देश

Ravindra Raina: जम्मू-कश्मीर विधानसभा में कौन बनेगा नेता प्रतिपक्ष? जानें क्या है भाजपा का प्लान

BJP Plan for Jammu-Kashmir: कौन बनेगा जम्मू-कश्मीर के विधानसभा में विपक्ष का नेता? रवींद्र रैना इसके बारे में जिक्र करते हुए बताया है कि जम्मू कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के चुनाव के लिए भाजपा जल्द बैठकें करेगी। विधानसभा में विपक्ष के नेता के चुनाव पर उन्होंने कहा कि जल्द यह प्रक्रिया शुरू होगी।

Image

जम्मू-कश्मीर विधानभा में किसे नेता प्रतिपक्ष बनाएगी भाजपा?

Jammu-Kashmir: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू कश्मीर इकाई के अध्यक्ष रवींद्र रैना ने सोमवार को यहां नवनिर्वाचित पार्टी विधायकों को सम्मानित किया और कहा कि केंद्रीय पर्यवेक्षकों के नेतृत्व में पार्टी नेताओं की बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष का चुनाव किया जाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और जम्मू कश्मीर के प्रभारी तरुण चुघ को पार्टी द्वारा केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर नवनिर्वाचित विधायकों और अन्य नेताओं के साथ बैठक के बाद आगे की कार्रवाई के लिए केंद्रीय नेताओं को एक रिपोर्ट सौंपी जाएगी।

नवनिर्वाचित विधायकों को चुनरी ओढ़ाकर किया सम्मानित

रैना के नेतृत्व में कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने नवनिर्वाचित विधायकों को चुनरी ओढ़ाकर और पुष्प भेंट कर सम्मानित किया। विधायकों को सम्मानित करने वाले नेताओं में पूर्व उप मुख्यमंत्री निर्मल सिंह, सांसद जुगल किशोर और पार्टी की जम्मू कश्मीर इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष सतपाल शर्मा शामिल रहे। रैना ने कहा, 'आने वाले दिनों में भाजपा केंद्रीय पर्यवेक्षकों प्रह्लाद जोशी और तरुण चुघ के नेतृत्व में नेताओं और निर्वाचित सदस्यों की बैठकें करेगी। जम्मू कश्मीर में पार्टी की भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा होगी।'

सूबे में विधानसभा चुनाव के बाद हट गया है राष्ट्रपति शासन

विधानसभा में विपक्ष के नेता के चुनाव पर उन्होंने कहा कि जल्द यह प्रक्रिया शुरू होगी। चुघ ने संवाददाताओं से कहा, 'संवैधानिक प्रक्रिया का पालन किया जाएगा।' रैना ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव हो गए हैं और राष्ट्रपति शासन हट गया है। उन्होंने कहा, 'भाजपा ने चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया। मैं सभी विधायकों को बधाई देता हूं।'

केंद्र शासित प्रदेश के लोगों, विशेष रूप से जम्मू क्षेत्र के लोगों को धन्यवाद देते हुए रैना ने कहा, 'लोगों ने इस चुनाव में भाजपा को उत्साहपूर्वक वोट दिया और समर्थन दिया तथा 29 विधायकों को चुना। हमें लगभग 26 प्रतिशत वोट मिले। मैं लोगों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं।' वोट प्रतिशत और सीटों की संख्या के मामले में जम्मू कश्मीर में इसे भाजपा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बताते हुए उन्होंने कहा, 'मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के अलावा अन्य लोगों का भी धन्यवाद करता हूं, जिनके आशीर्वाद और प्रचार अभियान की वजह से यह संभव हो पाया।'

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article