Nitin Nabin Meets PM Modi: भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान, पीएम मोदी ने नितिन नबीन को भाजपा में नई जिम्मेदारी मिलने की बधाई दी। इस मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई हैं।
नितिन नबीन ने पीएम मोदी को भेंट की शाल
नितिन नबीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पीएम मोदी संग मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने कहा, ''राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व संभालने के उपरांत आज विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से भेंट कर उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री जी को बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक स्वरूप सिक्की कला से निर्मित पेंटिंग तथा भागलपुरी सिल्क पर मधुबनी आर्ट से सुसज्जित शाल भेंट की।''
नितिन नबीन ने कहा कि पीएम मोदी द्वारा अपने अनुभवों को साझा किया जाना मेरे लिए अत्यंत सौभाग्य और सीखने का विषय रहा। उनसे मार्गदर्शन मेरे लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। इसके लिए मैं उनके प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट करता हूं।
इससे पहले, नितिन नबीन ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिवों के साथ अपनी पहली आधिकारिक बैठक की तथा पार्टी को और मजबूत करने की योजनाओं सहित कई विषयों पर चर्चा की। इस बैठक में बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी एल संतोष, संयुक्त महासचिव (संगठन) शिवप्रकाश और राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, सुनील बंसल, राधामोहन दास अग्रवाल, विनोद तावड़े, दुष्यंत गौतम और तरुण चुघ मौजूद रहे।
सनद रहे कि नितिन नबीन को 14 दिसंबर को भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था और संभावना है कि वह अंततः जेपी नड्डा के उत्तराधिकारी के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे, जो सत्तारूढ़ पार्टी में एक पीढ़ीगत बदलाव का संकेत है।
