West Bengal: चिटफंड घोटाले में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, टीएमसी नेता और हलीशहर के मेयर राजू साहनी को किया गिरफ्तार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 3, 2022, 07:53 AM IST

West Bengal: हलिसहर नगर पालिका अध्यक्ष की गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है, जब सत्तारूढ़ टीएमसी पहले से ही प्रवर्तन निदेशालय और सीबीआई की ओर से पार्थ चटर्जी और अनुब्रत मंडल की गिरफ्तारी के बाद भारी आलोचना का सामना कर रही है।

West Bengal: चिटफंड घोटाले में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, टीएमसी नेता और हलीशहर के मेयर राजू साहनी को किया गिरफ्तार
Photo Credit: ANI

West Bengal: सीबीआई ने शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के नेता और हलिसहर नगर पालिका के अध्यक्ष राजू साहनी को चिटफंड मामले में गिरफ्तार किया है। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय जांच एजेंसी ने साहनी के आवास पर छापेमारी के दौरान 80 लाख रुपए नकद बरामद किए। इसके अलावा कथित तौर पर विदेशी बैंकों में अकाउंट्स और 2.75 करोड़ रुपए की संपत्ति के दस्तावेज भी सीबीआई को मिले।

चिटफंड घोटाले में टीएमसी नेता और हलीशहर के मेयर राजू साहनी गिरफ्तार

हलिसहर नगर पालिका अध्यक्ष की गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है, जब सत्तारूढ़ टीएमसी पहले से ही प्रवर्तन निदेशालय और सीबीआई की ओर से पार्थ चटर्जी और अनुब्रत मंडल की गिरफ्तारी के बाद भारी आलोचना का सामना कर रही है। दिलचस्प बात ये है कि साहनी को उस दिन गिरफ्तार किया गया, जब तृणमूल सांसद और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे नेता अभिषेक बनर्जी से प्रवर्तन निदेशालय ने कथित कोयला चोरी घोटाले में सात घंटे तक पूछताछ की थी।

टीएमसी ने बीजेपी पर केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करने का लगाया आरोप

वहीं टीएमसी ने बीजेपी पर हमला कर उस पर केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी और उनकी करीबी अर्पिता मुखर्जी को ईडी द्वारा करोड़ों रुपए के पश्चिम बंगाल स्कूल सेवा आयोग (डब्ल्यूबीएसएससी) भर्ती में अनियमितता घोटाले में गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल दोनों न्यायिक हिरासत में हैं। ईडी के अधिकारियों ने अर्पिता मुखर्जी के दो आवासों से 50 करोड़ रुपए नकद जब्त किए थे। इसके अलावा सीबीआई ने पश्चिम बंगाल में करोड़ों रुपए की कथित पशु तस्करी मामले में टीएमसी के दिग्गज अनुब्रत मंडल को गिरफ्तार किया है।
 

End of Article