Dengue in Firozabad:फिरोजाबाद में बेकाबू हुआ डेंगू, अब तक 41 की मौत, मृतकों के परिजन से मिले मुख्यमंत्री योगी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 30, 2021, 05:13 PM IST

41 Death Due to Dengue in Firozabad: यूपी के फिरोजाबाद में डेंगू का कहर मौत बनकर टूट रहा है। एक दिन में 8 बच्चों की मौत के बाद जिले में बुखार से मरने वालों की संख्या 41 पहुंच गई है। 

 Dengue in Firozabad:फिरोजाबाद में बेकाबू हुआ डेंगू, अब तक 41 की मौत, मृतकों के परिजन से मिले मुख्यमंत्री योगी
Photo Credit: ANI

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद (Dengue in Firozabad) जिले में डेंगू और वायरल बुखार से हो रही मौतों में तेजी से इजाफा हो रहा है, बताया जा रहा है कि यहां पिछले चार दिन में 41 मरीजों की मौत डेंगू से हुई है वहीं पास ही के कासगंज जिले में दो लोगों की मौत और 50 से अधिक के बीमार होने की खबर सामने आ रही है जिससे स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

फिरोजाबाद में बताया जा रहा है कि एक दिन में 8 बच्चों की मौत इसके चलते हुई है जिसके बाद जिले में मरने वालों की संख्या 41 पहुंच गई है। बेकाबू डेंगू से बचाव को किए जा रहे इंतजामों की जानकारी लेने और मृतकों के परिवार से मिलने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज फिरोजाबाद पहुंचे।

हालात को देखते हुए फिरोजाबाद में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी प्रभावित इलाकों में डेरा डाल दिया है वहीं प्राइवेट और सरकारी अस्पताल में मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है, शहर विधायक मनीष असीजा ने लगातार बेकाबू हो रहे बुखार की जानकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दी थी। 

योगी आदित्यनाथ ने फिरोजाबाद में डेंगू प्रभावित बच्‍चों का हाल चाल जाना

उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने डेंगू बुखार के कहर से जूझ रहे फिरोजाबाद का सोमवार को दौरा किया और अधिकारियों को समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की हिदायत दी है।योगी आदित्यनाथ सोमवार को दोपहर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वहां पहुंचने के बाद स्वशासी राजकीय महाविद्यालय के सौ शैय्या स्थित वार्ड में डेंगू से प्रभावित बच्चों से मिलने गये।फिरोजाबाद जिले में डेंगू बुखार का कहर लगातार जारी है और पिछले करीब एक सप्ताह के दौरान रविवार तक इस बुखार से 41 लोगों की मौत की सूचना थी। सदर विधायक मनीष असीजा ने रविवार को बताया कि उनके पास अब तक 41 लोगों की डेंगू से मौत की सूचना आ चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर स्थिति में हैं। उनका कहना था कि मौत का आंकड़ा 50 तक भी पहुंच सकता है तथा मरने वालों में से ज्यादातर एक से लेकर 15 वर्ष तक के बच्चे हैं।

सोमवार को सौ शय्या अस्पताल में पहुंचने के बाद मुख्‍यमंत्री ने डेंगू से प्रभावित बच्चों का हाल जाना और चिकित्सकीय सुविधाओं के बारे में भी गहनता से जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने सभागार में जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं अपर निदेशक स्वास्थ्य व जनप्रतिनिधियों के साथ विचार विमर्श कर डेंगू से प्रभावित बच्चों की समुचित व्यवस्था एवं उसके बचाव के बारे में आवश्यक निर्देश दिए।

सीएम ने लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी 

मुख्यमंत्री ने किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। इससे पूर्व सौ शैय्या अस्पताल आते समय रास्ते में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने का प्रयास किया। काले झंडे दिखाने से पूर्व ही पुलिस अधिकारियों ने कांग्रेस से युवा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

End of Article