Smriti Irani News: केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने आज राष्ट्रपति भवन जाकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई जब एक दिन पहले ही ईरानी ने लोकसभा में कांग्रेस नेता अधीर चौधरी द्वारा द्रौपदी मुर्मू के अपमान का मुद्दा उठाया था जिन्होंने मुर्मू को 'राष्ट्रपति' कहा था। स्मृति ईरानी के साथ उनके दो विभागों के राज्य मंत्रियों - महेंद्र मुंजपारा, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री और अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री जॉन बारला ने भी द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। स्मृति ईरानी ने ट्वीट किया, "भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी से भेंट करने का सौभाग्य मिला..."
संसद में हुआ था हंगामा
दरअसल, गुरुवार को कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ‘राष्ट्रपत्नी’ कहने को लेकर भाजपा सांसदों ने लोकसभा और राज्यसभा में हंगामा किया और सोनिया गांधी से माफी की मांग की। चौधरी का कहना है कि एक चैनल से बातचीत में उनके मुंह से एक बार चूकवश यह शब्द निकल गया था, लेकिन भाजपा तिल का ताड़ बना रही है। कांग्रेस का कहना है कि लोकसभा के भीतर इसी विषय को लेकर भाजपा के सदस्यों और मंत्रियों ने सोनिया गांधी के साथ अपमानजनक व्यवहार किया। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने एक बयान में दावा किया, ‘संसद में आज मंत्री स्मृति ईरानी ने सांसद एवं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जी से अमर्यादित व्यवहार किया व उन्हें अपमानजनक शब्द कहे।’
कांग्रेस का आरोप
कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि लोकसभा में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी समेत भारतीय जनता पार्टी के कई सांसदों एवं मंत्रियों ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ अमर्यादित और अपमानजनक व्यवहार किया तथा ऐसी स्थिति पैदा कर दी गई थी कि उन्हें (सोनिया को) चोट भी लग सकती थी। पार्टी सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से आग्रह किया कि वह इस मामले में दखल दें और इसे संसद की विशेषाधिकार समिति के पास भेजा जाए।

