Tirath Singh Rawat: तीरथ सिंह रावत ने ली उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ, PM मोदी ने दी बधाई

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 10, 2021, 04:41 PM IST

Uttarakhand: तीरथ सिंह रावत ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। उन्हें बुधवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में पार्टी का नेता चुना गया।

Tirath Singh Rawat: तीरथ सिंह रावत ने ली उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ, PM मोदी ने दी बधाई
Photo Credit: ANI

नई दिल्ली: तीरथ सिंह रावत ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण कर ली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर तीरथ सिंह रावत को बधाई दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'उनके पास विशाल प्रशासनिक और संगठनात्मक अनुभव है। मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में राज्य प्रगति की नई ऊंचाइयों को छूता रहेगा।' 

प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भी रहे तीरथ सिंह

तीरथ सिंह गढ़वाल से सांसद हैं। उन्हें बुधवार को हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में पार्टी का नेता चुना गया। त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। गढ़वाल के कलगीखल विकासखंड के सीरों में नौ अप्रैल 1964 को जन्मे तीरथ सिंह रावत छात्र जीवन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ गए थे। वह हेमवती नंदन बहुगुना गढ़वाल विश्वविद्यालय के छात्र संघ के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। रावत वर्ष 2012 से 2017 के बीच उत्तराखंड विधानसभा के सदस्य भी रहे हैं। उन्होंने विधानसभा में चौबट्टाखाल क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वह प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भी रहे हैं। 

विनम्रता के लिए जाने जाते हैं रावत

उन्होंने उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई थी। राज्य के गठन के बाद वह यहां की पहली सरकार में शिक्षा मंत्री भी रहे। तीरथ सिंह रावत अपनी साफ-सुथरी छवि, सहज व्यक्तित्व, विनम्रता के लिए जाने जाते हैं। तीरथ सिंह को उनके सादगी भरे व्यक्तित्व और भाजपा के जमीन से जुड़े ऐसे नेता के तौर पर जाना जाता है जिनके पास कोई भी अपनी बात लेकर सीधे पहुंच सकता है। फरवरी, 2013 से लेकर दिसंबर 2015 तक उनके प्रदेश अध्यक्ष के कार्यकाल के दौरान उनकी इसी खूबी ने उन्हें कार्यकर्ताओं के बीच काफी लोकप्रिय बनाया ।
 

End of Article