देश

निर्वाचन आयोग के नोटिस का दूंगा जवाब... 2 मतदाता पहचान पत्र रखने पर बोले बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा

Bihar Polls: बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि वह संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करते हैं और वह आयोग के प्रश्नों का जवाब देंगे। बता दें, निर्वाचन आयोग ने BJP के वरिष्ठ नेता सिन्हा को कथित तौर पर दो मतदाता पहचान पत्र रखने और दो स्थानों पर मतदाता के रूप में पंजीकृत होने के कारण रविवार को नोटिस जारी किया था।

Image

2 मतदाता पहचान पत्र रखने को लेकर बिहार के डिप्टी सीएम ने दी सफाई

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Bihar Polls: निर्वाचन आयोग से कथित तौर पर दो मतदाता पहचान पत्र रखने के मामले में नोटिस मिलने के बाद बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार को कहा कि वह संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करते हैं और वह आयोग के प्रश्नों का जवाब देंगे। निर्वाचन आयोग ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सिन्हा को कथित तौर पर दो मतदाता पहचान पत्र रखने और दो स्थानों पर मतदाता के रूप में पंजीकृत होने के कारण रविवार को नोटिस जारी किया था। आलोचनाओं के घेरे में आए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सिन्हा ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि मैं देश के संविधान और सभी संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करता हूं। मैं राहुल गांधी और तेजस्वी यादव जैसा नहीं हूं।

डिप्टी सीएम ने आरोपों पर दी सफाई

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता यादव और कांग्रेस ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत प्रकाशित मतदाता सूची के मसौदे में बिहार में कथित रूप से दो अलग-अलग स्थानों पर सिन्हा का नाम होने को लेकर भाजपा नेता पर निशाना साधा था। सिन्हा ने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि पहले मेरे और मेरे परिवार के सदस्यों के नाम बांकीपुर विधानसभा सीट पर सूचीबद्ध थे। अप्रैल 2024 में मैंने लखीसराय से अपना नाम जोड़ने के लिए आवेदन किया था। मैंने बांकीपुर से अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नाम हटाने के लिए भी एक प्रपत्र भरा था। मेरे पास सबूत हैं। उन्होंने कहा था कि किसी कारणवश मेरा नाम बांकीपुर से नहीं हटाया गया और यह मसौदा मतदाता सूची में दिखाई दिया। मैंने ‘बूथ स्तरीय’ अधिकारी को फोन करके एक लिखित आवेदन दिया। मेरे पास बांकीपुर से मेरा नाम हटाने का अनुरोध करने की रसीद है। हालांकि, निर्वाचन आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्हें नोटिस जारी कर 14 अगस्त तक जवाब देने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने बताया था कि आयोग ने दो मतदाता पहचान पत्र रखने को लेकर तेजस्वी यादव को भी नोटिस जारी किया था और इनमें से एक पहचान पत्र आधिकारिक तौर पर जारी नहीं किया गया है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article