Miya Controversy: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर तंज कसते हुए कहा कि मैं उन्हें दो रूपये चंदा देना चाहता हूं।
मिया विवाद पर क्या बोले ओवैसी?
ओवैसी ने शुक्रवार को निजामाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ''वह (हिमंत बिस्वा सरमा) कहते हैं कि अगर कोई ऑटो ड्राइवर मिया मुस्लिम है तो उसे पूरा किराया मत दो। अगर किराया 5 रुपये है है तो 4 रुपये दो… हिमंता बिस्वा सरमा, मैं आपको ये दो रुपये दे रहा हूं, क्या आप लेंगे? मुझे पता है कि आप दो रुपये के लिए भीख मांगते हैं… क्या मैं इसे आपके खाते में ट्रांसफर कर दूं।”
ओवैसी ने हिमंत बिस्वा सरमा पर 'मिया मुस्लिमों' के खिलाफ भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि संविधान सभी को समान अधिकार देता है। उन्होंने कहा, ''हमारा संविधान कहता है कि सब बराबर हैं। चाहे आप प्रधानमंत्री हों या मुख्यमंत्री, कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए। लेकिन वह कहते हैं कि हम मिया के साथ ऐसा करेंगे और उन्हें वोट देने के लिए बांग्लादेश जाने के लिए कहते हैं। आखिर आप क्या करना चाहते हैं?"
हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने बयान का बचाव करते हुए कहा कि 'मिया मुस्लिम' शब्द उन्होंने नहीं गढ़ा, बल्कि यह समुदाय के भीतर ही चलन में था, जो बांग्लादेश से आकर खुद को संबोधित करने के लिए इसका इस्तेमाल करते थे।
BJP और RSS पर बरसे ओवैसी
इसके अलावा, ओवैसी ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की अप्रकाशित आत्मकथा को लेकर केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने भाजपा और आरएसएस को घेरा और चीनी सेना के खिलाफ 'जवाबी कार्रवाई' करने में उनकी हिम्मत की कमी पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, ''मैं कोविड के समय से चिल्ला रहा हूं कि चीन देश में घुसपैठ कर चुका है...।''
