देश

स्वतंत्रता दिवस से पहले इंडिया गेट पर गूंजेंगी देशभक्ति की धुन, वायुसेना का बैंड शो बढ़ाएगा शान, महिला अग्निवीर भी बांधेंगी समां!

IAF Band Performance: स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर और 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रविवार को इंडिया गेट परिसर स्थित परम योद्धा स्थल पर भारतीय वायुसेना (IAF) का बैंड एक भव्य संगीतमय प्रस्तुति देने जा रहा है।

Image

अग्निवीर महिला जवान भी होंगी शामिल (फाइल फोटो)

Photo : PTI

IAF Band Performance: देश इस समय 80वां स्वतंत्रता दिवस के जश्न की तैयारियों में जोर-शोर से लगा हुआ है। इसी कड़ी में दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक से सटे परम योद्धा स्थल (Param Yodha Sthal) पर रविवार की शाम भारतीय वायुसेना (IAF) का बैंड एक शानदार और भव्य संगीतमय प्रस्तुति देने जा रहा है। रक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम न केवल आम जनता में देशभक्ति की भावना और राष्ट्रीय गर्व का संचार करेगा, बल्कि इसके माध्यम से राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूरे होने का विशेष जश्न भी मनाया जाएगा।

अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह संगीतमय कार्यक्रम 9 अगस्त की शाम को इंडिया गेट परिसर के परम योद्धा स्थल स्थित पब्लिक प्लाजा में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान लगभग एक घंटे तक वायुसेना के संगीतकार अपनी धुनों से समां बांधेंगे। इस खास शो में देशभक्ति से ओत-प्रोत और मन मोह लेने वाले संगीतमय नगमें पेश किए जाएंगे, जो वहां मौजूद दर्शकों में एक नया उत्साह और देशभक्ति का जज्बा भर देंगे।

संगीत बैंड में कुल 40 जांबाज संगीतकार शामिल

इस प्रदर्शन की सबसे खास बात इसमें हिस्सा ले रहे कलाकारों की टीम है। वायुसेना के इस संगीत बैंड में कुल 40 जांबाज संगीतकार शामिल हैं। इनमें 32 वायुसैनिकों के साथ-साथ 8 अग्निवीरवायु भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विशेष रूप से, इस अग्निवीर टीम में तीन महिला संगीतकार भी शामिल हैं, जो इस आयोजन को और अधिक खास बनाती हैं।

मास्टर वारंट श्रीहरि करेंगे कार्यक्रम का मुख्य संचालन

इस भव्य संगीतमय कार्यक्रम का मुख्य संचालन (प्रिंसिपल कंडक्टर) मास्टर वारंट ऑफिसर ए. श्रीहरि करेंगे। उनका सहयोग जूनियर वारंट ऑफिसर मून डेका, वारंट ऑफिसर अभिषेक पॉल और सार्जेंट एन.टी. सिंह करेंगे। स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले इंडिया गेट पर वायुसेना का यह बैंड शो लोगों के लिए एक बेहद यादगार और प्रेरणादायक अनुभव बनने वाला है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article