Bihar News in Hindi: इस बार पलटी मारने को बेताब बिहार के सीएम नीतीश कुमार के रास्ते पहले जितने आसान नहीं दिख रहे हैं। इस बार लालू यादव और कांग्रेस दोनों नीतीश को रास्ता रोकने के लिए खड़ी दिख रही है। कहा जा रहा है कि चिराग पासवान ने NDA के सामने कुछ शर्तें रखी हैं, वहीं एनडीए के एक और सहयोगी और हम पार्टी के मुखिया जीतन राम मांझी इंडिया गठबंधन के संपर्क में हैं।
राहुल गांधी ने की जीतन राम मांझी से बात
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार खुद राहुल गांधी ने जीतन राम मांझी से बात की है। राहुल गांधी ने मांझी को इंडिया ब्लॉक में आने का न्यौता दिया है। कहा जा रहा है कि राहुल गांधी से बात होने के बाद मांझी, भूपेश बघेल से मिलने वाले हैं। भूपेश बघेल को ही कांग्रेस ने बिहार के लिए वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
चिराग पासवान के तेवर सख्त
सूत्रों के मुताबिक नीतीश के रास्ते में एक और रोड़ा हैं चिराग पासवान, चिराग ने कहा है कि बीजेपी एक बड़ी पार्टी है, उसे न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर काम करना चाहिए। हमारे सीटें कम नहीं होनी चाहिए। सूत्रों की मानें तो अगर बात नहीं बनी तो चिराग की पार्टी बिहार में 23 लोकसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी।
जदयू ने फोड़ा कांग्रेस पर ठिकरा
जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता एवं प्रवक्ता के. सी. त्यागी ने शनिवार को स्पष्ट किया कि बिहार में महागठबंधन की सरकार गिरने की कगार पर है और उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व के एक धड़े पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बार-बार अपमान करने का आरोप लगाया। त्यागी ने पत्रकारों से कहा- "विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) भी टूटने की कगार है। पंजाब, पश्चिम बंगाल और बिहार में ‘इंडिया’ में शामिल दलों का गठबंधन लगभग खत्म हो चुका है।"
