Arvind Kejriwal Goa Rally: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आगामी 2027 गोवा विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में सियासी हलचल बढ़ा दी है। मडगांव में आयोजित आप कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने जनता से अपील की कि वे इस बार गोवा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से बाहर करें ताकि केंद्र सरकार की नीतियों पर अंकुश लगाया जा सके।
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसी की नहीं सुनते और उन्हें यह गलतफहमी हो गई है कि वे हर चुनाव जीत जाएंगे। उन्होंने कहा, "मोदी जी को लगता है कि वे कुछ भी करें, लोग उन्हें ही वोट देते रहेंगे। लेकिन वे केवल एक ही भाषा समझते हैं-वोट की भाषा।" आप संयोजक ने दावा किया कि जब तक चुनावों में हार का डर नहीं दिखता, तब तक केंद्र सरकार जनता की मांगों पर ध्यान नहीं देती।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: स्वतंत्रता दिवस से पहले इंडिया गेट पर गूंजेंगी देशभक्ति की धुन, वायुसेना का बैंड शो बढ़ाएगा शान, महिला अग्निवीर भी बांधेंगी समां!
15 मार्च 2027 तक केंद्र सरकार ई20 नीति लेगी वापस-केजरीवाल
अपने संबोधन में केजरीवाल ने हाल ही में लागू की गई ई20 (20% एथेनॉल मिश्रित) पेट्रोल नीति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने गोवा के मतदाताओं से वादा किया कि अगर राज्य के लोग एकजुट होकर भाजपा को हरा देते हैं, तो प्रधानमंत्री का अहंकार टूट जाएगा। उन्होंने एक निश्चित समय-सीमा तय करते हुए कहा कि 10 मार्च 2027 को गोवा चुनाव के नतीजे आएंगे और अगर भाजपा हारती है, तो 15 मार्च 2027 तक केंद्र सरकार को अपनी ई20 पेट्रोल नीति हर हाल में वापस लेनी पड़ेगी।
AAP के फिलहाल दो MLA
दिल्ली में छात्रों के विरोध प्रदर्शन का उदाहरण देते हुए केजरीवाल ने कहा कि जब सरकार को जनसमर्थन खोने का डर सताता है, तभी वह कार्रवाई करती है। गौरतलब है कि गोवा की 40 सदस्यीय विधानसभा में फिलहाल आप के दो विधायक हैं। पार्टी ने अभी से 2027 के चुनावों के लिए अपनी चुनावी तैयारियां और संगठन को मजबूत करने का काम तेज कर दिया है।
