Bihar Elections: बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सीएम नीतीश कुमार ने बड़ा ऐलान किया है। जानकारी के अनुसार, बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना राशि में बढ़ोतरी की है। बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने X पर पोस्ट करते हुए बताया कि मुझे आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत सभी बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवा महिलाओं को अब हर महीने 400 रुपये की जगह 1100 रुपये पेंशन मिलेगी। सभी लाभार्थियों को जुलाई महीने से बढ़ी हुई दर से पेंशन मिलेगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि यह राशि महीने की 10 तारीख को सभी लाभार्थियों के खाते में भेज दी जाए। इससे 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लाभार्थियों को काफी मदद मिलेगी।
पिंक बसों को सीएम नीतीश ने दिखाई थी हरी झंडी
बता दें कि इससे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार की महिलाओं को सुरक्षित और आरामदायक सफर की सौगात भी दी थी। उन्होंने 20 पिंक बसों और राज्य के विभिन्न जिलों के लिए 166 डीलक्स बसों के परिचालन का लोकार्पण किया था। यह कार्यक्रम परिवहन विभाग द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें मुख्यमंत्री ने बसों का निरीक्षण किया और उनकी सुविधाओं की जानकारी भी ली थी। बता दें कि इस साल के अंत में बिहार में विधानसभा चुनाव हैं। चुनाव से पहले जहां विपक्षी दल आरजेडी जनता से बड़े-बड़े वादे कर रही है वहीं एनडीए भी सत्ता में बने रहने के लिए पूरी कोशिश कर रही है।
