Bihar Election 2025 Postal Ballot: बिहार विधानसभा चुनाव खत्म हो चुका है, नई सरकार शपथ ले चुकी है, मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा हो चुका है, लेकिन मतगणना को लेकर विवाद जारी है। विपक्षी पार्टियां चुनाव आयोग पर कई गंभीर आरोप लगा चुकी है। अब चुनाव आयोग की ओर से डाक मतपत्रों को लेकर एक आंकड़ा साझा किया गया है, जिसमें यह बताया गया है कि कितने पोस्टल बैलेट आए थे और उसमें से कितने रिजेक्ट हुए। एक दिन पहले ही राजद ने तीन सीटों पर हार के लिए अमान्य पोस्टल बैलेट को जिम्मेदार ठहराया था।
बिहार में कितने डाक मतपत्र खारिज हुए?
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना के दौरान बड़ी संख्या में डाक मतपत्र अमान्य पाए गए। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, कुल दो लाख से अधिक डाक मतों में से 23,918 मत अमान्य करार दिए गए। यह डाक मतों का करीब 11.87 प्रतिशत है, जो चुनावी प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण पहलू के रूप में सामने आया है।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में कितने वोट पड़े?
आयोग के मुताबिक, इस चुनाव में कुल 5.02 करोड़ मत डाले गए। इनमें से 4.93 करोड़ वोट वैध पाए गए, जबकि 9.34 लाख मत अमान्य घोषित किए गए। इन पांच करोड़ से अधिक मतों में 2.01 लाख वोट डाक मतपत्रों के माध्यम से डाले गए थे, जिनमें से लगभग 24 हजार को नियमों के मुताबिक अवैध माना गया।
बिहार विधानसभा चुनाव में कितने नोटा?
मतदाताओं ने इस चुनाव में ‘नोटा’ (ऊपर्युक्त में से कोई नहीं) विकल्प का भी इस्तेमाल किया। कुल 9.10 लाख मत नोटा के पक्ष में पड़े, जिनमें ईवीएम और डाक मतपत्र दोनों शामिल हैं। यह कुल मतों का 1.81 प्रतिशत है। दो चरणों में हुए विधानसभा चुनाव में कुल मतदान 67.25 प्रतिशत रहा, जो जनता की मजबूत भागीदारी को दर्शाता है।
राजद का दावा
एक दिन पहले की लालू यादव की पार्टी आरजेडी ने एक्स पर एक पोस्ट करके तीन सीटों पर हार के लिए इन्हीं अमान्य डाक मतपत्रों को जिम्मेदार ठहराया था। राजद ने लिखा- जबरन बेईमानी से हरायी गयी सीटों के झकझोरने वाले आंकडे! नबीनगर विधानसभा : 𝟏𝟏𝟐 वोटों से 𝐑𝐉𝐃 हारी, 𝟏𝟑𝟐 पोस्टल वोट रिजेक्ट हुए। अगिआंव विधानसभा: 𝟗𝟓 वोटों से 𝐂𝐌𝐏𝐈𝐋 हारी, 𝟏𝟕𝟓 पोस्टल वोट रिजेक्ट हुए। संदेश विधानसभा: 𝟐𝟕 वोटों से 𝐑𝐉𝐃 हारी, 𝟑𝟔𝟎 पोस्टल वोट रिजेक्ट हुए।
