड 19 रोगियों, जिनमें 10 को गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में भर्ती किया गया है। 35 मरीजों को अस्पताल में एडमिट होने का इंतजार है।
61 प्रतिशत एक्टिव केस 5 राज्यों में
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि देश में कोरोना वायरस के 60.86% सक्रिय मामले 5 राज्यों महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और केरल से हैं।
छत्तीसगढ़ में सरकार अपने खर्च पर लगाएगी सबको वैक्सीन
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि राज्य में 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को कोरोना वैक्सीन का भुगतान राज्य सरकार करेगी। अपने नागरिकों की जीवन रक्षा के लिए हम हर संभव कदम उठाएंगे। केंद्र सरकार से अनुरोध है कि वह पर्याप्त संख्या में वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करे।
जीवन रक्षक दवाओं की निगरानी करे विशेष टीम : योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कोविड-19 के मरीजों को दी जाने वाली रेमडेसिविर और फैबीफ्लू जैसी जीवनरक्षक दवाओं की कालाबाजारी रोकने के लिए एक विशेष टीम गठित कर छापामार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी ने टीम-11 की बैठक में रेमडेसिविर इंजेक्शन और फैबीफ्लू जैसी जीवनरक्षक मानी जा रही दवाओं की आपूर्ति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने गृह विभाग को सख्त निर्देश दिए इन जीवनरक्षक दवाओं की कालाबाजारी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध गैंगस्टर और रासुका जैसे एक्ट के अंतर्गत सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने पुलिस महानिदेशक को इस संबंध में एक विशेष टीम गठित कर प्रदेश में छापा मार कार्रवाई के भी निर्देश दिए।
गुजरात के सीएम ने लगवाया टीका
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने बुधवार को गांधीनगर में एक सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर कोविड-19 रोधी टीके की पहली खुराक ली। रूपाणी ने कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के करीब 60 दिन बाद टीके की खुराक ली। मुख्यमंत्री 15 फरवरी को कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे। रूपाणी ने पूर्व में संक्रमित हो चुके लोगों समेत सभी योग्य लोगों से टीके की खुराक लेने की अपील की। रूपाणी ने संवाददाताओं से कहा, ‘मैं करीब 60 दिन पहले कोरोना वायरस से संक्रमित हो गया था और उपचार के बाद ठीक हो गया। इस भुलावे में नहीं रहें कि अगर आप संक्रमित हो चुके हैं तो आपको टीका लेने की जरूरत नहीं है। पूर्व में संक्रमित होने के बावजूद आपको डॉक्टरों की सलाह के मुताबिक टीका अवश्य लेना चाहिए।’
दमोह में लूट लिए ऑक्सीजन सिलेंडर
नोटबंदी से कम नहीं केंद्र की टीका संबंधी रणनीति : राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की टीका संबंधी रणनीति नोटबंदी से कम नहीं है क्योंकि इसमें भी लोग कतारों में लगेंगे और धन, स्वास्थ्य एवं जान का नुकसान सहेंगे। उन्होंने ट्वीट किया, ‘केंद्र सरकार की टीका संबंधी रणनीति नोटबंदी से कम नहीं- आम जन कतारों में लगेंगे धन, स्वास्थ्य व जान का नुक़सान सहेंगे और अंत में सिर्फ़ कुछ उद्योगपतियों का फ़ायदा होगा।’ गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने सोमवार को कहा कि एक मई से 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोग कोविड-19 की रोकथाम के लिए टीका लगवा सकेंगे।
टीके की 13 करोड़ खुराकें तेजी से देने वाला देश बना भारत
भारत को कोविड-19 टीकों की 13 करोड़ खुराक देने में महज 95 दिन का समय लगा और स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, वह सबसे तेजी से ऐसा करने वाला देश बन गया है। मंत्रालय ने बताया कि अमेरिका को कोविड-19 टीकों की 13 करोड़ खुराक देने में 101 दिन का समय लगा जबकि चीन ने इसके लिए 109 दिन लगाए। सुबह सात बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोविड-19 टीके की कुल मिलाकर 13,01,19,310 खुराकें दी जा चुकी हैं जिनमें से 29,90,197 खुराकें पिछले 24 घंटे में दी गई।
कोरोना का नया रिकॉर्ड, 24 घंटे में 3 लाख के करीब केस
बीते 24 घंटे में देश में कोरोना संक्रमण के 2,95041 केस आए हैं जबकि इस दौरान 2,023 लोगों की मौत हुई है। इस दौरान 1,67,457 लोगों की जान गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक देश में संक्रमण की कुल संख्या बढ़कर 1,56,16,130 हो गई है। उपचार के बाद इस महामारी से अब तक 1,32,76,039 लोग ठीक हुए हैं। देश में एक्टिव केस की संख्या 21,57,538 है। कोरोना से अब तक 1,82,553 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में अभी तक 13,01,19,310 लोगों को टीका लगाया जा चुका है।
कोरोने से निपटने की रणनीति पर प्रियंका ने उठाए सवाल
महाराष्ट्र सरकार आज उठा सकती है बड़ा कदम
बढ़ते कोरोना संक्रमण पर रोक लगाने के लिए महाराष्ट्र की सरकार ने राज्य में एक मई तक धारा 144 लगाया है। इस कदम के बावजूद राज्य में संक्रमण के मामले कम नहीं हो रहे हैं। महाराष्ट्र में रोजाना संक्रमण के 50,000 से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं जो कि चिंता का विषय बने हुए हैं। प्रतिबंधों को लेकर राज्य सरकार आज कुछ बड़ा ऐलान कर सकती है। इसमें लॉकडाउन भी शामिल है।
यूपी के बाद असम ने कहा- लगाएंगे मुफ्त टीका
उत्तर प्रदेश के बाद असम ने कहा है कि वह अपने यहां 18 से 45 साल के लोगों को कोरोना का मुफ्त टीका लगाएगा। राज्य सरकार ने इसके लिए एक करोड़ वैक्सीन का ऑर्डर दिया है। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने मंगलवार को कहा कि वह अपने यहां 18 साल से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण मुफ्त करेगी। देश में एक मई से 18 साल से ज्यादा उम्र के व्यक्तियों को टीका लगाया जाना है।
दिल्ली की सड़कों पर आई-डी की जांच
पूर्व सांसद और उनके भतीजे का निधन
भाजपा के पूर्व सांसद श्याम बिहारी मिश्रा और उनके भतीजे दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री हनुमान प्रसाद मिश्रा का कोविड-19 संक्रमण से मंगलवार को निधन हो गया।
भाजपा नगर अध्यक्ष सुनील बजाज ने बताया कि कानपुर की बिल्हौर सीट से चार बार भाजपा के सांसद रह चुके वरिष्ठ व्यापारी नेता श्याम बिहारी मिश्रा का 82 वर्ष की उम्र में स्वरूप नगर स्थित एक निजी अस्पताल में शाम को निधन हो गया।


