LIVE

Corona Crisis: हरियाणा में 3 मई से सात दिनों तक पूर्ण लॉकडाउन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह विशेषज्ञों के साथ बैठक कर रहे हैं। इस बैठक में वह देश में मेडिकल ऑक्सीजन और दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा करेंगे। इस बीच, फ्रांस ने ऑक्सीजन जेनरेटर सहित 28 टन मेडिकल सामग्री भेजी है। फ्रांस का कहना है कि वह संकट की घड़ी में भारत के साथ है। अमेरिका से भी मेडिकल सामग्री का पहुंचना जारी है।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated May 2, 2021, 17:17 IST
Follow on Google News
Corona Crisis: हरियाणा में 3 मई से सात दिनों तक पूर्ण लॉकडाउन

Corona Crisis: देश में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 3,92,488 मामले सामने आए जबकि इस दौरान 3689 लोगों की मौत हुई। बीते 24 घंटे में उपचार के बाद 3,07,865 लोग ठीक हुए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक देश में संक्रमण की कुल संख्या बढ़कर 1,95,57,457 हो गई। संक्रमण के मामलों पर नियंत्रण पाने के लिए दिल्ली सरकार ने लॉकडाउन को एक सप्ताह के लिए और बढ़ा दिया।

MAY 02, 2021 17:17 IST

DU ने अंतिम वर्ष की परीक्षाएं स्थगित कीं

दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने शहर में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर अंतिम वर्ष की परीक्षाएं स्थगित करने का निर्णय लिया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। डीयू की अंतिम वर्ष और आखिरी सेमेस्टर की परीक्षाएं 15 मई से शुरू होनी थीं, जो अब एक जून से आरंभ होंगी। ये परीक्षाएं ऑनलाइन माध्यमों के जरिये ओपन फॉर्मेट में होंगी। डीयू के डीन (परीक्षा) डी एस रावत ने कहा, 'हमने शनिवार को विभागाध्यक्षों और डीन के साथ बैठक की। कुलपति ने इस बैठक की अध्यक्षता की। परीक्षाएं एक जून तक स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।'
 

MAY 02, 2021 15:52 IST

हरियाणा में तीन मई से एक सप्ताह तक पूर्ण लॉकडाउन

हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने रविवार को कहा कि राज्य में तीन मई से सात दिनों का पूर्ण लॉकडाउन लागू रहेगा। राज्य में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने यह बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाख खट्टर रविवार शाम के वक्त गुरुग्राम में  कोरोना के हालात एवं इससे निपटने की व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री खट्टर खुद गुरुग्राम के हालात की निगरानी कर रहे हैं। अन्य मंत्रियों को भी अलग-अलग जिलों की निगरानी करने की जिम्मेदारी दी गई है।

MAY 02, 2021 15:32 IST

कोरोना से दिल्ली के स्वास्थ्यमंत्री के पिता की मौत

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि उनके स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के पिता की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। केजरीवाल ने कहा, 'हम लोग काफी दुखी हैं। सत्येंद्र जैन दिल्ली के लोगों के लिए बिना थके हुए चौबीस घंटे काम कर रहे हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं।'

MAY 02, 2021 15:01 IST

वीडियो बनाने पर पत्रकार की गर्भवती पत्नी को नर्सिंग होम से निकाला

उत्तर प्रदेश में संभल जिले के चंदौसी में नर्सिंग होम के बाहर एक महिला का प्रसव हो जाने की घटना का वीडियो बनाने वाले एक पत्रकार की गर्भवती पत्नी को अस्पताल के कर्मियों ने कथित रूप से जबरन बाहर निकाल दिया। इस मामले में दो डॉक्टरों समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि एक समाचार चैनल के पत्रकार रवि ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी पत्नी को प्रसव के लिए डॉ मोनिका और डॉ शरद रवि के नर्सिंग होम में गत 30 अप्रैल को भर्ती कराया था तथा उसी रात 11 बजे जब वह नर्सिंग होम में थे तभी एक गर्भवती महिला का नर्सिंग होम के बाहर प्रसव हो गया।

MAY 02, 2021 13:19 IST

राज्यों के पास 78 लाख से अधिक कोविड-19 टीके उपलब्ध हैं : केंद्र

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के पास 78 लाख से अधिक कोविड-19 रोधी टीके है तथा अगले तीन दिनों में 56 लाख से अधिक और टीके मिलेंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। भारत सरकार ने अभी तक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को करीब 16.54 करोड़ टीके निशुल्क उपलब्ध कराए हैं। इनमें से खराब हो चुके टीके समेत 15,76,32,631 टीकों की खपत हो चुकी है। कोविड-19 रोधी टीकाकरण का तीसरा चरण शनिवार को शुरू हुआ था। मंत्रालय ने कहा, ‘राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास 78 लाख (78,60,779) से अधिक कोविड-19 रोधी टीके हैं। उन्हें अगले तीन दिनों में 56 लाख से अधिक और टीके मिलेंगे।’

MAY 02, 2021 12:30 IST

तेलंगाना में कोविड-19 के 7,430 नए मामले, 56 लोगों की मौत

तेलंगाना में कोविड-19 के 7430 नए मामले आने से संक्रमण के कुल मामले 4.50 लाख के पार चले गए जबकि 56 और लोगों के जान गंवाने के बाद, कुल 2,368 लोगों की मौत हो गई। एक सरकारी बुलेटिन में एक मई को रात आठ बजे तक के आंकड़े उपलब्ध कराते हुए बताया गया है कि वृहद हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) में सबसे अधिक 1,546 नए मामले आए। इसके बाद मेडचल मल्काजगिरी में 533 और रंगारेड्डी में 475 नए मामले आए। राज्य में संक्रमण के कुल 4,50,790 मामले आ चुके हैं जबकि 5,567 मरीज स्वस्थ हो गए हैं जिससे स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 3,67,727 हो गई है।
राज्य में 80,695 मरीज उपचाराधीन हैं और शनिवार को करीब 76 हजार नमूनों की जांच की गई।

MAY 02, 2021 11:40 IST

कोई भी देश मरीजों की इतनी संख्या नहीं संभाल सकता-डॉ. गुलेरिया

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने रविवार को कहा चेताते हुए कहा कि देश में कोरोना की स्थिति 'काफी गंभीर' है। उन्होंने कहा, 'कोई भी देश संक्रमण की इतनी बड़ी संख्या को संभाल नहीं सकता।' गुलेरिया ने आगे कहा कि कोरोना संक्रमण के केस अगर ऐसे ही बढ़ते रहे तो ये देश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर एक धब्बा लगाएंगे। इससे उबरना मुश्किल हो जाएगा। स्वास्थ्य विशेषज्ञ ने संक्रमण के हॉटस्पॉट वाली जगहों पर सख्ती से लॉकडाउन लगाने पर जोर दिया। 

MAY 02, 2021 10:59 IST

ओडिशा में बुधवार से दो सप्ताह का लॉकडाउन 

ओडिशा ने बुधवार सुबह से राज्य. में 14 दिनों का लॉकडाउन घोषित किया है। प्रदेश में यह लॉकडाउन 16 मई तक जारी रहेगा। लोग सब्जी खरीदने के लिए घर से 500 मीटर तक जा सकते हैं। राज्य में स्वास्थ्य एवं आपात कार्यों से जुड़ी सेवाएं जारी रहेंगी। 

MAY 02, 2021 10:12 IST

इजरायल ने भारत, छह अन्य देशों की यात्रा पर लगाया प्रतिबंध

इजरायल ने कोविड-19 के मामलों में बेतहाशा वृद्धि का हवाला देते हुए अपने नागरिकों के भारत और छह अन्य देशों की यात्रा करने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय और स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को जारी संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि इजरायली नागरिकों को यूक्रेन, ब्राजील, इथियोपिया, दक्षिण अफ्रीका, भारत, मैक्सिको और तुर्की की यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यह आदेश तीन मई से लागू होगा और 16 मई तक प्रभावी रहेगा। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि बहरहाल गैर इजरायली नागरिक इन देशों की यात्रा कर सकेंगे बशर्ते उनकी इन देशों में स्थायी रूप से रहने की योजना हो। यह आदेश उन लोगों पर लागू नहीं होगा जो विमान के इंतजार में इन देशों में से किसी में भी हवाईअड्डों पर 12 घंटे तक रुके हों।

MAY 02, 2021 09:33 IST

24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 3,92,488 नए केस, 3689 लोगों की मौत

देश में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 3,92,488 मामले सामने आए जबकि इस दौरान 3689 लोगों की मौत हुई। बीते 24 घंटे में उपचार के बाद 3,07,865 लोग ठीक हुए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक देश में संक्रमण की कुल संख्या बढ़कर 1,95,57,457 हो गई। अब तक इस महामारी से 1,59,92,271 लोग ठीक हुए हैं, वहीं 2,15,542 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में एक्टिव केस की संख्या 33,49,644 है। अब तक 15,68,16,031 लोगों का टीकाकरण हो चुका है। 

MAY 02, 2021 09:02 IST

पीएम मोदी की बैठक, मेडिकल ऑक्सीजन-दवाओं का लेंगे जायजा 

देश में कोरोना के हालात पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विशेषज्ञों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में वह मेडिकल ऑक्सीजन और दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा करेंगे। कोरोना संकट पर पीएम मोदी लगातार बैठकें कर हालात का जायजा ले रहे हैं। 

MAY 02, 2021 08:36 IST

 फ्रांस ने भेजा सबसे बड़ा राहत पैकेज 

फ्रांस के राजदूत ने कहा है कि हम भारत को मदद पहुंचाने के लिए मंत्रालय और कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। भारत मुश्किल वक्त से गुजर रहा है। इसे देखते हुए हमने एकजुटता दिखाई है। कोरोना संकट की शुरुआत के बाद फ्रांस ने किसी देश को सबसे बड़ा राहत पैकेज भेजा है। 

MAY 02, 2021 08:13 IST

असम में कोरोना वायरस संक्रमण के 3,453 नए मामले, 23 की मौत

असम में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 3,453 नए मामले सामने आने के साथ ही राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 2,56,576 तक पहुंच गई। एक बुलेटिन में इसकी जानकारी दी गयी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने एक बुलेटिन जारी कर कहा कि असम में शनिवार को कोविड-19 के 23 मरीजों की मौत के बाद महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,330 हो गयी। राज्य में इसी अवधि में 2,229 मरीजों के ठीक होने के बाद अब तक 2,28,872 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं जबकि 25,027 मरीज उपचाराधीन हैं। असम में पिछले 24 घंटे में 54,002 नमूनों की जांच की गई।
 

MAY 02, 2021 07:51 IST

अमेरिका से मेडिकल सामग्री लेकर आएंगे तीन विमान

अमेरिका से मेडिकल सामग्री लेकर दो विमान अब तक आ चुके हैं। एक विमान अभी दिल्ली के रास्ते में है। इस बीच यूएसएड ने कहा है कि जीवन रक्षक ऑक्सीजन और मेडिकल राहत सामग्री लेकर तीन अतिरिक्त विमान भारत के लिए रवाना होंगे। संकट की घड़ी में अमेरिका भारत की मदद करने के लिए आगे आया है। वह 10 करोड़ डॉलर की मेडिकल सामग्री भेज रहा है।
MAY 02, 2021 07:13 IST

फ्रांस से मेडिकल सामग्री पहुंची भारत

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने रविवार को कहा कि फ्रांस से मेडिकल राहत सामग्री पहुंची है। इस ऑक्सीजन जेनरेटर्स सहित 28 टन मेडिकल उपकरण शामिल है। भारत इस मदद की सराहना करता है। इससे हमारी मेडिकल ऑक्सीजन की क्षमता काफी बढ़ेगी।
MAY 02, 2021 07:12 IST

हुड्डा और उनकी पत्नी को अस्पताल से छुट्टी दी गई

कोविड-19 से उबरने के बाद शनिवार को हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनकी पत्नी आशा हुड्डा को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हुड्डा और उनकी पत्नी 18 अप्रैल को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे, जिसके बाद से गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में उपनका उपचार चल रहा था। 73 वर्षीय हुड्डा ने कहा, '' मेरी सेहत में सुधार है। डॉक्टरों ने सावधानी के तौर पर मुझे कुछ दिन तक घर में पृथक-वास में रहने की सलाह दी है।'' पूर्व मुख्यमंत्री ने लोगों से सावधानी बरतने के साथ ही बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की।

MAY 02, 2021 07:12 IST

झारखंड में कोरोना वायरस से 130 मौतें

झारखंड में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस से 130 और लोगों की मौत हो गयी जबकि 5961 नये मामले सामने आये। राज्य में अब मृतकों की संख्या 2670 तक पहुंच गयी जबकि राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 233411 हो गयी। स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को ने यह जानकारी दी। उसके अनुसार अबतक 173698 मरीज ठीक हो चुके हैं जबकि 57043 मरीजों का इलाज चल रहा है। पिछले 24 घंटों में राज्य में कुल 36836 नमूनों की जांच की गयी जिनमें से 5961 संक्रमित पाये गये। पिछले 24 घंटों में रांची में 1297 नये ,पूर्वी सिंहभूम में 1003, हजारीबाग में 629, पश्चिमी सिंहभूम में 264 एवं बोकारो में 261 लोग इस वायरस से संक्रमित पाये गये।

MAY 02, 2021 07:12 IST

उत्तराखंड में विवाह समारोह में अब केवल 25 लोग शामिल हो सकेंगे

उत्तराखंड में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में हो रही तेजी से बढोत्तरी के बीच मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने शनिवार को प्रदेश में होने वाले विवाह समारोहों में शामिल होने वाले लोगों की संख्या को 100 से घटा कर 25 कर दिया है। प्रदेश में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से कोविड स्थिति की समीक्षा करते हुये रावत ने सभी जिला मजिस्ट्रेटों को विवाह समारोहों में शामिल होने वाले लोगों की संख्या को सीमित कर 25 तक करने का निर्देश दिया। उन्होंने जिलाधिकारियों को जरूरत के हिसाब से बाजारों के खुलने के समय को घटाने के लिये अधिकृत किया।