सीएम योगी ने राहुल गांधी को बताया फ्लाप नेता, बोले- जनता को है मोदी पर भरोसा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 12, 2020, 01:25 PM IST

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि विपक्ष किसान अंदोलन को भटकाव की ओर ले जा रहा है। देश का किसान जानता है कि उनका असली हितैषी कौन है। राहुल गांधी फ्लाप नेता हैं और जनता का भरोसा पीएम मोदी में हैं।

सीएम योगी ने राहुल गांधी को बताया फ्लाप नेता, बोले- जनता को है मोदी पर भरोसा

UP CM Yogi Adityanath comments on Rahul Gandhi: मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि विपक्ष किसान अंदोलन को भटकाव की ओर ले जा रहा है। देश का किसान जानता है कि उनका असली हितैषी कौन है। राहुल गांधी फ्लाप नेता हैं और जनता का भरोसा पीएम मोदी में हैं। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि जो लोग कश्‍मीर के खिलाफ आग उगलते है, देश के विखंडता की बात करते है, जिन्‍होंने देश की एकता पर प्रश्‍न खड़े किए है, वो कभी हिन्‍दुस्‍तान के हितैषी नहीं रहे। किसान मंच से शरजील इमाम, उमर खालिद जैसों के समर्थन में किसी भी प्रकार का वक्तव्य पूरी तरह से आंदोलन के भटकाव को प्रदर्शित करता है। किसान को आगे करके देश केअंदर अव्‍यवस्‍था फैलाने का जो कुत्सित प्रयास हो रहा है, उसे कतई बर्दाश्‍त नहीं किया जाएगा। इन चेहरों को किसान अंदोलन से क्‍या मतलब है, ये लोग कभी किसानों व हिन्‍दुस्‍तान के हितैषी नहीं रहे।

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि देश का किसान जानता है कि उनका असली हितैषी कौन है। किसानों की कर्ज माफी हो या फिर 1977 से लम्बित बाणसागर परियोजना उसे पूरा करके किसानों को जल पहुंचाने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने पूरा किया। केन्‍द्र सरकार किसानों से सुझाव मांग रही है, लेकिन कांग्रेस पार्टी किसानों का मुखौटा बनाकर पूरे अंदोलन को भटकाव की ओर ले जा रही है। यह वे लोग है जिन्‍होंने हमेशा किसानों को ठगा है।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में देश की केन्‍द्र सरकार कृषि क्षेत्र में  उन्‍नयन का काम रही है। केन्‍द्र सरकार ने जो 60 सालों में किसानों हित में नहीं हुआ, उसे 6 सालों में करके दिखाया है। 2004 से 2014 के बीच सबसे अधिक किसानों ने आत्‍महत्‍याएं की। 2014 में प्रधानमंत्री  ने किसानों के हित में चिंता व्‍यक्‍त करते हुए 2022 तक किसानों की आमदनी को दोगुना करने की बात कहीं थी।

किसानों के लिए फसल बीमा योजना, कृषि सिंचाई योजना और खेती को तकनीक से  जोड़ना जैसे कार्यक्रम चलाए गए। उससे किसानों की आय दोगुनी हुई। लेकिन कुछ लोगों को किसानों की आर्थिक उन्‍नति पसंद नहीं आ रही है। स्‍व. राजीव गांधी कहते थे कि किसानों तक 100 रुपए की जगह 10 रुपए पहुंचते है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने बिचौलियों को खत्‍म किया और किसानों को सीधे उनके खाते में पैसे भेजने का काम किया। किसानों को प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी पर पूरा भरोसा है। मैनपुरी के एक किसान ने अपनी 12 बीघा जमीन प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नाम लिख दी है। उसका कहना है कि उसे सिर्फ मोदी जी पर भरोसा है।

राहुल गांधी फ्लाप नेता

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि बिहार का चुनाव या फिर यूपी का उपचुनाव हो, उसमें देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी पर भरोसा दिखाया है। इसके लिए राहुल गांधी जैसे फ्लाप नेता के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। 2014 और 2019 के चुनाव परिणामों ने दिखा दिया कि देश का भविष्‍य कौन है।

End of Article