देश

75 लाख महिलाओं के खाते में पहुंचेंगे 10-10 हजार रुपये...NDA बोला सशक्तिकरण तो विपक्ष ने कहा फ्रीबी पॉलिटिक्स

नरेंद्र मोदी 26 सितंबर को वर्चुअली 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' का शुभारंभ करेंगे। बीजेपी प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने इसे महिला सशक्तिकरण की ऐतिहासिक पहल बताया है।

Image

बिहार में 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' का शुभारंभ करेंगे पीएम मोदी। Photo-PTI

Bihar Assembly Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं को साधने की कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 सितंबर को वर्चुअली 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' का शुभारंभ करेंगे। योजना के तहत पहली किस्त में राज्य की 75 लाख महिलाओं के खाते में सीधे 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे।

सरकार का दावा है कि अब तक 1 करोड़ 11 लाख से अधिक महिलाओं ने आवेदन किया है, जिनमें सबसे बड़ी संख्या ग्रामीण इलाकों की है। इसे लेकर राज्य सरकार ने बड़े स्तर पर तैयारियां की हैं। सभी 38 जिलों, 534 प्रखंडों और 70 हजार से अधिक ग्राम संगठनों में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा। सरकार ने इसे गांव-गांव उत्सव की तरह मनाने का ऐलान किया है।

महिला सशक्तिकरण की ऐतिहासिक पहल

बीजेपी प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने इसे महिला सशक्तिकरण की ऐतिहासिक पहल बताया है।

नवरात्र और महिला वोट बैंक पर नजर

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि योजना का शुभारंभ नवरात्र के मौके पर करना, आस्था और सशक्तिकरण दोनों को जोड़ने की कोशिश है। एनडीए इसे महिला वोट बैंक को मज़बूत करने का साधन मान रहा है। वहीं, विपक्षी दल इसे चुनावी स्टंट और फ्रीबी पॉलिटिक्स बता रहे हैं। आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि यह केवल चुनाव से पहले महिलाओं को लुभाने की रणनीति है।

बड़ा सवाल – क्या मिलेगा निर्णायक समर्थन?

राजनीति के जानकारों का कहना है कि अब महिला मतदाता सिर्फ़ सहभागी नहीं, बल्कि बिहार की सत्ता की कुंजी बन चुके हैं। यही कारण है कि एनडीए की महिला टोली घर-घर जाकर इस योजना और अन्य उपलब्धियों का प्रचार कर रही है। बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल का दावा है कि यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ एनडीए की जीत में निर्णायक भूमिका निभाएगी।

शाह का दौरा भी चर्चा में

योजना की लॉन्चिंग के साथ ही बीजेपी के राष्ट्रीय स्तर पर भी हलचल तेज़ है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 26 और 27 सितंबर को एक बार फिर बिहार दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे अररिया, सारण और वैशाली में बैठकें करेंगे और आसपास के जिलों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। महज़ 10 दिनों में शाह का यह दूसरा दौरा होगा, जिससे साफ है कि पार्टी ने चुनावी अभियान को पूरी ताकत से धार देने की रणनीति बना ली है।

Himanshu Tiwari
हिमांशु तिवारीauthor

हिमांशु तिवारी एक पत्रकार हैं जिन्हें प्रिंट से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक का 16 साल का अनुभव है। मैंने अपना करियर क्राइम रिपोर्टर के रूप में शुरू किया था लेकिन बाद में पॉलिटिकल रिपोर्टिंग में शिफ्ट हो गया। पिछले 12 से अधिक वर्षों से बीजेपी, आरएसएस को कवर कर रहे हैं, कुछ आम चुनावों और कई विधानसभा चुनावों की सटीक रिपोर्टिंग भी की है। "सारी दुनिया एक मंच है" और इसलिए रंगमंच और नाटक लिखने में गहरी रुचि है।

और पढ़ें
End of Article