Vehicle Purchase Muhurat December 2026: नई कार, बाइक, स्कूटर या अन्य कोई वाहन खरीदने की योजना बना रहे हैं तो दिसंबर 2026 में इसके लिए कई शुभ मुहूर्त मिल रहे हैं। हिंदू धर्म में नया या सेकेंड हैंड वाहन खरीदते समय शुभ तिथि, वार और नक्षत्र का विचार किया जाता है। मान्यता है कि शुभ मुहूर्त में वाहन खरीदने से यात्रा मंगलमय रहती है और वाहन का दुर्घटना आदि से भी बचाव होता हैं। दिसंबर में हस्त, चित्रा, स्वाति, श्रवण, धनिष्ठा और मृगशिरा जैसे नक्षत्रों में वाहन खरीदने के अवसर मिल रहे हैं।
हालांकि, दिसंबर में सूर्य का धनु राशि में गोचर भी होने वाला है। 16 दिसंबर 2026 को सूर्य के धनु राशि में प्रवेश करते ही खरमास शुरू हो जाएगा। खरमास में विवाह, गृह प्रवेश और दूसरे मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं। ऐसे में जिन लोगों की दिसंबर में नई गाड़ी खरीदने की योजना है, उनके लिए महीने का पहला पखवाड़ा खास रहेगा। वहीं, वाहन खरीदने के लिए खरमास के दौरान भी कुछ शुभ मुहूर्त हैं। आइए जानते हैं दिसंबर 2026 में कार, बाइक और स्कूटर खरीदने की शुभ तारीखें और उनका सही समय क्या है।
दिसंबर 2026 में वाहन खरीदने के हैं 8 शुभ मुहूर्त
दिसंबर 2026 में वाहन खरीदने के लिए कुल 8 शुभ दिन मिल रहे हैं। इनमें 3, 4, 6, 13, 14, 23, 30 और 31 दिसंबर शामिल हैं। इन तारीखों पर अलग-अलग तिथि और नक्षत्रों का संयोग बन रहा है।
3 दिसंबर 2026, गुरुवार
दिसंबर में वाहन खरीदने का पहला शुभ मुहूर्त 3 दिसंबर को है। इस दिन सुबह 9 बजकर 23 मिनट से वाहन खरीदने का मुहूर्त शुरू होगा, जो 4 दिसंबर की सुबह 6 बजकर 59 मिनट तक रहेगा। इस दौरान हस्त नक्षत्र और दशमी व एकादशी तिथि का संयोग रहेगा।
4 दिसंबर 2026, शुक्रवार
4 दिसंबर को सुबह 6 बजकर 59 मिनट से रात 11 बजकर 44 मिनट तक वाहन खरीदने का शुभ समय रहेगा। इस दिन हस्त और चित्रा नक्षत्र का संयोग बनेगा। तिथि एकादशी रहेगी। नई कार या बाइक की डिलीवरी लेने के लिए यह अच्छा अवसर है।
6 दिसंबर 2026, रविवार
6 दिसंबर को सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजकर 38 मिनट तक वाहन खरीदने का मुहूर्त रहेगा। इस दिन स्वाति नक्षत्र और त्रयोदशी तिथि का संयोग बन रहा है। रविवार को नई गाड़ी खरीदने की योजना बना रहे लोग इस समय का चुनाव कर सकते हैं।
13 दिसंबर 2026, रविवार
13 दिसंबर को शाम 4 बजकर 47 मिनट से वाहन खरीदने का शुभ समय शुरू होगा, जो 14 दिसंबर की सुबह 7 बजकर 6 मिनट तक रहेगा। इस दौरान श्रवण नक्षत्र और पंचमी तिथि का संयोग रहेगा।
14 दिसंबर 2026, सोमवार
14 दिसंबर को सुबह 7 बजकर 6 मिनट से 15 दिसंबर की सुबह 7 बजकर 6 मिनट तक वाहन खरीदने का शुभ मुहूर्त है। इस दौरान श्रवण और धनिष्ठा नक्षत्र रहेंगे। वहीं, पंचमी और षष्ठी तिथि का संयोग बनेगा। खरमास शुरू होने से पहले वाहन खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए यह महीने का आखिरी बड़ा अवसर है।
23 दिसंबर 2026, बुधवार
23 दिसंबर को सुबह 10 बजकर 47 मिनट से वाहन खरीदने का मुहूर्त शुरू होगा, जो 24 दिसंबर की सुबह 4 बजकर 53 मिनट तक रहेगा। इस दौरान मृगशिरा नक्षत्र और पूर्णिमा तिथि का संयोग बनेगा। यह मुहूर्त खरमास के दौरान पड़ रहा है।
30 दिसंबर 2026, बुधवार
30 दिसंबर को दोपहर 3 बजकर 36 मिनट से वाहन खरीदने का शुभ समय शुरू होगा, जो 31 दिसंबर की सुबह 7 बजकर 14 मिनट तक रहेगा। इस दौरान हस्त नक्षत्र और अष्टमी तिथि का संयोग रहेगा।
31 दिसंबर 2026, गुरुवार
साल के आखिरी दिन यानी 31 दिसंबर को भी वाहन खरीदने का मुहूर्त है। इस दिन सुबह 7 बजकर 14 मिनट से दोपहर 12 बजकर 32 मिनट तक नई गाड़ी खरीद सकते हैं। इस दौरान हस्त नक्षत्र और अष्टमी तिथि रहेगी।
16 दिसंबर से शुरू होगा खरमास
दिसंबर में वाहन खरीदने की योजना बनाते समय खरमास का ध्यान रखना भी जरूरी है। 16 दिसंबर 2026 को सूर्य वृश्चिक राशि से निकलकर धनु राशि में प्रवेश करेंगे। इसी के साथ खरमास शुरू हो जाएगा। सूर्य धनु राशि में करीब एक महीने तक रहेंगे और 14 जनवरी 2027 को मकर राशि में प्रवेश करेंगे। इसी के साथ खरमास समाप्त होगा।
हिंदू धर्म में खरमास के दौरान विवाह, सगाई, गृह प्रवेश, मुंडन और दूसरे मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं। इस दौरान भगवान विष्णु और सूर्य देव की पूजा, जप, तप, दान और धार्मिक कार्यों पर ध्यान दिया जाता है।
जिन परिवारों में खरमास के दौरान नया वाहन खरीदने से भी परहेज किया जाता है, वे 14 दिसंबर तक उपलब्ध मुहूर्त में गाड़ी खरीद सकते हैं। वहीं, ज्योतिष के जानकारों की मानें तो वाहन की खरीदारी में खरमास अड़चन नहीं बनते हैं। इस कारण दिसंबर के वाहन खरीद मुहूर्त में 23, 30 और 31 दिसंबर की तारीखें भी शामिल हैं। हालांकि, खरमास को लेकर अपने परिवार की मान्यता के अनुसार निर्णय लेना सही रहेगा।
वाहन खरीदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
नई कार, बाइक या स्कूटर खरीदने से पहले शुभ मुहूर्त के साथ तिथि, वार और नक्षत्र का विचार करें। गाड़ी की डिलीवरी और पहली यात्रा का समय भी मुहूर्त के अनुसार तय कर सकते हैं। वाहन घर लाने के बाद सबसे पहले भगवान गणेश का पूजन करें। इसके बाद वाहन पर रोली और चंदन से तिलक लगाएं, स्वस्तिक बनाएं और फूल चढ़ाएं। नारियल अर्पित करके भगवान से सुरक्षित यात्रा की प्रार्थना करें। वाहन में मौली बांधकर पूजा भी करें। वाहन खरीदने के लिए शुभ मुहूर्त निकालते समय राहुकाल और अशुभ समय का भी ध्यान रखा जाता है। जन्मकुंडली के अनुसार शुभ लग्न और चंद्रबल का विचार करना भी उपयोगी रहता है।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी पंचांग पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
