Republic Day: गणतंत्र दिवस फुल ड्रेस रिर्हसल आज, राजपथ पर दिखेगी भारत की सैन्‍य ताकत, बंद हैं कई मार्ग, जानें डिटेल्‍स

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 23, 2022, 09:19 AM IST

Republic Day full dress rehearsal 2022: गणतंत्र दिवस परेड के लिए फुल ड्रेस रिहर्सल आज आयोजित किया जाएगा, जिस दौरान राजपथ पर भारत की सैन्‍य ताकत के साथ-साथ सांस्‍कृतिक झलक भी देखने को मिलेगी। इस मौके पर ट्रैफिक को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।

Republic Day: गणतंत्र दिवस फुल ड्रेस रिर्हसल आज, राजपथ पर दिखेगी भारत की सैन्‍य ताकत, बंद हैं कई मार्ग, जानें डिटेल्‍स
Photo Credit: BCCL

नई दिल्ली : देश 26 जनवरी को 73वां गणतंत्र दिवस समारोह मनाएगा, जिस दौरान राजपथ पर शानदार परेड का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए पहले से ही तैयारियां जारी हैं। गणतंत्र दिवस समारोह के लिए आज (रविवार, 23 जनवरी) फुल ड्रेस रिहर्सल होगा, जिसमें राजपथ पर भारत की सैन्‍य ताकत की एक झलक नजर आएगी तो देश की सांस्कृतिक झलक भी देखने को मिलेगी। इस दौरान भारत के कई लड़ाकू विमानों का भी शौर्य देखने को मिलेगा।

राजपथ पर फुल ड्रेस रिहर्सल सुबह 10:20 बजे से शुरू होगा, जो विजय चौक से शुरू होकर नेशनल स्‍टेडियम तक जाएगी। इस दौरान कई जगह यातायात पाबंदियां भी होंगी, जिसके लिए दिल्‍ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से अलर्ट और एडवाइजरी जारी की गई है। इसके अनुसार, परेड रिहर्सल के दौरान विजय चौक से इंडिया गेट की तरफ जाने वाले रास्‍ते पर यातायात की अनुमति नहीं होगी। यह ट्रैफिक पाबंदी शनिवार शाम से ही लागू हो गई है, जो रविवार को परेड रिहर्सल खत्‍म होने के बाद समाप्‍त होगी।

Image

राजपथ पर फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान भारत की सैन्‍य व सांस्‍कृतिक झलक भी देखने को मिलेगी, जब कई विमानों का फ्लाईपास्‍ट भी दिखेगा। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस साल गणतंत्र दिवस परेड में 16 सैन्य दलों, 17 मिलिट्री बैंड तथा विभिन्न राज्यों, विभागों और सैन्य बलों की 25 झांकियां देखने को मिलेंगी। पहली बार वायुसेना के 75 लड़ाकू विमान भी राजपथ पर अपनी ताकत दिखाएंगे। इनमें फ्रांस से आया राफेल भी शामिल होगा।

इस संबंध में शनिवार को भारतीय सेना की ओर से भी एक बयान जारी किया गया, जिसमें कहा गया कि इस बार परेड में भारतीय सेना के छह मार्चिंग सैन्य दलों में राजपूत रेजिमेंट, असम रेजिमेंट, जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फैंट्री, सिख लाइट इन्फैंट्री, आर्मी ऑर्डनेंस कोर रेजिमेंट और पैराशूट रेजिमेंट शामिल होंगे। भारतीय वायुसेना और भारतीय नौसेना का एक-एक मार्चिंग दल भी परेड में हिस्‍सा लेगा। CRPF, CISF, SSB, BSF की पांच टुकड़ियां भी परेड में शामिल होंगी।

End of Article