Hyderabad Myanmarese Woman Rape Case: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से एक सनसनीखेज और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। म्यांमार की 18 वर्षीय एक युवती ने अपने पति पर आरोप लगाया है कि उसने उसे किराए के कमरे में बाहर से बंद कर दिया और अपने तीन दोस्तों को भेजकर उसके साथ बार बार दुष्कर्म करवाया।
यह भयावह मामला 23 अक्टूबर को तब सामने आया, जब लंबे समय से बकाया किराया लेने पहुंचे मकान मालिक ने घर पर बाहर से ताला लगा देखा और उसे तोड़कर महिला को बाहर निकाला।
बांग्लादेश से भारत लाकर शादी, फिर शुरू हुआ प्रताड़ना का सिलसिला
पीड़िता हुमैरा तमन्ना द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार:
शादी का झांसा और तस्करी: पीड़िता बांग्लादेश के कॉक्स बाजार (Cox's Bazar) में रह रही थी, जहां उसकी मुलाकात मोहम्मद फयाज से हुई। फयाज ने शादी का वादा किया और मई में परिजनों को बिना बताए उसे अवैध तरीके से भारत ले आया। हैदराबाद पहुंचने के 3-4 दिन बाद दोनों ने शादी कर ली।
दोस्तों को ठहराया: शादी के करीब एक महीने बाद फयाज ने अपने तीन दोस्तों- अहमद मुजीब, नूर कमाल और जिया-उर-रहमान को उसी किराए के मकान में रहने के लिए बुला लिया। ये तीनों भी म्यांमार के मूल निवासी थे और हैदराबाद में रह रहे थे।
कमरे में बंद कर कराया दुष्कर्म: पीड़िता का आरोप है कि फयाज घर को बाहर से लॉक करके चला जाता था और अपने दोस्तों को अंदर भेजता था, जो उसके साथ यौन उत्पीड़न करते थे। विरोध करने पर दो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। डर और अनजान शहर होने के कारण वह पुलिस के पास नहीं जा सकी।
मकान मालिक ने तोड़ा ताला, पुलिस ने दर्ज किया मामला
23 अक्टूबर को जब मकान मालिक बकाया किराया लेने आया और बाहर से ताला लगा देखा, तो उसने ताला तोड़ दिया। इसके बाद पीड़िता बाहर निकल सकी। उसने किसी अन्य व्यक्ति के फोन से अपने परिवार से संपर्क किया, जिसके बाद उसे एक रिश्तेदार के घर ले जाया गया।
26 अक्टूबर को रिश्तेदार मोहम्मद रशीद के साथ थाने पहुंचकर पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने फयाज और उसके तीनों दोस्तों के खिलाफ दुष्कर्म, अवैध निरोध और आपराधिक धमकी की धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
