देश

सिर्फ औपचारिकता बची है बिहार में! BJP नेता तावड़े बोले- नीतीश के इंडिया गठबंधन से अलग होने के लिए कांग्रेस जिम्मेदार, JDU भी इसी लाइन पर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 27, 2024, 05:00 PM IST

बिहार में राजनीतिक उथल-पुथल के संकेतों के बीच भारतीय जनता पार्टी की राज्य इकाई के प्रभारी विनोद तावड़े ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ से नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले जनता दल (यूनाइटेड) के अलग होने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है।

Image

बीजेपी की बिहार इकाई के प्रभारी विनोद तावड़े

Photo : Twitter

नीतीश के महागठबंधन से अलग होने की कहानी में अब बस औपचारिकता ही बची है। इसकी सिर्फ घोषणा होनी है। लगभग एक तरह से बीजेपी और जदयू दोनों ने साफ कर दिया है कि नीतीश कुमार, महागठबंधन से अलग हो चुके हैं। दोनों ही पार्टियों ने इसके लिए कांग्रेस को ही जिम्मेदार ठहराया है। वहीं कांग्रेस जिस तरह से आज एक्टिव हुई है और एनडीए को तोड़ने में जुटी है, उससे साफ है कि बिहार में नीतीश कुमार एक बार फिर से पलटी मार चुके हैं।

क्या बोले विनोद तावड़े

पीटीआई के अनुसार बिहार में राजनीतिक उथल-पुथल के संकेतों के बीच भारतीय जनता पार्टी की राज्य इकाई के प्रभारी विनोद तावड़े ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ से नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले जनता दल (यूनाइटेड) के अलग होने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। तावड़े से शनिवार को जब पूछा गया कि क्या उनकी पार्टी नीतीश कुमार को संभावित नयी सरकार बनाने में मदद करेगी, इस पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा- "हमें आश्चर्य है कि क्या कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ अब ‘भारत गठबंधन तोड़ो यात्रा’ बन गई है। इससे ममता बनर्जी टूट गईं। अब नीतीश के साथ भी ऐसा ही किया जा रहा है।"

जदयू भी मिला रही बीजेपी के सुर में सुर

बिहार में अब बीजेपी और जदयू दोनों के सुर एक दूसरे से मिलते दिख रहे हैं। बीजेपी के साथ-साथ जदयू भी कांग्रेस पर ठिकरा फोड़ रही है। जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता एवं प्रवक्ता के. सी. त्यागी ने शनिवार को स्पष्ट कर दिया किया कि बिहार में महागठबंधन की सरकार गिरने की कगार पर है और इसके लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व के एक धड़े पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बार-बार अपमान करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस हुई एक्टिव

कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इंडिया गठबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका और योगदान है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे उनसे बातचीत करने के लिए प्रयासरत हैं। रमेश ने संवाददाताओं से कहा-"बिहार में नये मंत्रिमंडल के गठन की बात हो रही है...भूपेश बघेल जी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। मेरी जानकारी के मुताबिक बघेल जी आज रात ही पटना पहुंच जाएंगे।"

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!