देश

संसद में SIR पर बवाल जारी, एसआईआर वोटों की डकैती; चर्चा की मांग पर अड़ा विपक्ष

Bihar Assembly Elections: विपक्षी दलों ने बिहार में जारी मतदाता सूची के SIR को वोटों की डकैती करार दिया और कहा कि इस विषय पर संसद के दोनों सदनों में चर्चा कराना देशहित के लिए जरूरी है।

Image

एसआईआर वोटों की डकैती: विपक्ष

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Bihar Assembly Elections: विपक्षी दलों ने बिहार में जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को बुधवार को वोटों की ‘‘डकैती’’ करार दिया और कहा कि इस विषय पर संसद के दोनों सदनों में चर्चा कराना देशहित के लिए जरूरी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विपक्ष के कई नेताओं के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यदि सरकार एसआईआर पर चर्चा कराने के लिए तैयार नहीं होती तो समझा जाएगा कि वह लोकतंत्र और संविधान में विश्वास नहीं करती है। उनका कहना था कि एसआईआर पर चर्चा की मांग को लेकर समूचा विपक्ष एकजुट है।

खरगे ने कहा कि सभी विपक्षी पार्टियां एसआईआर पर चर्चा चाहती हैं। सभी पार्टियों ने लोकसभा अध्यक्ष, राज्यसभा के उप सभापति और सरकार से बार-बार कहा है कि ‘वोट चोरी’ पर चर्चा की जाए। मौजूदा सरकार को जहां समझ आता है, वहां वे वोट बढ़ा लेती है और अब वो बिहार में वोट काट रही है। उन्होंने कहा कि हमें एसआईआर पर चर्चा करने का मौका मिलना चाहिए, ताकि जहां गड़बड़ी हुई है, असंवैधानिक तरीके से काम किया जा रहा है, उस बारे में बात हो और लोगों के अधिकार सुरक्षित हो सकें। खरगे के मुताबिक, अगर लोगों का नाम मतदाता सूची में नहीं होगा तो उनकी नागरिकता पर भी खतरा होगा और संदेह की स्थिति बनेगी।

अदालत में विचाराधीन मामले पर नहीं हो सकती चर्चा: नेता प्रतिपक्ष

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अब यह कहा गया कि अदालत में विचाराधीन मामले पर चर्चा नहीं हो सकती। लेकिन 21 जुलाई, 2023 को तत्कालीन सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा था कि यह सदन हर विषय पर चर्चा कर सकता है। उन्होंने दावा किया कि अल्पसंख्यकों, दलितों, आदिवासियों, मनरेगा कामगारों के नाम मतदाता सूची से कट रहे हैं। जो गरीबों का हक छीनना चाहते हैं, वो चोर ही हो सकते हैं। खरगे ने कहा कि हमारी मांग है कि एसआईआर पर चर्चा होनी चाहिए। इस मुद्दे पर सभी विपक्षी दल एकजुट हैं और हम (सरकार को) मनवाएंगे। अगर वो (सरकार) नहीं मानेंगे तो हम समझेंगे कि वो संविधान और लोकतंत्र को नहीं मानते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल देशहित में यह विषय उठा रहे हैं।

संसद

संसद

तृणमूल कांग्रेस की सांसद सागरिका घोष ने कहा कि एसआईआर वोट चोरी करने का माध्यम है और हम इसके खिलाफ लगातार लड़ रहे हैं। एसआईआर हमारे संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में बांग्लाभाषी लोगों पर अत्याचार किया जा रहा है। सागरिका ने कहा कि बंगाल का घोर अपमान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के खिलाफ आगामी सोमवार को निर्वाचन आयोग तक मार्च किया जाएगा। द्रमुक नेता तिरुचि शिवा ने कहा, ‘‘हमें लोकतंत्र के इस मंदिर पर पूरा विश्वास है। इसमें एसआईआर पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के माध्यम से बहुत सारे नागरिकों को मताधिकार से वंचित करने का प्रयास किया जा रहा है।

द्रमुक सांसद ने कहा कि नागरिकता का प्रमाण मांगना निर्वाचन आयोग का काम नहीं है...हमें चिंता है कि विपक्ष के समर्थक मतदाताओं को मताधिकार से वंचित किया जा सकता है। उनका कहना था कि सरकार को सुनिश्चित करना चाहिए कि एसआईआर पर चर्चा के लिए समय आवंटित हो। राष्ट्रीय जनता दल के नेता मनोझ झा ने दावा किया कि मेरे साथी इसे वोट की चोरी बता रहे हैं। लेकिन चोरी नहीं, बल्कि डकैती है। दिन-दहाड़े डकैती की जा रही है। उनका कहना था कि अगर हम संसद को सुरक्षित नहीं रख पाए, तो यह लोकतंत्र भी सुरक्षित नहीं रहेगा।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article