LIVE

Corona Crisis: कोरोना मामलों पर रोक लगाने को तेलंगाना में 30 मई तक बढ़ा लॉकडाउन

Corona Crisis: कोरोना संकट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों एवं जिलों के स्वास्थ्यकर्मियों एवं अधिकारियों से बातचीत करेंगे। कोरोना संक्रमण के प्लाज्मा थेरेपी से इलाज को लेकर सरकार ने सोमवार को नई गाइडलाइन जारी की। आईसीएमआर का कहना है कि कोरोना की गंभीर बीमारी के इलाज में यह थेरेपी कारगर नहीं है।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated May 18, 2021, 21:03 IST
Follow on Google News
 Corona Crisis: कोरोना मामलों पर रोक लगाने को तेलंगाना में  30 मई तक बढ़ा लॉकडाउन
Photo Credit: PTI

देश में कोरोना संक्रमण के नए मामले रोजाना तीन लाख से कम आने लगे हैं। इसे राहत के के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, महामारी से हो रही मौतें सरकार के लिए चिंता का कारण हैं। महामारी से प्रतिदिन करीब 4 हजार लोगों की जान जा रही है। महाराष्ट्र, यूपी और दिल्ली में संक्रमण के नए मामलों में उल्लेखनीय कमी आई है। दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट गिरकर 10 के करीब आ गई है। राज्यों में कोरोना के टीकों की कमी बनी हुई है। वैक्सीन की कमी के चलते दिल्ली सहित कई राज्यों को अपने यहां टीकाकरण केंद्रों को बंद करना पड़ा है। 

MAY 18, 2021 21:03 IST

रोजाना सुबह 6 से 10 बजे के बीच सभी गतिविधियों की अनुमति

कोरोना मामलों पर नियंत्रण पाने के लिए तेलंगाना में लॉकडाउन 30 मई तक बढ़ा दिया गया है हर दिन सुबह 6 से 10 बजे के बीच सभी गतिविधियों की अनुमति है। गौर हो कि तेलंगाना सरकार ने कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए राज्य में 12 मई से लॉकडाउन लगाने का फैसला किया था। हालांकि, इस दौरान अनिवार्य सेवाओं को छूट मिल रही थी। तेलंगाना में लॉकडाउन के दौरान सुबह छह बजे से सुबह 10 बजे तक सभी दैनिक गतिविधियों में छूट थी। सरकार का मानना था कि इससे वित्तीय संकट पैदा होगा। मगर कोरोना के बढ़ते प्रसार को देखते हुए सरकार ने आखिरकार लॉकडाउन लगाने का फैसला ले ही लिया था। 
 

MAY 18, 2021 17:07 IST

पिछले 24 घंटों में 4,22,436 रिकवरी दर्ज की गई

लव अग्रवाल, संयुक्त सचिव, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में पिछले 24 घंटों में 2,63,000 से अधिक मामले दर्ज किए गए। भारत में 7 मई (4,14,000) को नोट किए गए एकल-दिवसीय मामलों (single-day cases) के उच्चतम शिखर (highest peak ) से 27% की कमी आई है। उन्होंने कहा कि 3 मई को रिकवरी रेट 81.7% थी, जो अब बढ़कर 85.6% हो गया है। पिछले 24 घंटों में 4,22,436 रिकवरी दर्ज की गई, जो देश के लिए सबसे अधिक है। #COVID19 की रिकवरी में एक स्पष्ट सकारात्मक रुझान देखा जा सकता है।
MAY 18, 2021 15:13 IST

ओडिशा में कोविड-19 के 10,321 नए मामले, 22 की मौत

ओडिशा में 10,321 और लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि होने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 6,33,302 हो गयी है जबकि संक्रमण से 22 और लोगों के दम तोड़ने से मृतक संख्या 2,357 हो गयी है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने इस बारे में बताया। उन्होंने बताया कि राज्य में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,04,539 हो गयी है। अधिकारी ने बताया कि 10,321 नए मामलों में से 5,779 संक्रमितों की पुष्टि विभिन्न पृथक-वास केंद्रों से हुई और शेष मरीजों की पुष्टि संक्रमित मरीज के संपर्क में आये लोगों की जांच के दौरान हुई।
 

MAY 18, 2021 13:50 IST

एमपी के जिलों में 1 मई तक जारी रहेगा कर्फ्यू 

मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में 20 से 31 मई तक कोरोना कर्फ्यू जारी रहेगा। मध्य प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि प्रदेश के 52 जिलों में जिला आपदा प्रबंधन समिति के निर्णय उपरांत जिलाधिकारियों द्वारा कोरोना कर्फ्यू के आदेश धारा 144 दण्ड प्रक्रिया संहिता के अंतर्गत जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा, ‘सोमवार से ही प्रदेश के 19 जिलों में 31 मई, 25 जिलों में 24 मई, पांच जिलों में 25 मई और 20 मई सुबह 6 बजे तक बुरहानपुर, 27 मई सुबह 7 बजे तक डिंडोरी एवं 29 मई की रात्रि तक इन्दौर में कोरोना कर्फ्यू रहेगा।’

MAY 18, 2021 12:44 IST

काला बाजारी करने वालों के खिलाफ हो कड़ी कार्रवाई -पीएम

कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित राज्यों एवं जिलों के फील्ड अधिकारियों से बातचीत में कहा कि गांव के लोग यह व्यवस्था करते हैं कि वे अपने यहां कोरोना को दाखिल होने नहीं देंगे। यह देखकर उन्हें हैरानी होती है। गांव की अपनी ताकत है। लोगों ने अपने आने-जाने को लेकर अच्छी व्यवस्था की है। इस ग्रामीण व्यवस्था में आपकी भूमिका काफी अहम है। आप स्थानीय स्तर के फील्ड कमांडर हैं। पीएम ने कहा कि फ्रंटलाइन वर्कर्स को आपसे प्रेरणा मिलती है और उन्हें भरोसा मिलता है। प्रधानमंत्री ने मेडिकल दवाओं एवं उपकरणों की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए कहा। पीएम ने कहा कि कई राज्यों में कोरोना के नए मामलों में कमी आई है लेकिन हमें पहले से ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।
MAY 18, 2021 11:00 IST

कोरोना के खिलाफ भारत की मदद जारी रखेगा अमेरिका

अमेरिका एक ‘अहम सहयोगी’के रूप में कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में भारत की हरसंभव मदद जारी रखेगा। व्हाइट हाउस ने सोमवार को इस बारे में बताया। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने अपने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडन ने भारत को 10 करोड़ डॉलर मूल्य की राहत एवं चिकित्सकीय सामग्री देने की घोषणा की है और वह सहायता कार्यक्रम से जुड़े हुए हैं। साकी ने कहा, ‘राष्ट्रपति जाहिर तौर पर कोविड-19 महामारी और कैसे यह हमारे महत्वपूर्ण सहयोगी भारत समेत दुनिया के अन्य देशों में प्रभाव डाल रही है, उसे लेकर सजग हैं। हमने राहत और सहायता सामग्री के स्वरूप को तय किया है और राष्ट्रपति इस कार्य से गहराई से जुड़े हैं।’

MAY 18, 2021 09:38 IST

24 घंटे में करीब ढाई लाख केस,  4,329 की मौत

देश में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 2,63,533 नए केस मिले हैं जबकि 4,329 लोगों की मौत हुई है। इस दौरान उपचार के बाद 4,22,436 लोग ठीक हुए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक इसके साथ ही देश में संक्रमण की कुल संख्या बढ़कर 2,52,28,996 हो गई है। अब तक इस महामारी से कुल 2,15,96,512 लोग ठीक हुए हैं और 2,78,719 लोगों की मौत हुई है। देश में एक्टिव केस की संख्या 33,53,765 है। अब तक कोरोना वैक्सीन की 18,44,53,149 खुराकें दी जा चुकी हैं। 

MAY 18, 2021 09:37 IST

दूसरे देशों को 8 करोड़ टीका देगा अमेरिका

कोरोना के खिलाफ लड़ाई में अमेरिका एक बार फिर आगे आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है कि उनका देश अगले छह सप्ताह में दुनिया भर में कोरोना वैक्सीन की 8 करोड़ खुराक भेजेगा। बाइडन ने कहा कि दुनिया में महामारी का प्रकोप यदि ऐसे ही बना रहा तो अमेरिका कभी पूरी तरह सुरक्षित नहीं रह पाएगा। इसे देखते हुए वह इसकी घोषणा कर रहे हैं। बाइडन ने कहा कि यह करना सही है। यह एक स्मार्ट एवं बड़ा कदम है।
MAY 18, 2021 09:36 IST

जम्मू-कश्मीर में रिहा होंगे कैदी 

जम्मू-कश्मीर उच्च न्यायालय ने उच्चतम न्यायालय के निर्देश की पृष्ठभूमि में सोमवार को केंद्र शासित प्रदेश के जेलों में बंद कैदियों को कोरोना वायरस की दूसरी लहर के मद्देनजर 90 दिनों की अंतरिम जमानत पर रिहा करने का फैसला किया। आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि उच्च न्यायालय के न्यायाधीश अली मोहम्मद मागरे की उच्च अधिकार प्राप्त समिति ने मार्च 2020 में उच्चतम न्यायालय के निर्देश के आलोक में सभी कैदियों को रिहा करने का फैसला किया।

MAY 18, 2021 09:36 IST

डब्ल्यूएचओ ने हरियाणा को दिए 100 ऑक्सीजन सांद्रक

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने सोमवार को हरियाणा को 100 ऑक्सीजन सांद्रक अनुदान के रूप में दिए। गुरुग्राम में आयोजित एक कार्यक्रम में डब्ल्यूएचओ के प्रतिनिधि एवं उत्तर भारत की क्षेत्रीय टीम के प्रमुख डॉ. विशेष ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को यह ऑक्सीजन सांद्रक सौंपे। मुख्यमंत्री ने इसके लिए डब्ल्यूएचओ का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कोविड-19 महामारी के प्रकोप को कम करने के लिए राज्य सरकार डब्ल्यूएचओ के दिशा-निर्देशों के तहत ही काम कर रही है।