देश

'कयामत तक नहीं बनेगी बाबरी मस्जिद, नहीं पूरा होने देंगे सपना', विरोधियों पर CM योगी का बड़ा हमला

बाराबंकी में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 'कयामत तक बाबरी मस्जिद दोबारा नहीं बन पाएगी और वह बाबरी का सपना कभी पूरा नहीं होने देंगे।' सीएम ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जो बोलती है उसे पूरा करके दिखाती है।

Image

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

Photo : PTI

Yogi Adityanath: अपने विरोधियों एवं अयोध्या में बाबरी मस्जिद दोबारा बनाने का सपना देखने वालों पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा हमला बोला है। बाराबंकी में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 'कयामत तक बाबरी मस्जिद दोबारा नहीं बन पाएगी और वह बाबरी का सपना कभी पूरा नहीं होने देंगे।' सीएम ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जो बोलती है उसे पूरा करके दिखाती है।

भाजपा सरकार जो बोलती है वह करके दिखाती है-CM योगी

सीएम योगी ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली यह डबल इंजन की सरकार जो बोलती है, वह करके दिखाती है। हमने कहा था कि 'राम लला हम आएंगे, मंदिर वही बनाएंगे। मंदिर बन गया। कयामत का दिन कभी आना ही नहीं है और इसलिए बाबरी का निर्माण कभी नहीं हो सकता। जो कयामत आने का सपना देख रहे हैं, उनकी इच्छा कभी पूरी नहीं होगी। बीते 25 नवंबर को पीएम मोदी ने जिस केसरिया ध्वज को मंदिर के शिखर पर प्रतिस्थापित किया। यह ध्वज भारत की सनातनी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएगा।'

'सनातन कमजोर होगा तो देश कमजोर होगा'

इससे पहले सोमवार को सीतापुर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि अगर सनातन धर्म कमजोर हुआ तो देश भी कमजोर होगा। उन्होंने कहा कि अगर देश कमजोर हुआ तो सनातन के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा हो जाएगा। मुख्यमंत्री सीतापुर में तपोधाम सतगुरु गिरधारी नाथ जी महाराज तपोधाम आश्रम में मूर्ति स्थापना दिवस व भंडारा में शामिल हुए। राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक आदित्यनाथ ने इस अवसर पर किसी का नाम लिये बगैर समाज को 'चेताया’ और कहा, 'सनातन कमजोर होगा तो देश कमजोर होगा। देश कमजोर होगा तो सनातन के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा होगा, इसलिए बांटने वालों से सावधान रहें।’

सीतापुर में बांग्लादेश के हालात का जिक्र किया

उन्होंने कहा कि 'बांग्लादेश में हिंदुओं के मरने और जलाए जाने पर सभी मौन हैं। मरने वाले दलित हिंदू हैं। धर्माचार्यों व कुछ हिंदू संगठनों को छोड़ दिया जाए तो कोई मानवाधिकार या दुनिया का संगठन उनकी वकालत करने वाला नहीं है।’ योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'दुनिया में तमाम सभ्यताएं और संस्कृतियां समय के साथ समाप्त हो गई, लेकिन सनातन संस्कृति तमाम तूफानों को झेलते हुए आज भी गरिमा-गौरव के साथ खड़ी है और दुनिया को मैत्री, करुणा के साथ वसुधैव कुटुम्बकम का संदेश दे रही है। इसे तोड़ने के लिए अनेक प्रयास हुए।’

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article