देश

Delhi Maha Rally: 'चौथी पास राजा...इस कहानी का प्रसार करो, कृपा बरसेगी' केजरीवाल ने PM Modi पर बोला जोरदार हमला

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated Jun 11, 2023, 01:45 PM IST

Delhi Maha Rally: आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा, केंद्र ने अध्यादेश लाकर दिल्ली की जनता ओर जनादेश का अपमान किया है। मैं यह अपमान सहन कर सकता हूं, लेकिन दिल्ली की जनता का अपमान कभी सहन नहीं करूंगा।

Image

Arvind Kejriwal

Photo : ANI

Delhi Maha Rally: केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने आज रामलीला मैदान में हुंकार भरी। आप की ओर से यहां आयोजित महारैली में अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा, आज से 12 साल पहले भ्रष्टाचार के खिलाफ हम सभी इसी रामलीला मैदान में इकट्ठा हुए थे। आज इसी मंच से एक अहंकारी तानाशाह को हटाने के लिए इकट्ठा हुए हैं। आज इसी मंच से आंदोलन शुरू हो गया है।

केजरीवाल ने कहा, देश के 75 साल के इतिहास में पहली बार कोई प्रधानमंत्री आया है, जो कहता है कि मैं सुप्रीम कोर्ट को नहीं मानता, संविधान को नहीं मानता। देश के लोगों को यकीन नहीं हो रहा है कि यह इतना अहंकारी पीएम है। उन्होंने कहा, सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि दिल्ली की जनता सुप्रीम है, लेकिन पीएम ने एक अध्यादेश पारित किया और आदेश को रद्द कर दिया। यह अध्यादेश कहता है कि दिल्ली के अंदर जनतंत्र नहीं होगा।

यहां देखें लाइव रैली-

140 करोड़ लोग अध्यादेश का विरोध करेंगे

केजरीवाल ने कहा, केंद्र ने अध्यादेश लाकर दिल्ली की जनता ओर जनादेश का अपमान किया है। मैं यह अपमान सहन कर सकता हूं, लेकिन दिल्ली की जनता का अपमान कभी सहन नहीं करूंगा। मैं इस अध्यादेश के खिलाफ सभी पार्टियों के नेताओं से मिल रहा हूं। दिल्ली वालों के साथ पूरे देश के लोग हैं। 140 करोड़ लोग मिलकर इस अध्यादेश का विरोध करेंगे और जनतंत्र को बचाएंगे। उन्होंने कहा, मैं पूरे देश के लोगों को बोलना चाहता हूं ये मत सोचना ये केवल दिल्ली के लोगों के साथ हुआ है। मुझे अंदर से पता चला है ये मोदी जी का पहला वार है। ऐसा ही अध्यादेश और राज्यों के लिए लाया जाएगा। इसे अभी रोकना पड़ेगा।

मंच से सुनाई चौथी पास राजा की कहानी

अरविंद केजरीवाल ने मंच से एक बार फिर बिना नाम लिए पीएम मोदी की शिक्षा पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, चौथी पास राजा... इस कहानी का जितना प्रचार-प्रसार करोगे, उतनी भगवान की कृपा बरसेगी...उतना देश तरक्की करेगा। यह कहानी एक अहंकारी राजा की है। इस कहानी में राजा तो है , लेकिन रानी नहीं है। उन्होंने कहा, चौथी पास राजा को कुछ नहीं पता है, अफसर जहां उससे साइन करने को कहते हैं, वह कर देता है। पहले इसी तरह नोटबंदी हुई, फिर 2000 के नोट वापस लिए जा रहे हैं। किसी ने राजा से कहा, थाली बजाने से कोरोना महामारी दूर हो जाएगी, तो राजा ने थाली बजवा दी।

हमारे पास 100 मनीष सिसोदिया

केजरीवाल ने कहा, पीएम मोदी ने मनीष सिसोदिया को जेल में डाल दिया, सत्येंद्र जैन को जेल में डाल दिया। हमारे पास एक मनीष सिसोदिया नहीं है, हमारे पास 100 मनीष सिसोदिया हैं, हमारे पास एक सत्येंद्र जैन नहीं है, हमारे पास 100 सत्येंद्र जैन हैं। आप एक को जेल में डालोगे तो दूसरा काम करने आ जाएगा लेकिन दिल्ली में विकास के काम नहीं रुकेंगे।

प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article