देश

एयरपोर्ट टू गांधी मैदान... पटना में PM मोदी का कल मेगा रोड शो, बिहार मंत्रिमंडल विस्तार में शामिल होंगे ये सियासी दिग्गज

Bihar Cabinet Expension: पटना में 7 मई को बिहार मंत्रिमंडल विस्तार का भव्य शपथ ग्रहण समारोह Gandhi Maidan में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी, अमित शाह, नीतीश कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। पीएम मोदी के पटना दौरे के दौरान एक भव्य रोड शो भी होगा, जिसमें एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक विभिन्न प्रमुख मार्गों से उनका काफिला गुजरेगा। पूरे रूट पर स्वागत की व्यापक तैयारियां की गई हैं।

Image

पीएम मोदी का पटना में गुरुवार को रोड शो। PTI

Bihar Cabinet Expension: बिहार में 7 मई को मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है। पटना के गांधी मैदान में इस शपथ ग्रहण के लिए भव्य समारोह की तैयारियां तेज है। शपथ ग्रहण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई बड़े नेता शिरकत करेंगे।

पीएम मोदी गुरुवार को पटना के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे न केवल संगठनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेंगे, बल्कि पटना की सड़कों पर एक विशाल रोड शो के जरिए जनता से रूबरू भी होंगे।

बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने जानकारी दी है कि प्रधानमंत्री का काफिला हवाई अड्डे से निकलकर हज भवन और भाजपा कार्यालय होते हुए आयकर गोलंबर पहुंचेगा। वहां से डाकबंगला चौराहा होते हुए पीएम का काफिला सीधे गांधी मैदान पहुंचेगा। इस पूरे रूट पर बीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत की तैयारी की गई है, जहां प्रधानमंत्री पर फूलों की वर्षा की जाएगी।

पटना में सुरक्षा-व्यवस्था कर दी गई चाक चौबंद

पीएम मोदी के बिहार दौरे को लेकर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई है। सुरक्षा की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक दर्जन से ज्यादा आईपीएस अधिकारियों और दो दर्जन से ज्यादा डीएसपी की निगरानी में 3000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

हर चौक-चौराहों पर पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है और गांधी मैदान के भीतर व बाहर लगातार सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। समारोह की भव्यता और सुरक्षा को देखते हुए गांधी मैदान के आसपास 7 मई की सुबह 6:00 बजे से ही सामान्य यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और केवल पास धारक वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

गांधी मैदान में तैयारियां

पटना में हेलीपैड, 80 मजिस्ट्रेट और 3 हजार पुलिस फोर्स, गांधी मैदान में नए मंत्रियों के शपथ के लिए ग्रैंड तैयारी है। नई कैबिनेट के शपथ ग्रहण को लेकर इस बार गांधी मैदान में बड़ी तैयारी है। हालांकि जब बिहार में पहली बार बीजेपी की तरफ से सम्राट चौधरी सीएम बने थे तो इतना ताम-झाम नहीं रखा गया था। लेकिन नई कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह के लिअए इस बार ग्रैंड तैयारी है।

कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट से सीधे हेलीकॉप्टर से गांधी मैदान में उतरेंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत एनडीए के तमाम नेता इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी है। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए तीन बड़े-बड़े मंच बनाए जा रहे हैं।

मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के साथ-साथ मंत्रीमंडल में शामिल होने वाले वह सभी विधायक मौजूद होंगे। दूसरे मंच पर एनडीए के विधायक और एमएलसी के साथ अन्य बड़े-बड़े नेता रहेंगे, जबकि तीसरे मंच पर संगीत का आयोजन किया जाएगा।

किस पार्टी के कितने नेता ले सकते हैं शपथ?

बताते चलें कि बीजेपी से 12, जदयू से 11, एलजेपी(आर) से 2, हम और आरएलएम से एक-एक मंत्री शपथ ले सकते हैं। 6 सीटें मंत्रियों की अभी खाली रखी जाएगी। बिहार में विधायकों की संख्या के हिसाब से मुख्यमंत्री समेत कुल 36 मंत्री बन सकते हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article