देश

Ayodhya: प्राण-प्रतिष्ठा से पहले रद्द हुआ रामलला का ये कार्यक्रम, जानें 17 जनवरी को अब क्या होगा

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 9, 2024, 07:34 AM IST

Ayodhya Ram Mandir: राम मंदिर में होने वाले प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम से जुड़ा बड़ा अपडेट सामने आया है। अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले 17 जनवरी को रामलला की प्रतिमा का नगर भ्रमण कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज (मंगलवार को) अयोध्या जा रहे हैं।

Image

रामलला की प्रतिमा का नगर भ्रमण कार्यक्रम रद्द।

Photo : Twitter

Ram Mandir News: आगामी 22 जनवरी की तारीख इतिहास के पन्नों पर दर्ज हो जाएगी। राम मंदिर के गर्भगृह में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। जिसे लेकर तैयारियां जोरों पर है। इसी बीच एक अहम जानकारी सामने आई है। दरअसल, अयोध्या के राम मंदिर में होने वाले प्राण-प्रतिष्ठा समारोह से पहले रामलला से जुड़ा 17 जनवरी का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।

प्रतिमा को पूरे अयोध्या नगर में घुमाने का कार्यक्रम रद्द

अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले 17 जनवरी को प्रस्तावित देव विग्रह के नगर भ्रमण कार्यक्रम को मंदिर ट्रस्ट ने रद्द कर दिया है। ट्रस्ट के एक पदाधिकारी ने सोमवार को बताया कि प्रतिमा को पूरे अयोध्या नगर में घुमाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। इसके बजाय, ट्रस्ट उसी दिन (17 जनवरी) राम जन्मभूमि मंदिर परिसर के अंदर प्रतिमा के भ्रमण की व्यवस्था करेगा।

सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर ट्रस्ट ने रद्द किया कार्यक्रम

उन्होंने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर ट्रस्ट ने सुरक्षा कारणों से इस प्रस्तावित कार्यक्रम को रद्द कर दिया है। कार्यक्रम रद्द करने का निर्णय श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने काशी के आचार्यों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक के बाद लिया। अयोध्या प्रशासन के मुताबिक, ट्रस्ट की बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि जब रामलला की नयी प्रतिमा को शहर में ले जाया जाएगा तो श्रद्धालु और तीर्थयात्री दर्शन के लिए उमड़ पड़ेंगे और प्रशासन के लिए भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अयोध्या दौरा आज

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अयोध्या आ रहे हैं और राम मंदिर ट्रस्ट के अधिकारियों तथा स्थानीय संतों के साथ प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियों पर चर्चा करेंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मुख्‍यमंत्री 11 बजे अयोध्या हवाईअड्डे पर उतरेंगे और सड़क मार्ग से हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचेंगे तथा राम जन्मभूमि में दर्शन भी करेंगे।

विकास कार्यों, कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे सीएम योगी

अयोध्या के जिलाधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि योगी अमानीगंज में वाटर वर्क्स, पुलिस नियंत्रण कक्ष और अयोध्या नगर निगम द्वारा बनाए जा रहे टेंट सिटी का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने बताया कि दोपहर में वह सर्किट हाउस में वन विभाग और शहरी विकास विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन करेंगे तथा विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। कुमार ने कहा कि वह शाम को राम मंदिर ट्रस्ट के अधिकारियों और अयोध्या के संतों के साथ बैठक कर प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियों पर चर्चा करेंगे। अयोध्या में राम मंदिर का अभिषेक समारोह 22 जनवरी को होना है,जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे।

(भाषा)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article